जाटोली एसटीपी के गंदे पानी से परेशान लोगों और भाजपा पार्षदों का अल्टीमेटम, अगले संडे को होगा महाजाम

जाटोली एसटीपी का मुद्दा
भाजपा पार्षदों सहित ग्रामीणों का अल्टीमेटम, अगले संडे को महाजाम
जाटोली एसटीपी परिसर में परेशान लोगों द्वारा दिया गया सांकेतिक धरना
गवर्नमेंट कॉलेज जटौली परिसर एसटीपी के गंदे पानी का बना तालाब
मुख्यमंत्री के सख्त आदेश के बावजूद अधिकारी अपनी ही मस्ती में मस्त
फतह सिंह उजाला/जाटोली/गुरुग्राम, /30 अगस्त 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
पटौदी जाटोली मंडी परिषद के गठन और इसके चुनाव के बाद समस्याएं पहले के मुकाबले और अधिक गंभीर तथा चुनौती पूर्ण बनती जा रही है । इसी कड़ी में जिला गुरुग्राम का को-एजुकेशन का सबसे पुराना गवर्नमेंट कॉलेज जटौली और यहां के छात्र तथा अभिभावक बीते कई वर्षों से कॉलेज की बदहाली को लेकर परेशान है । परेशानी अब इस हद तक बढ़ चुकी है कि गवर्नमेंट कॉलेज जटौली की छात्र संख्या सैकड़ो तक सिमट कर रह गई है। इसका सबसे मुख्य कारण है कॉलेज कैंपस में कॉलेज के बराबर में बने हुए ट्रीटमेंट प्लांट का मल मूत्र युक्त गंदा पानी का कॉलेज परिसर में बना हुआ तालाब। इस समस्या के समाधान के लिए मुख्यमंत्री तक शिकायत ग्रीवेंस कमेटी में पहुंच चुकी , मुख्यमंत्री के द्वारा दिए गए 10 दिन के समय सीमा के कई महीने बीतने के बाद भी हालात और अधिक गंभीर हो चुके हैं । सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट और यहां के गंदे पानी की निकासी की ठोस योजना और तकनीकी व्यवस्था के अभाव में गंभीर होती समस्या को लेकर संडे को एक बड़ा फैसला पंचायत में किया गया।
संडे को सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट परिसर में भाजपा पार्षदों सहित प्रबुद्ध ग्रामीणों की बैठक में साफ-साफ चेतावनी दी गई आगामी संडे तक समस्या का संतोषजनक सुधार नहीं हुआ तो पटौदी बिलासपुर सड़क मार्ग के खंडेवला मोड पर महाजाम लगाया जाएगा। इस महाजाम में हजारों की संख्या में परेशान लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी । सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट परिसर की बैठक में विशेष रूप से पटौदी जाटोली मंडी परिषद के ही भाजपा से चुने हुए पार्षद रवि चौहान , किशन कुमार, मनोज कुमारी, हेली मंडी पालिका के पूर्व अध्यक्ष जगदीश सिंह, कैप्टन जनक सिंह चौहान, पार्षद पति दयानंद नैनू शर्मा ,पूर्व पार्षद उदयवीर कुक्कू ,राकेश शर्मा टिल्ली, सुभाष चौहान, देवेश शर्मा, मंगल सिंह ,अनिल कुमार, नेपाल सिंह ,वीरेंद्र नंबरदार, जय सिंह सहित अन्य प्रबुद्ध व्यक्ति भी मौजूद रहे।

यहां इस पंचायत के दौरान ही विभाग के संबंधित अधिकारियों को भी पंचायत में लिए गए फैसले के विषय में अवगत करवा दिया गया। यह भी चेतावनी दी गई कि समय रहते गंभीर हो चुकी समस्या का समाधान किया जाए ,अन्यथा आगामी संडे को रोड जाम के लिए पूरी तरह से शासन प्रशासन और संबंधित विभाग भी जिम्मेदार रहेंगे। इसी बीच इस बात को लेकर भी हैरानी से अधिक नाराजगी जाहिर की गई थी बोहड़ाकला सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का गंदा पानी निकासी के लिए पाइपलाइन को जाटोली सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट तक लाया जा रहा है। इस ट्रीटमेंट प्लांट का मल मूत्र युक्त गंदा पानी पहले ही हजारों पेड़ों की बलि लेने के साथ अनगिनत छात्र वर्ग के लिए जी का जंजाल बना हुआ है। चर्चा के मुताबिक जाटोली सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का गंदा पानी ट्रीट/ फिल्टर ही नहीं हो रहा है । जिसके कारण किसान वर्ग कि इस प्रकार के पानी को लेने में कोई रुचि नहीं है। जाटोली सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट से गंदे पानी निकासी के लिए कुछ दूरी तक पाइप भी जमीन के नीचे दबाए गए। लेकिन यह योजना पूरी तरह से कामयाब नहीं होना बताया जा रहा है।