जाखल अनाज मंडी में धान के सीजन से पहले व्यवस्थाओं पर उठे सवाल, गंदगी और बदबू से परेशान किसान और मजदूर

धान के सीजन से पहले जाखल अनाज मंडी में व्यवस्थाओं पर उठे सवाल
शौचालयों की निरंतर सफाई नहीं होने से गंदगी और बदबू से परेशान किसान-मजदूर
जाखल /योगेश खनेजा /14 सितंबर 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
धान के सीजन की शुरुआत से पहले प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन की ओर से संबंधित विभागों को अनाज मंडियों में किसानों, मजदूरों और आमजन के लिए पीने के पानी, सफाई व्यवस्था तथा सुलभ शौचालयों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए जाते हैं। इसके बावजूद जाखल अनाज मंडी में इन व्यवस्थाओं की स्थिति संतोषजनक नजर नहीं आ रही है।
अनाज मंडी में फैली गंदगी और गंदे पानी की समस्या
अनाज मंडी में जगह-जगह गंदगी और गंदा पानी जमा होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं मंडी में बने सुलभ शौचालयों की निरंतर सफाई नहीं होने के कारण वहां गंदगी और बदबू का आलम बना हुआ है। शौचालयों की स्थिति ऐसी है कि उनका उपयोग करने वाले किसानों, मजदूरों और अन्य लोगों को काफी परेशानी होती है.
धान के सीजन में बढ़ सकती हैं लोगों की परेशानियां
धान का सीजन शुरू होने के साथ ही मंडी में किसानों, मजदूरों, आढ़तियों और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की आवाजाही बढ़ जाएगी। ऐसे में यदि समय रहते सफाई, पेयजल और शौचालयों की व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो लोगों की परेशानियां और बढ़ सकती हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि धान की आवक शुरू होने से पहले जाखल अनाज मंडी में नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, शौचालयों की रोजाना सफाई हो तथा स्वच्छ पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था की जाए, ताकि किसानों और मजदूरों को मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान न होना पड़े.