जींद में अवैध होम्योपैथिक सेंटर पर स्वास्थ्य विभाग का छापा, बिना वैध दस्तावेजों के चल रहा था मन्नत लाइफ केयर

जींद में अवैध होम्योपैथिक सेंटर पर स्वास्थ्य विभाग का छापा, बिना वैध दस्तावेजों के चल रहा था मन्नत लाइफ केयर

जींद में हरियाणा होम्योपैथिक विभाग की टीम ने एक अवैध होम्योपैथिक सेंटर पर बड़ी कार्रवाई की है। गांव रत्ताखेड़ा में मंगलवार के दिन अवैध रूप से चल रहे होम्योपैथिक सेंटर पर यह छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान सेंटर का संचालक किसी भी प्रकार के वैध दस्तावेज दिखाने में पूरी तरह से नाकाम रहा। इस होम्योपैथिक सेंटर के अंदर मरीज अपना इलाज करवाते हुए पाए गए हैं। इसके अलावा मौके से बिना लेवल की कई दवाइयां भी बरामद की गई हैं।

मन्नत लाइफ केयर सेंटर पर हुई बड़ी कार्रवाई

हरियाणा होम्योपैथिक विभाग को यह गुप्त सूचना मिली थी कि गांव रत्ताखेड़ा में मन्नत लाइफ केयर नाम से सेंटर चलाया जा रहा है। लोगों के होम्योपैथिक इलाज के नाम पर उनकी सेहत के साथ खिलवाड़ किया जा रहा था। इसी सूचना के आधार पर विभाग की रजिस्ट्रार डॉ. वैभव बिदानी के नेतृत्व में एक विशेष टीम ने छापा मारा। छापेमारी की कार्रवाई के दौरान केयर सेंटर को चलाने वाला दीक्षांत मरीजों का इलाज करते हुए मिला। हालांकि उसकी सहयोगी मंजू उस समय मौके पर मौजूद नहीं थी।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

दस्तावेज और लाइसेंस मिले अवैध

टीम ने जब सेंटर के संचालक से प्रैक्टिस से संबंधित सभी जरूरी दस्तावेज मांगे तो वह दिखाने में असमर्थ रहा। दोनों संचालकों के पास प्रैक्टिस का कोई भी वैध दस्तावेज नहीं पाया गया। जांच में यह भी सामने आया कि होम्योपैथिक फार्मेसी का लाइसेंस पहले ही 13 जुलाई को समाप्त हो चुका था। सेंटर से कुल 61 दवाइयां मिस लेबल यानी बिना सही लेबल के पाई गईं। यह भी सामने आया कि सोशल मीडिया के माध्यम से गंभीर बीमारियों का इलाज करने का शर्तिया दावा किया जाता था।

पुलिस ने दर्ज किया धोखाधड़ी का मामला

सदर थाना सफीदों पुलिस ने होम्योपैथिक रजिस्ट्रार डॉ. वैभव बिदानी की आधिकारिक शिकायत पर यह कार्रवाई की है। पुलिस ने सेंटर चलाने वाले दीक्षांत और उनकी सहयोगी मंजू के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। यह मामला धोखाधड़ी, एनसीएच, ड्रग एंड कॉस्मेटिक एक्ट समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत दर्ज किया गया है। पुलिस ने इस मामले में आगे की जांच शुरू कर दी है। सदर थाना सफीदों के जांच अधिकारी अमित कुमार ने इस बात की पुष्टि की है कि होम्योपैथिक अधिकारी की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और फिलहाल पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

Share:

Comments

Leave a comment