जाखल में ओवरब्रिज और अंडरब्रिज निर्माण के रास्ते को लेकर किसान, व्यापारी और सेलर एसोसिएशन की संयुक्त बैठक आयोजित

जाखल क्षेत्र के लोगों को ओवरब्रिज और अंडरब्रिज का निर्माण कार्य चलने के कारण मुख्य रास्ता बाधित होने से भारी परेशानियां आ रही हैं। इन समस्याओं को लेकर वीरवार को किसान रेस्ट हाउस, जाखल में क्षेत्र के किसान संगठन, स्थानीय व्यापारियों एवं सेलर एसोसिएशन की एक महत्वपूर्ण संयुक्त बैठक संपन्न हुई। इस बैठक की अध्यक्षता ब्लाक प्रधान लाभ सिंह उदयपुर ने की। बैठक में उपस्थित सभी संगठनों ने इस विषय पर विस्तार से विचार विमर्श किया तथा सभी ने अपनी-अपनी बात रखी।
फतेहाबाद के उपायुक्त का आश्वासन और आगामी रणनीति
बता दें कि बुधवार को उपायुक्त फतेहाबाद स्वयं इसी मुद्दे को लेकर जाखल आए थे। उन्होंने मौके पर उपस्थित प्रतिनिधियों को स्पष्ट आश्वासन दिया है कि प्रशासन द्वारा कोई न कोई स्थाई रास्ता जरूर उपलब्ध करवाया जाएगा। बैठक उपरांत लाभ सिंह उदयपुर ने बताया कि उपायुक्त द्वारा दिए गए इस आश्वासन पर विचार-विमर्श करते हुए आयोजित बैठक में 15 मेंबर कमेटी ने सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया है कि अगली संयुक्त बैठक 1 सितंबर को आयोजित की जाएगी।
1 सितंबर को होगी अगली बैठक और होगी प्रशासनिक कार्रवाई की समीक्षा
1 सितंबर की बैठक में प्रशासनिक कार्रवाई की समीक्षा की जाएगी और आगे की रूपरेखा तैयार की जाएगी। अगर तब तक कोई रास्ता नहीं बना तो 10 दिन के बाद ठोस कदम उठाए जाएंगे और संघर्ष को और तेज किया जाएगा।