जींद में ट्रक से 31 किलो 270 ग्राम डोडा पोस्त बरामद, चालक काबू

हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स टीम ने नरवाना निजी स्कूल के निकट सोमवार को एक ट्रक को काबू किया। उसमें से 31 किलो 270 ग्राम डोडा पोस्त बरामद किया है। शहर थाना नरवाना पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ नशीले पदार्थ निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। डोडा पोस्त को स्क्रैप की आड़ में तस्करी कर पंजाब ले जाया जा रहा था।
गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई
हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स टीम को सूचना मिली थी कि मध्य प्रदेश से ट्रक में नशीले पदार्थ तस्करी कर पंजाब ले जाया जाना है। सूचना के आधार पर टीम ने हिसार रोड पर निजी स्कूल के सामने नाकेबंदी कर दी। टीम ने आने वाले ट्रकों पर नजर रखनी शुरू कर दी। कुछ समय के बाद सफेद रंग का ट्रक आया। जिसे टीम ने रुकवा लिया। ट्रक में स्क्रैप भरी गई थी।
ट्रक कैबिन की तलाशी में मिला डोडा पोस्त
पुलिसकर्मियों ने जब संदेह के आधार पर ट्रक कैबिन के अंदर बनी सीट की तलाशी ली, तो उसमें मुंह बंद कट्टा मिला। जांचने पर उसमें डोडा पोस्त मिला। जिसका वजन 31 किलो 270 ग्राम पाया गया। पुलिस पूछताछ में ट्रक चालक की पहचान गांव देहरिया जिला आगरा (मध्यप्रदेश) निवासी दिनेश के रूप में हुई। पुलिस छानबीन में सामने आया कि डोडा पोस्त को मध्य प्रदेश से तस्करी कर पंजाब ले जाया जा रहा था।
पुलिस कर रही है आगे की जांच
शहर थाना नरवाना पुलिस ने स्टेट नारकोटिक्स ब्यूरो टीम इंचार्ज की शिकायत पर ट्रक चालक दिनेश के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। सोमवार को जानकारी देते हुए शहर थाना के जांच अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि आरोपित ट्रक चालक स्क्रैप की आड़ में नशा तस्करी कर पंजाब ले जा रहा था। आरोपित से नशे के नेटवर्क के बारे में पूछताछ की जा रही है।