जींद में चिकित्सक के सहायक से एक करोड़ की चौथ मांगने के दो आरोपित गिरफ्तार

जींद में बाल धर्मार्थ अस्पताल के चिकित्सक के सहायक से एक करोड़ रुपये की चौथ मांगने के मामले में सीआईए स्टाफ ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मंगलवार को इस मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपितों में से एक पर पहले भी आपराधिक मामला दर्ज है। शहर थाना पुलिस अब दोनों आरोपितों से गहनता से पूछताछ कर रही है।
घटना के संबंध में जानकारी देते हुए बताया गया कि गत 21 अगस्त को बाल धर्मार्थ अस्पताल के चिकित्सक के सहायक सचिन के पास एक अज्ञात व्यक्ति का फोन कॉल और मैसेज आया था। इस कॉल और मैसेज के जरिए आरोपी ने धमकी दी और चिकित्सक से एक करोड़ रुपये की चौथ मांगी। इसके साथ ही यह भी धमकी दी गई कि यदि तय राशि नहीं दी गई तो इसका बुरा अंजाम भुगतना पड़ेगा।
पुलिस जांच में सामने आए आरोपितों के नाम
चिकित्सक के सहायक की शिकायत के आधार पर शहर थाना पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया था। इसके बाद सीआईए स्टाफ ने इस मामले में जांच को आगे बढ़ाया। जांच के दौरान गांव पिपरिया, जिला शाहजहांपुर (उत्तर प्रदेश) निवासी सचिन और गांव धर्मखेड़ी निवासी सौरभ का नाम सामने आया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को काबू कर लिया है।
इंस्टा पर हुई थी दोस्ती और बनाई थी योजना
पुलिस पूछताछ में यह बात सामने आई है कि उत्तर प्रदेश निवासी सचिन और सौरभ की इंस्टाग्राम पर दोस्ती हुई थी। इसी दोस्ती के चलते दोनों के बीच अक्सर बातचीत होती रहती थी। इन दोनों ने मिलकर चौथ मांगने की घटना से ठीक एक सप्ताह पहले पूरी योजना बनाई थी। इसके लिए मोबाइल नंबर सौरभ ने उपलब्ध करवाया था। इसके बाद सचिन ने उसी नंबर पर अपने नंबर से कॉल किया और धमकी देते हुए एक करोड़ रुपये की चौथ मांगी।
डीएसपी ने दी मामले की पूरी जानकारी
डीएसपी रिषभ सोढी ने मंगलवार को पत्रकारों के साथ बातचीत करते हुए इस मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश निवासी आरोपित सचिन के खिलाफ पहले से आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज है। वहीं, दूसरा आरोपित सौरभ बारहवीं कक्षा की पढ़ाई पूरी करने के बाद बीएससी नर्सिंग की तैयारी कर रहा था। ये दोनों आरोपी शॉर्टकट अपनाकर अपनी सभी जरूरतें पूरी करना चाहते थे। फिलहाल पुलिस द्वारा दोनों आरोपितों से पूछताछ की जा रही है।