जींद में तीन हजार पेयजल कनेक्शन नियमित करने के लिए जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग का विशेष अभियान शुरू

जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग द्वारा शहर में तीन हजार पेयजल कनेक्शन नियमित करने के लक्ष्य को पूरा करने के लिए पूरा दम लगा दिया है। जींद शहर में पेयजल व सीवरेज के कनेक्शन काफी अवैध हैं। इन कनेक्शनों को वैध करवाने के लिए विभाग द्वारा अभियान शुरू किया गया है।
जींद में टीमों का गठन और घर-घर चेकिंग
इस अभियान के तहत जींद शहर में छह टीमों का गठन कनिष्ठ अभियंता व खंड समन्वयक के नेतृत्व में किया गया है। टीम द्वारा घर-घर जाकर पेयजल व सीवरेज के कनेक्शन चेक किए जा रहे हैं। जिन उपभोक्ताओं के कनेक्शन नियमित नहीं हैं, उन उपभोक्ताओं के कनेक्शन टीम द्वारा मौके पर ही ऑनलाइन नियमित किए जा रहे हैं।
पेजयल कनेक्शन और लक्ष्य की जानकारी
जींद शहर में करीब 39088 घर हैं। जबकि विश्वास की साइट पर केवल 18459 पेयजल कनेक्शन ही नियमित करके अपलोड किए गए हैं। मुख्य कार्यालय द्वारा जींद शहर में 31 मार्च 2027 तक 10500 पेयजल नियमित करने का लक्ष्य रखा गया है। यह लक्ष्य जुलाई से 30 सितंबर तक तीन हजार पेयजल कनेक्शन, अक्टूबर से दिसंबर 3500 व जनवरी से मार्च तक चार हजार पेयजल कनेक्शन नियमित करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके साथ ही सीवरेज कनेक्शन नियमित करने का भी लक्ष्य रखा गया है।
अधिकारियों के निर्देश और चेतावनी
जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के कार्यकारी अभियंता भानु प्रकाश शर्मा ने सोमवार को बताया कि शहर में हर घर का पेयजल व सीवरेज का हर कनेक्शन नियमित किया जाएगा। जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग व जल एवं स्वच्छता सहायक संगठन द्वारा जींद शहर में चलाए जा रहे अभियान का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। कार्यकारी अभियंता ने कहा कि विभाग द्वारा उपभोक्ताओं को जागरूक करने के लिए विभाग द्वारा लाउडस्पीकर लगा कर मुनादी करवाई जा रही है ताकि लोग जल्दी से जल्दी अपने पेयजल व सीवरेज के कनेक्शन नियमित करवा सकें। उन्होंने कहा कि जो उपभोक्ता तय समय सीमा में अपने पेयजल या सीवरेज के कनेक्शन नियमित नहीं करवाता है तो उसका कनेक्शन काट दिया जाएगा।
जल संरक्षण अभियान और अन्य शहरों में गतिविधियां
जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग व जल एवं स्वच्छता सहायक संगठन के जिला सलाहकार डा. रणधीर मताना ने बताया कि जींद जिला के सभी पांचों शहर जींद, जुलाना, सफीदों, उचाना व नरवाना में जल संरक्षण अभियान शुरू किया गया है। इस अभियान में पेयजल संरक्षण के साथ-साथ कनेक्शन नियमित व पेयजल और सीवरेज के बिल भरने के लिए उपभोक्ताओं को जागरूक किया जा रहा है।