जाखल के म्योंद कलां स्कूल में एसपी निकिता खट्टर बोलीं- विद्यार्थियों की प्रतिभा को सही दिशा मिले तो हर क्षेत्र में मिलती है सफलता

जाखल के म्योंद कलां स्कूल में एसपी निकिता खट्टर बोलीं- विद्यार्थियों की प्रतिभा को सही दिशा मिले तो हर क्षेत्र में मिलती है सफलता

विद्यार्थियों की प्रतिभा को सही दिशा और अवसर मिले तो वे हर क्षेत्र में सफलता हासिल कर सकते हैं : एसपी निकिता खट्टर

 म्योंद कलां स्कूल में नशे की रोकथाम को लेकर आयोजित जागरूकता एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक ने की शिरकत

योगेश खनेजा /जाखल मंडी /9 सितम्बर2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

जाखल के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, म्योंद कलां में नशे की रोकथाम एवं युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के जागरूक करने के लिए विशेष जागरूकता एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक निकिता खट्टर, आईपीएस ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। विद्यालय पहुंचने पर विद्यालय प्रबंधन एवं विद्यार्थियों द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर पुलिस अधीक्षक का स्वागत किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने देशभक्ति, हरियाणवी संस्कृति तथा सामाजिक सरोकारों से जुड़ी विभिन्न गीत, नृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और समाज के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश भी दिया।

नशे से दूर रहकर अपने भविष्य को सुरक्षित बनाएं

विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक निकिता खट्टर ने कहा कि नशा व्यक्ति के वर्तमान के साथ-साथ उसके भविष्य को भी बर्बाद कर देता है। नशे की शुरुआत अक्सर गलत संगत और छोटी-छोटी गलत आदतों से होती है, इसलिए विद्यार्थियों को अपने मित्रों एवं संगत का चयन सोच-समझकर करना चाहिए। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा देश और समाज के निर्माण में लगनी चाहिए। खेल, शिक्षा, कला, संस्कृति एवं रचनात्मक गतिविधियां युवाओं को सकारात्मक दिशा प्रदान करती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे नशे से स्वयं भी दूर रहें और अपने आसपास किसी व्यक्ति को नशे की गिरफ्त में जाते देखें तो उसे जागरूक कर सही दिशा दिखाने का प्रयास करें। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। परिवार, शिक्षक, विद्यार्थी और समाज के प्रत्येक व्यक्ति के सहयोग से ही नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है।

प्रतिभा को सही दिशा देना जरूरी

एसपी निकिता खट्टर ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि प्रत्येक बच्चे में कोई न कोई विशेष प्रतिभा होती है। जरूरत केवल उसे पहचानने, निखारने और सही अवसर प्रदान करने की है। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। मेहनत, अनुशासन, सकारात्मक सोच और लक्ष्य के प्रति निरंतर प्रयास ही सफलता की वास्तविक कुंजी हैं।

साइबर अपराधों से भी रहें सतर्क

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि सोशल मीडिया और इंटरनेट का उपयोग सावधानीपूर्वक करें। ओटीपी, पासवर्ड, बैंक संबंधी जानकारी एवं निजी दस्तावेज किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। संदिग्ध लिंक, फर्जी ऑनलाइन ऑफर एवं अनजान सोशल मीडिया अकाउंट से आने वाले संदेशों से सावधान रहें। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी या संदिग्ध गतिविधि होने पर घबराने के बजाय तुरंत अपने अभिभावकों, शिक्षकों अथवा पुलिस को इसकी जानकारी दें। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने अपनी शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। पुलिस अधीक्षक ने प्रतिभागी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों द्वारा विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए उपलब्ध करवाए जा रहे मंच की सराहना की। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन की ओर से पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों का आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर डीएसपी नर सिंह, थाना जाखल प्रभारी निरीक्षक बलराज, विद्यालय प्राचार्य गुरलाल सिंह, सरपंच प्रतिनिधि गोविंद राम सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी, विद्यालय के शिक्षकगण, विद्यार्थी, अभिभावक तथा क्षेत्र के गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

Share:

Comments

Leave a comment