जींद में दर्दनाक हादसे: ट्रेन की चपेट में आने से महिला और नहर में डूबने से किशोर की मौत

जींद /31 अगस्त 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
जींद जिला में अलग-अलग स्थानों पर हुए हादसों में एक किशोर सहित दो लोगों की मौत हो गई है। पुलिस ने मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। इस मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है।
दिल्ली-बठिंडा रेलमार्ग पर हुआ हादसा
दिल्ली-बठिंडा रेलमार्ग पर बड़ौदा हाल्ट के पास सोमवार को हिसार-जींद पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। सूचना मिलने पर जीआरपी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल पहुंचाया। मृतका की पहचान 48 वर्षीय केलो देवी के रूप में हुई है। मृतका रेलवे लाइन पार कर रही थी। इसी दौरान नरवाना की तरफ से हिसार-जींद पैसेंजर ट्रेन आ गई और वह ट्रेन की चपेट में आ गई। ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही जीआरपी उचाना मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल नरवाना पहुंचाया। उचाना चौकी इंचार्ज एएसआई सीमा ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में इत्तफाकिया कार्रवाई की है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।
नहर में हवन सामग्री विसर्जन करने गया 15 वर्षीय किशोर डूबा
आत्मा नगर निवासी दक्ष रविवार को स्कूटी लेकर हांसी ब्रांच नहर में हवन सामग्री विसर्जित करने गया था। इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटा। दोपहर तक दक्ष के घर वापस नहीं आने पर परिजनों ने उसकी तलाश की। परिजनों को तलाश करने पर भी उसका कोई पता नहीं लगा। बाद में परिजन हांसी नहर पुल पर पहुंचे। पुल के पास दक्ष की स्कूटी खड़ी मिली। सूचना पाकर डायल 112 व टेंडरी मोड़ चौकी पुलिस भी मौके पर पहुंची। रोहतक रोड चौकी प्रभारी अमित कुमार ने कहा कि दक्ष का शव सोमवार को शाम चार बजे रामराय गांव के नहर पुल के पास मिला है। यहां किसी ने शव पानी में देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस रविवार से ही गोताखोरों की मदद से दक्ष की नहर में तलाश कर रही थी। नहर में दक्ष कैसे डूबा, इसका अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।