जाखल के चांदपुरा गांव में मुख्य मार्ग बदहाल, गंदे पानी से गुजरने को मजबूर ग्रामीण और स्कूली बच्चे

जाखल खंड के ऐतिहासिक शहीदों के गांव चांदपुरा में विकास कार्यों के बड़े-बड़े दावों के बावजूद जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। गांव के मुख्य प्रवेश मार्ग रतिया-चांदपुरा रोड पर लंबे समय से जोहड़ का गंदा और बदबूदार पानी जमा होने से ग्रामीणों, राहगीरों और स्कूली बच्चों का आवागमन प्रभावित हो रहा है। सड़क पर फैले गंदे पानी और बदबू के कारण लोगों को प्रतिदिन भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
टूटा नाला बना परेशानी की जड़
ग्रामीणों के अनुसार सड़क किनारे बना जल निकासी नाला कई स्थानों से पूरी तरह टूट चुका है। इसके चलते जोहड़ का पानी नाले में बहने के बजाय सीधे मुख्य सड़क पर फैल रहा है। सड़क पर बने गहरे गड्ढों और गंदे पानी के कारण दोपहिया वाहन चालकों के फिसलने की घटनाएं भी सामने आ रही हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
पेयजल पाइपलाइन के बाद उखड़ी सड़कें
ग्रामीणों ने बताया कि कुछ समय पहले स्कूल से कॉलोनी तक नई पेयजल पाइपलाइन बिछाई गई थी। इस दौरान सड़क पर लगी इंटरलॉकिंग टाइलें उखाड़ दी गईं, लेकिन कार्य पूरा होने के बाद उन्हें दोबारा सही तरीके से नहीं लगाया गया। उचित रोलिंग और लेवलिंग नहीं होने से सड़क पूरी तरह ऊबड़-खाबड़ हो गई है, जिससे पैदल चलने वाले लोगों और वाहन चालकों को अतिरिक्त परेशानी उठानी पड़ रही है।
प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग
इस समस्या को लेकर जाखल ब्लॉक समिति वार्ड-5 के सदस्य रामचंद्र इन्सां तथा ग्रामीण हरमेल सिंह, बहादुर सिंह, गुरतेज सिंह और लीला सिंह सहित अन्य लोगों ने जनस्वास्थ्य विभाग, लोक निर्माण विभाग एवं जिला प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते टूटे नाले की मरम्मत कर स्थायी जल निकासी की व्यवस्था नहीं की गई तो किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि समस्या का जल्द समाधान नहीं होने पर ग्रामीण आंदोलन करने को मजबूर होंगे।