जाखल में ऑनलाइन गुरुकुल सत्संग को लेकर भारी उत्साह: सेवादारों ने घर-घर जाकर दिया आमंत्रण

जाखल में ऑनलाइन गुरुकुल सत्संग को लेकर भारी उत्साह: सेवादारों ने घर-घर जाकर दिया आमंत्रण
बुराइयों को त्याग कर राम-नाम से जुड़ने और नशा मुक्त समाज बनाने के लिए सेवादारों ने संभाली कमान
योगेश खनेजा/जाखल मंडी /12 सितंबर 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
जाखल में ऑनलाइन गुरुकुल सत्संग को लेकर भारी उत्साह देखा जा रहा है। डेरा सच्चा सौदा के तत्वावधान में रविवार को आयोजित होने वाले ऑनलाइन गुरुकुल सत्संग को लेकर जाखल ब्लॉक की साध-संगत और स्थानीय निवासियों में यह भारी उत्साह देखा जा रहा है। समाज में पनप रही नशा जैसी महाभयानक बीमारी और अन्य सामाजिक बुराइयों को जड़ से खत्म करने के उद्देश्य से सेवादारों ने एक विशेष आमंत्रण अभियान की शुरुआत की है। इस अभियान के तहत डेरा सच्चा सौदा के नम्र सेवादार राजीव मेहता के नेतृत्व में शाह सतनाम जी ग्रीन एस वेलफेयर फोर्स विंग के सदस्यों और अन्य सेवादारों ने जाखल मंडी व आस-पास के क्षेत्रों में घर-घर और दुकान-दुकान पर पहुंचकर लोगों को सपरिवार सत्संग में शामिल होने का सादर न्यौता दिया है।
सत्संग से मिल रही जीवन को नई दिशा
सेवादारों ने बताया कि संत डॉ. गुरमीत राम रहीम सिंह जी इन्सां के पावन वचनों और ऑनलाइन गुरुकुल के माध्यम से जाखल क्षेत्र के हजारों युवा पहले ही नशा, जुआ और अपराध जैसी घातक बुराइयों को हमेशा के लिए त्याग चुके हैं। सत्संग में मिलने वाली गुरुमंत्र की शक्ति से लोगों की इच्छाशक्ति मजबूत होती है, जिससे वे बिना किसी परेशानी के नशा छोड़ पा रहे हैं। नशा मुक्ति के इस अभियान के कारण आज जाखल के कई उजड़े हुए परिवार फिर से खुशहाल जीवन जी रहे हैं।
इंसानियत और करुणा की भावना का हो रहा संचार
दुकानदारों और आम जनता को निमंत्रण पत्र बांटते हुए सेवादार राजीव मेहता ने कहा कि सत्संग सुनने से इंसानी मन के भीतर दया, करुणा, विनम्रता और आपसी भाईचारे जैसी पवित्र भावनाएं पैदा होती हैं। जब व्यक्ति इंसानियत का सच्चा पाठ सीखता है, तो वह केवल बुराइयों से ही दूर नहीं होता, बल्कि समाज के भले के लिए भी आगे आता है। यही कारण है कि जाखल के सेवादार रक्तदान, बेजुबान पशु-पक्षियों की सेवा, पौधारोपण और गरीबों की मदद जैसे मानवता भलाई के कार्यों में दिन-रात जुटे रहते हैं।
रविवार को नामचर्चा घरों में होगा लाइव प्रसारण
इस रविवार को होने वाले रूहानी सत्संग का लाइव प्रसारण जाखल ब्लॉक के निर्धारित केंद्रों यानी नामचर्चा घरों में बड़ी स्क्रीन के माध्यम से किया जाएगा। सेवादारों ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे इस सत्संग का हिस्सा बनकर अपने बच्चों को अच्छे संस्कार दें और समाज को नशा व अपराध मुक्त बनाने में अपना बहुमूल्य योगदान दें। इस निमंत्रण अभियान के दौरान स्थानीय संगत और व्यापारियों ने भी सेवादारों के इस प्रयास की सराहना की और सत्संग में पहुंचने का आश्वासन दिया।