जाखल नई बस्ती के 672 मतदाताओं का हक अटका, किसान समिति ने दी आंदोलन की चेतावनी

पंचायत का प्रस्ताव फिर भी अटकी नई बस्ती, 672 मतदाताओं ने मांगा हक,
किसान संघर्ष समिति ने दी आंदोलन की चेतावनी
जाखल 8 सितंबर 2026/योगेश खनेजा
जाखल में नई बस्ती के करीब दो हजार लोगों और 672 मतदाताओं को स्थानीय निकाय की व्यवस्था में शामिल करने का मामला तूल पकड़ रहा है। पिछले करीब पांच वर्षों से ग्राम पंचायत और नगर पालिका से अलग चल रही बस्ती के लोगों ने अब किसान संघर्ष समिति से मदद की गुहार लगाई है। लोगों की मांग है कि उन्हें जाखल ग्राम पंचायत में शामिल किया जाए या अलग ग्राम पंचायत का गठन किया जाए, ताकि आगामी पंचायत चुनाव में वे अपने प्रतिनिधि का चुनाव कर सकें। बस्तीवासियों के अनुसार, उनकी समस्या को लेकर जाखल ग्राम पंचायत की बैठक में प्रस्ताव भी पारित किया जा चुका है।
उच्च अधिकारियों से मांग और बुनियादी सुविधाओं की कमी
ग्राम पंचायत द्वारा प्रस्ताव पारित किए जाने के बावजूद उच्च अधिकारियों की ओर से अभी तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। लोगों का कहना है कि वे बीडीपीओ से लेकर डीसी कार्यालय तक कई बार मांगपत्र दे चुके हैं, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ है। बस्ती के लोगों का कहना है कि पंचायत व्यवस्था से बाहर होने का असर सीधे सुविधाओं पर पड़ रहा है। गलियों की हालत खराब है और बरसात के दौरान जलभराव हो जाता है। कई स्थानों पर सफाई व्यवस्था चरमराई हुई है तथा गंदगी के ढेर लगे हैं। स्ट्रीट लाइट की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण रात के समय भी परेशानी रहती है। बच्चों के डोमिसाइल समेत अन्य जरूरी दस्तावेज बनवाने के लिए उन्हें सरकारी कार्यालयों के चक्कर काटने पड़ते हैं।
किसान संघर्ष समिति की आंदोलन की चेतावनी
पगड़ी संभाल जट्टा किसान संघ समिति हरियाणा ब्लॉक प्रधान लाभ सिंह, हरविंदर बेनीवाल, लखविंदर सदनवास, साधनवास, बनकर जाखल, नसीब जाखल सहित अन्य किसानों ने कहा कि नई बस्ती के लोगों को उनका अधिकार मिलना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पंचायत चुनाव से पहले बस्ती को ग्राम पंचायत में शामिल नहीं किया गया तो समिति बस्तीवासियों के साथ मिलकर आंदोलन करेगी। जरूरत पड़ी तो धरना-प्रदर्शन और सड़क जाम भी किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन और सरकार की होगी। इस मौके पर जगसीर सिंह, पिन्टू राम, वीरा राम, राम गोपाल, जन्टा सिंह, बिक्की सिंह, कोकी शर्मा, बिहारी सिंह व हरिचन्द सहित अन्य बस्ती वासी मौजूद रहे।