जाखल अनाज मंडी के वैकल्पिक मार्ग को रेलवे की मंजूरी, सांसद सुभाष बराला ने केंद्रीय रेल मंत्री का जताया आभार

जाखल अनाज मंडी के वैकल्पिक मार्ग को रेलवे की मंजूरी, सांसद सुभाष बराला ने केंद्रीय रेल मंत्री का जताया आभार

सांसद सुभाष बराला ने केंद्रीय रेल मंत्री का जताया आभार

जाखल अनाज मंडी के लिए वैकल्पिक आवागमन मार्ग को रेलवे ने दी मंजूरी, किसानों व व्यापारियों को मिलेगी राहत

योगेश खनेजा /जाखल मंडी /27 अगस्त 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

जाखल रेलवे स्टेशन पर चल रहे ROB-167 और RUB-169 के निर्माण कार्य के चलते जाखल अनाज मंडी की ओर जाने वाला मुख्य मार्ग प्रभावित हो गया है। इस वजह से किसानों, आढ़तियों और राइस मिलर्स को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। उनकी इस समस्या को देखते हुए रेलवे विभाग ने तलवाड़ा फाटक के वैकल्पिक मार्ग के रूप में अस्थायी आवागमन व्यवस्था के प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान कर दी है। इस जनहितकारी पहल के लिए राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि रेलवे की इस सकारात्मक पहल से क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।

सांसद ने केंद्रीय मंत्री के समक्ष प्रमुखता से रखी थी समस्या

सांसद सुभाष बराला ने विगत दिनों क्षेत्र की इस महत्वपूर्ण समस्या को केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के समक्ष प्रमुखता से रखा था। उन्होंने निर्माण कार्य के दौरान किसानों, आढ़तियों, राइस मिलर्स और आमजन को होने वाली परेशानी से रेल मंत्री को अवगत करवाया था। सांसद ने तलवाड़ा फाटक की ओर से वैकल्पिक आवागमन की अस्थायी व्यवस्था करवाने का आग्रह किया था।

केंद्र सरकार आमजन की सुविधा के लिए कर रही है गंभीरता से कार्य

रेल मंत्रालय द्वारा प्रस्ताव को मंजूरी दिए जाने पर सांसद सुभाष बराला ने केंद्रीय रेल मंत्री एवं रेलवे विभाग का धन्यवाद किया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार क्षेत्र की समस्याओं के समाधान तथा आमजन की सुविधा के लिए गंभीरता से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों के कारण आवागमन प्रभावित होना स्वाभाविक है। लेकिन वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था होने से मंडी तक पहुंचने वाले किसानों और व्यापारियों को काफी सुविधा मिलेगी।

मंडी सीजन के दौरान किसानों और व्यापारियों को होगी सहूलियत

जाखल अनाज मंडी क्षेत्र के किसानों एवं व्यापारियों के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र है। मंडी सीजन के दौरान बड़ी संख्या में किसान अपनी फसल लेकर यहां पहुंचते हैं। ऐसे में सुगम एवं सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था अत्यंत आवश्यक है। रेलवे की यह मंजूरी जनहित की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। सांसद बराला ने अंत में कहा कि क्षेत्रवासियों की सुविधा से जुड़े अन्य मुद्दों को भी प्राथमिकता के आधार पर संबंधित मंत्रालयों एवं विभागों के समक्ष उठाया जाएगा। उनका समाधान करवाने के प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।

Share:

Comments

Leave a comment