जींद: खेतों में बिजली गुल रहने से परेशान किसानों ने पावर हाउस का किया घेराव

जींद: खेतों में बिजली गुल रहने से परेशान किसानों ने पावर हाउस का किया घेराव

जींद, 10 सितंबर। नगूरां 132 केवी पावर हाउस से चलने वाले खेतों के बधाना फीडर से धनखेड़ी फीडर पर लगातार बिजली गुल रहने से किसान परेशान हैं। नगूरां तथा आसपास गांव के किसान गुरूवार को नगूरां बिजली पावर हाउस पहुंचे। किसानों ने संबंधित विभाग के खिलाफ अपना रोष जताया। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो सड़क जाम कर दी जाएगी। किसानों के एकत्रित होने की सूचना मिलने पर एसडीओ आनंद कुमार ने फोन के माध्यम से किसानों की समस्या का जल्द समाधान करने का आश्वासन दिया। एसडीओ के आश्वासन के बाद किसानों को शांत किया गया।

किसानों को मिल रही है बिजली की भारी समस्या

किसान प्रकाश, राकेश, सुरेंद्र साबड़ा, दिलबाग, राममेहर, रूपा, जसमेर, अनूप, सोनू आदि ने इस बारे में जानकारी दी। किसानों ने बताया कि पिछले करीब एक महीने से खेतों के बधाना फीडर से चलने वाले धनखेड़ी फीडर पर बिजली की समस्या बनी हुई है। किसानों को मुश्किल से आठ घंटे के शेडयूल में मात्र एक घंटा ही बिजली मिल रही है। इस संबंध में कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई समाधान नहीं हुआ है। किसानों का कहना है कि कर्मचारियों द्वारा पीछे से बिजली की समस्या बताकर चुप कराने का काम किया जाता है। उनका कहना है कि पानीपत थर्मल प्लांट से ही करीब दस दिनों से बिजली की समस्या चल रही है। इसके कारण किसानों को मिलने वाले शाम चार बजे से रात 12 बजे के शेडयूल में बिजली नहीं मिल रही है। किसानों ने बताया कि इस बार बारिश कम होने के कारण धान की फसल में सिंचाई की जरूरत है। लेकिन बिजली नहीं मिलने से समय पर फसल की सिंचाई नहीं हो पा रही है।

एसडीओ आनंद कुमार ने दी जानकारी

बिजली निगम नगूरां के एसडीओ आनंद कुमार ने इस मामले पर पूरी जानकारी दी। एसडीओ आनंद कुमार ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से पानीपत थर्मल प्लांट से बिजली की समस्या बनी हुई है। विशेषकर किसानों को मिलने वाले शाम चार बजे से रात 12 बजे के शेडयूल में बिजली कटौती हो रही है। इसके लिए आगामी चार से पांच दिन ऐसी दिक्कत आ सकती है। इसलिए 132 केवी पावर हाउस के अधिकारियों से बात की जाएगी। कम लोड वाले दूसरे फीडर से इस फीडर को जोड़कर किसानों की समस्या का कुछ हद तक हल करने का प्रयास किया जाएगा। किसानों की समस्या का जल्द समाधान किया जाएगा।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment