फतेहाबाद/जाखल पुलिस का नशा तस्करों पर ट्रिपल प्रहार, 60 लाख का मकान कुर्क

फतेहाबाद/जाखल पुलिस का नशा तस्करों पर ट्रिपल प्रहार, 60 लाख का मकान कुर्क

नशा तस्करों पर जाखल पुलिस का ट्रिपल प्रहार: गिरफ्तारी, सजा और अब अवैध कमाई से अर्जित संपत्ति भी कुर्क

नशा तस्कर जोगिन्द्र सिंह का करीब 60 लाख रुपये मूल्य का तीन मंजिला रिहायशी मकान करवाया कुर्क

 2000 किलोग्राम चूरापोस्त के मामले में हो चुकी है 10 वर्ष के कठोर कारावास की सजा

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

 ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में मकान खाली करवाकर प्रशासनिक कब्जे में लिया

 SAFEMA, नई दिल्ली की स्वीकृति के बाद जाखल पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई

 एसपी निकिता खट्टर की नशा तस्करों को दो टूक चेतावनी—नशे की कमाई से खड़ी की गई संपत्ति भी नहीं बचेगी

योगेश खनेजा /07 सितंबर  2026 /जाखल मंडी /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स

नशा तस्करों के खिलाफ फतेहाबाद पुलिस ने अब गिरफ्तारी के बाद सजा और सजा के बाद संपत्ति पर प्रहार  की नीति को और सख्ती से लागू करना शुरू कर दिया है। नशा तस्करी के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम करते हुए फतेहाबाद पुलिस न केवल नशा तस्करों को सलाखों के पीछे पहुंचा रही है, बल्कि नशे के अवैध कारोबार से अर्जित उनकी संपत्तियों और आर्थिक नेटवर्क को भी कानून के दायरे में ध्वस्त कर रही है।

इसी कड़ी में जाखल पुलिस ने नशा तस्कर जोगिन्द्र सिंह पुत्र मनसा राम निवासी चुहड़पुर, थाना जाखल के टोहाना स्थित करीब 60 लाख रुपये मूल्य के तीन मंजिला रिहायशी मकान को ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में खाली करवाकर नियमानुसार कुर्क करवा दिया। कार्रवाई के बाद उक्त संपत्ति को प्रशासनिक कब्जे में ले लिया गया है।

पुलिस अधीक्षक  निकिता खट्टर, आईपीएस के दिशा-निर्देशन में थाना जाखल प्रभारी निरीक्षक बलराज सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम तथा प्रॉपर्टी अटैचमेंट सेल, फतेहाबाद द्वारा आरोपी की आय, चल-अचल संपत्तियों तथा वित्तीय स्रोतों की गहन जांच की गई। जांच के दौरान टोहाना की कल्याण बस्ती, राजनगर में स्थित तीन मंजिला रिहायशी मकान की वित्तीय पड़ताल की गई। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर संपत्ति के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई करते हुए मामला सक्षम प्राधिकारी SAFEMA, नई दिल्ली के समक्ष भेजा गया। सक्षम प्राधिकारी की स्वीकृति एवं आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद जाखल पुलिस ने ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में मकान खाली करवाकर कुर्की की कार्रवाई पूरी की।

2000 किलोग्राम चूरापोस्त के साथ पकड़ा गया था आरोपी एसपी निकिता खट्टर ने बताया कि आरोपी जोगिन्द्र सिंह के खिलाफ थाना जाखल में वर्ष 2000 में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। उस समय पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान आरोपी के कब्जे से 50 कट्टों में कुल 2000 किलोग्राम चूरापोस्त बरामद किया था। प्रत्येक कट्टे में लगभग 40 किलोग्राम चूरापोस्त था। आरोपी को 01 जुलाई 2000 को गिरफ्तार किया गया था।मामले में माननीय अतिरिक्त सत्र न्यायालय, फतेहाबाद द्वारा 04 नवंबर 2003 को आरोपी को 10 वर्ष के कठोर कारावास एवं जुर्माने की सजा सुनाई गई थी इस प्रकार आरोपी के खिलाफ पहले गिरफ्तारी फिर न्यायालय से सजा और अब अवैध कमाई से अर्जित संपत्ति पर कानूनी प्रहार किया गया है।

नशा तस्करों के आर्थिक साम्राज्य को ध्वस्त करना भी पुलिस की प्राथमिकता

एसपी निकिता खट्टर ने कहा कि नशा तस्करी के विरुद्ध लड़ाई केवल नशीले पदार्थों की बरामदगी तक सीमित नहीं है। नशे का कारोबार कर अवैध धन और संपत्ति अर्जित करने वालों के आर्थिक नेटवर्क की पहचान कर उन पर भी कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जा रही है।उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 में 1 जनवरी से अब तक 483 नशा तस्करों को काबू किया जा चुका है। इसके साथ ही नशा तस्करों के आर्थिक नेटवर्क पर कार्रवाई करते हुए अब तक 32 नशा तस्करों की कुल 5 करोड़ 34 लाख 98 हजार 149 रुपये मूल्य की संपत्ति  फ्रीज करवाई जा चुकी है।एसपी ने कहा कि प्रत्येक बड़े नशा तस्कर की आय, बैंक खातों, संपत्तियों, वाहनों तथा अन्य वित्तीय स्रोतों की जांच की जा रही है। जहां भी नशे की अवैध कमाई से अर्जित संपत्ति सामने आएगी, उसके खिलाफ नियमानुसार फ्रीजिंग, अटैचमेंट और कुर्की की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

नशे से कमाई गई दौलत सुरक्षित नहीं रहेगी” — एसपी निकिता खट्टर

नशा तस्करों को कड़ा संदेश देते हुए एसपी निकिता खट्टर ने कहा कि नशा तस्कर यह भ्रम छोड़ दें कि गिरफ्तारी या सजा के बाद उनकी अवैध कमाई और संपत्ति सुरक्षित रहेगी। फतेहाबाद पुलिस उनकी नशे से अर्जित संपत्ति, वाहन, बैंक खाते और आर्थिक संसाधनों तक पहुंचेगी। नशे के कारोबार से कमाई गई एक-एक अवैध संपत्ति की जांच होगी और कानून के अनुसार उसे फ्रीज, अटैच अथवा कुर्क करवाया जाएगा।उन्होंने कहा कि नशा बेचकर संपत्ति खड़ी करने वालों के लिए साफ संदेश है—नशे का पैसा न सुरक्षित रहेगा, न उससे बनाई गई संपत्ति। कानून की पकड़ गिरफ्तारी से आगे उनकी अवैध कमाई तक पहुंचेगी।

                           फतेहाबाद पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि नशा बेचने, नशा तस्करी करने अथवा नशे की अवैध कमाई से संपत्ति अर्जित करने वाले व्यक्तियों के संबंध में किसी भी प्रकार की जानकारी पुलिस के साथ साझा करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्ण रूप से गोपनीय रखी जाएगी।

                          फतेहाबाद पुलिस का संकल्प स्पष्ट है—नशा तस्करों की गिरफ्तारी, उन्हें सजा दिलाना और नशे की कमाई से खड़े किए गए आर्थिक साम्राज्य को कानून के जरिए ध्वस्त करना।

फोटो कैप्शन फ्रीज की गई संपत्ति की फोटो

Share:

Comments

Leave a comment