जींद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, आमजन के गुम हुए 38 मोबाइल तलाश कर मालिकों को लौटाए

जींद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, आमजन के गुम हुए 38 मोबाइल तलाश कर मालिकों को लौटाए

जींद पुलिस ने आमजन के गुम हुए 38 मोबाइल तलाश करके गुरूवार को उनके असल मालिकों को लौटाने का महत्वपूर्ण काम किया है। गुम हुए इन सभी मोबाइलों की कुल कीमत लगभग साढ़े छह लाख रुपये बताई जा रही है। एसपी कुलदीप सिंह ने अपने कार्यालय में बुलाकर मोबाइल मालिकों को उनके ये फोन सौंपे। जो व्यक्ति अपना मोबाइल लेने के लिए पुलिस अधीक्षक कार्यालय में नहीं आ पाए थे, पुलिस विभाग के कर्मचारियों ने उनके घर जाकर उन्हें मोबाइल दिए हैं।

सीईआईआर पोर्टल का हो रहा है उपयोग

गौरतलब है कि हरियाणा सरकार ने दूरसंचार विभाग भारत सरकार द्वारा निर्मित पोर्टल सेंट्रल इक्यूपमेंट आइडेंटी रजिस्टर को गुम हुए मोबाइलों के लिए शुरू किया जा चुका है। मोबाइल गुम होने की मिली शिकायतों पर तुरंत कार्यवाही करते हुए जींद साइबर सुरक्षा इंचार्ज पीएसआई अनमोल के नेतृत्व में सिपाही रोहित ने एक जुलाई से 31 अगस्त तक के जींद जिले से गुम हुए 38 मोबाइल फोन की तलाश की है। बरामद किए गए इन सभी मोबाइल फोन की कुल कीमत लगभग छह लाख 50 हजार रुपये है। गुरूवार को आमजन अपना गुमशुदा मोबाइल फोन वापस मिलने पर बहुत अधिक खुश नजर आए।

एसपी ने दी थाना में रिपोर्ट दर्ज कराने की सलाह

पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह ने कहा कि यदि किसी भी व्यक्ति का मोबाइल फोन गुम हो जाता है तो उसे मोबाइल की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाने के लिए अनावश्यक रूप से इधर-उधर जाने की आवश्यकता नहीं है। बल्कि वे अपने संबंधित थाना में जाकर मोबाइल फोन गुम होने की रिपोर्ट दर्ज करवा सकते हैं। इसके बाद नियमानुसार सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से संबंधित थाना में ही गुम हुए मोबाइल फोन को ट्रेस एवं बरामद करने की प्रक्रिया शुरू की जाती है। इस पूरी प्रक्रिया से मोबाइल फोन के दुरुपयोग पर रोक लगाने में भी बहुत मदद मिलती है। सरकार द्वारा मोबाइल गुमशुदगी की रिपोर्ट करने व मोबाइल को ब्लॉक करने के लिए पोर्टल सेंट्रल इक्यूपमेंट आइडेंटी रजिस्टर (सीईआईआर) को पहले ही शुरू किया जा चुका है। अब आमजन घर बैठे भी इस पोर्टल पर अपनी मोबाइल गुमशुदगी से संबंधित शिकायत दर्ज करवा सकता है।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment