जींद जिले में अलग-अलग दर्दनाक सड़क हादसों में छात्रा समेत तीन लोगों की हुई मौत और दो अन्य छात्राएं घायल

जींद जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए तीन दर्दनाक सड़क हादसों में एक छात्रा समेत तीन लोगों की मौत हो गई है। इस इन हादसों में दो अन्य छात्राएं गंभीर रूप से घायल हो गईं हैं। संबंधित थाना पुलिस ने सभी मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम करवाकर उनके परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने प्राप्त शिकायतों के आधार पर फरार वाहन चालकों के खिलाफ विभिन्न मामले दर्ज कर लिए हैं। पुलिस ने इस मामले में आगे की जांच भी शुरू कर दी है।
बड़ौद गांव के युवक की सड़क हादसे में मौत
गांव बड़ौद निवासी 20 वर्षीय शुभम सफीदों के जींद रोड पर स्थित एक पेट्रोल पंप पर सेल्समैन का काम करता था। सोमवार की रात को शुभम अपनी बुलेट बाइक पर सवार होकर अपने घर वापस लौट रहा था। जब वह गांव सरनाखेड़ी ड्रेन के निकट पहुंचा तो सामने से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। इस भीषण टक्कर में शुभम की मौके पर ही मौत हो गई।
स्कूटी सवार कॉलेज जा रही छात्राओं को वाहन ने मारी टक्कर
गांव लिजवाना कलां निवासी 21 वर्षीय स्वीटी अपनी हमउम्र सहेली मानसी और आंचल के साथ स्कूटी पर सवार होकर गांव लाखन माजरा कॉलेज में पढ़ने के लिए जा रही थी। जब वे गांव ब्राह्मणवास के निकट पहुंचीं तो रोहतक की तरफ से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। इस टक्कर में स्कूटी पर सवार तीनों छात्राएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। मौके पर मौजूद राहगीरों ने तुरंत तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र यानी सीएचसी जुलाना पहुंचाया। वहां के चिकित्सकों ने स्वीटी तथा मानसी की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। इलाज के दौरान अस्पताल में स्वीटी की मौत हो गई।
खेत से लौट रहे व्यक्ति की क्रेटा कार की टक्कर से मौत
गांव रामराये निवासी 40 वर्षीय सुरेश तथा उसका भतीजा संदीप सोमवार की रात को अपने खेत में गए हुए थे। जब वे दोनों खेत से वापस अपने घर की तरफ लौट रहे थे तो पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार क्रेटा कार ने सुरेश को टक्कर मार दी। इस हादसे में सुरेश गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों द्वारा घायल सुरेश को तुरंत नागरिक अस्पताल लाया गया। अस्पताल में इलाज के दौरान सुरेश की भी मौत हो गई। संबंधित थाना पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों का मंगलवार को पोस्टमार्टम करवाकर शव उनके परिजनों को सौंप दिए हैं।