15 अगस्त को जाखल बंद का ऐलान

15 अगस्त को जाखल बंद का ऐलान: आरओबी के नीचे फाटक खोलने की मांग को लेकर काले झंडे के साथ मचेगा विरोध, किसानों और व्यापारियों का बड़ा फैसला
एक तरफ देश मनाएगा आजादी का जश्न, दूसरी तरफ जाखल में काले झंडों के साथ होगा विरोध
आरओबी के नीचे फाटक खोलने की मांग को लेकर 15 अगस्त को जाखल बंद का ऐलान, 15 सदस्यीय कमेटी ने लिया फैसला
जाखल /9 अगस्त 2026/योगेश खनेजा
देशभर में जहां 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के मौके पर तिरंगे के साथ आजादी का उत्सव मनाया जाएगा, वहीं जाखल में इसी दिन काले झंडे लेकर रोष प्रदर्शन किया जाएगा। रेलवे ओवरब्रिज के नीचे बंद पड़े फाटक को खुलवाने की मांग को लेकर किसानों, व्यापारियों और विभिन्न संगठनों की ओर से 15 अगस्त को जाखल बंद रखने का ऐलान किया गया है। इस दौरान आंदोलनकारी काले झंडे लेकर काला दिवस मनाएंगे।
रविवार को जाखल अनाज मंडी के बड़े शेड में किसानों, व्यापारियों, आढ़तियों, मजदूरों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों की बैठक हुई। बैठक में आरओबी के नीचे बंद फाटक के कारण पैदा हुई आवागमन की समस्या पर मंथन किया गया।
बैठक के बाद गठित 15 सदस्यीय कमेटी ने आंदोलन को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया। किसानों का कहना है कि आरओबी निर्माण के चलते मंडी की ओर आने-जाने वाला रास्ता बंद होने से उन्हें अपनी फसल लेकर लंबा वैकल्पिक रास्ता तय करना पड़ रहा है। इससे किसानों को अतिरिक्त समय और डीजल खर्च करना पड़ रहा है। आगामी धान सीजन को देखते हुए किसानों ने चिंता जताई कि यदि समय रहते रास्ते की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो मंडी में फसल लेकर पहुंचने वाले किसानों की परेशानी कई गुना बढ़ जाएगी।
बैठक में मौजूद लोगों ने कहा कि इस समस्या को लेकर प्रशासन और संबंधित विभाग के अधिकारियों को कई बार अवगत करवाया जा चुका है, लेकिन अभी तक स्थायी समाधान नहीं हुआ। इसी के चलते 15 सदस्यीय कमेटी ने 15 अगस्त को जाखल बंद रखने और काले झंडे लेकर काला दिवस मनाने का फैसला लिया है।
कमेटी की ओर से जाखल के दुकानदारों, व्यापारियों, किसानों और सामाजिक संगठनों से बंद को सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की गई है। आंदोलन से जुड़े लोगों ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति या विभाग का विरोध करना नहीं, बल्कि जाखल की जनता और किसानों के आवागमन की समस्या का स्थायी समाधान करवाना है। एक तरफ जब देशभर में तिरंगा लहराकर आजादी का उत्सव मनाया जाएगा,
वहीं दूसरी तरफ जाखल में काले झंडे लेकर रोष जताया जाएगा। अब देखना होगा कि 15 अगस्त से पहले प्रशासन इस मुद्दे का समाधान करता है या जाखल में घोषित बंद और विरोध प्रदर्शन के बाद आंदोलन और तेज होता है।
शहर के अग्रसेन चोक पर एकत्रित होंगे लोग
कमेटी द्वारा लिए गए निर्णय को लेकर फैंसला लिया गया है की सभी किसान व् सन्गठन के साथ शहर वासी शहर के अग्रेसन चौक पर एकत्रित होंगे, जिसके बाद शहर की गलियों से होते हुए काले झंडे लेकर रोष जताया जाएगा, बता दे की इस दिन शहर वासी 15 अगस्त के दिन शहर को बंद भी करेंगे, किसानो का कहना है की आज के इस कार्यक्रम को लेकर प्रशासन को पहले ही चेताया गया था, परन्तु प्रशासन का कोई भी अधिकारी ने आकर उनकी कोई बात नही सुनी, जिससे उन्हें बड़ा फेंसला लेना पड़ा है