जींद का दनौदा कलां गांव बना मॉडल सोलर गांव, पीएम सूर्य घर योजना के तहत लगे 101 सोलर कनेक्शन

जींद का दनौदा कलां गांव बना मॉडल सोलर गांव, पीएम सूर्य घर योजना के तहत लगे 101 सोलर कनेक्शन

जींद में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। जींद जिले के दनौदा कलां गांव को मॉडल सोलर गांव के रूप में विकसित किया गया है। इस गांव में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत अब तक 101 सोलर कनेक्शन स्थापित किए जा चुके हैं। दनौदा कलां में सौर ऊर्जा को अपनाने की दिशा में किया गया यह कार्य अन्य गांवों के लिए भी प्रेरणादायक है।

प्रशासन का उद्देश्य और जिले में सोलर कनेक्शन की स्थिति

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

प्रशासन का प्रयास है कि जिले के अधिक से अधिक गांवों को सौर ऊर्जा से जोड़ा जाए। इसके माध्यम से ग्रामीण व शहरी क्षेत्र के परिवारों को बिजली के खर्च से राहत दिलाई जाए। जिला में अब तक लगभग 3 हजार 500 सोलर कनेक्शन दिए जा चुके हैं।

ग्राम पंचायतों और निकायों के लिए प्रोत्साहन राशि

दनौदा कलां मॉडल सोलर गांव बनने पर सरकार द्वारा विकास कार्यों के लिए अलग से प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी। पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत घरों पर सोलर कनेक्शन स्थापित करवाने पर संबंधित ग्राम पंचायत अथवा नगर निकाय को प्रति कनेक्शन एक हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जा रही है। इस राशि से यह अपने क्षेत्र व ग्राम का विकास कार्य करवा सकेंगे। इस योजना का उद्देश्य स्थानीय स्तर पर जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय निकायों को योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रोत्साहित करना है।

केंद्र और राज्य सरकार की योजना का उद्देश्य

केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा सोलर ऊर्जा को बढ़ावा देने तथा आमजन को बिजली के बढ़ते खर्च से राहत देने के उद्देश्य से पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना संचालित की जा रही है। इस योजना के माध्यम से पात्र परिवार अपने घर की छत पर सोलर पैनल लगवा कर स्वच्छ ऊर्जा का उत्पादन कर सकते हैं। इसके अलावा परिवार बिजली के बिल में बड़ी बचत कर सकते हैं।

सब्सिडी की विस्तृत जानकारी

डीसी डा. वैशाली शर्मा ने बताया कि पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत बीपीएल के पात्र लाभार्थियों को केन्द्र एवं राज्य सरकार की ओर से निर्धारित नियमों के अनुसार एक लाख 10 हजार रुपये तक की सब्सिडी का लाभ दिया जा रहा है। इसी प्रकार आम उपभोक्ताओं को तीन किलोवाट तक 78 हजार रुपये का लाभ दिया जा रहा है।

Share:

Comments

Leave a comment