जींद में स्कूल बसों पर परिवहन विभाग की सख्त कार्रवाई, खामियां मिलने पर तीन बसें इंपाउंड और दो लाख से ज्यादा का चालान

जिला परिवहन अधिकारी कार्यालय की टीम द्वारा वीरवार को सफीदों व पिल्लूखेड़ा क्षेत्र में स्कूली बसों की जांच का अभियान चलाया गया। इस दौरान पांच स्कूलों में 18 बसों की जांच की गई। जांच के दौरान फिटनेस सर्टिफिकेट, पाल्यूशन सर्टिफिकेट सहित अन्य खामियां पाई गईं। इन कमियों के आधार पर तीन बसों को इंपाउंड किया गया और कुल दो लाख 58 हजार रुपये का चालान किया गया।
पिछली कार्रवाई और जांच टीम का गठन
पिछले सप्ताह जुलाना क्षेत्र में स्कूली बसों की जांच का अभियान चलाया गया था। उस दौरान तीन स्कूलों में सात बसों की जांच की गई थी। सभी बसों में मानक पूरे मिलने पर कोई चालान नहीं हुआ था। गौरतलब है कि सप्ताह में हर वीरवार को जिला परिवहन अधिकारी कार्यालय टीम स्कूली बसों की जांच को लेकर अभियान चलाती है। जांच के लिए चार सदस्यीय टीम का गठन किया गया है। इस टीम में जिला परिवहन अधिकारी कार्यालय से इंस्पेक्टर, एमवीआई, ट्रैफिक पुलिस से सब इंस्पेक्टर व जिला शिक्षा अधिकारी से एक प्रतिनिधि को शामिल किया जाता है। जांच के दौरान बसों में सुरक्षा मानकों की जांच की जाती है। जिले में 350 से ज्यादा निजी स्कूल हैं। इसमें एक लाख से अधिक विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं।
अधिकारियों का बयान और अभियान का उद्देश्य
जिला परिवहन अधिकारी कार्यालय के निरीक्षक बलजीत सिंह ने बताया कि स्कूली बसों की जांच के लिए हर वीरवार को अभियान चलाया जाता है। जांच के दौरान जो-जो कमियां पाई जाती हैं, उस आधार पर बसों का चालान किया जाता है। इस सप्ताह पांच स्कूलों में 18 बसों की जांच की गई है। तीन बसों को इंपाउंड किया गया है। यह अभियान लगातार जारी रहेगा। इसका मुख्य उद्देश्य स्कूली बसों की जांच कर विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित परिवहन सुविधा मुहैया करवाना है।