जींद में पोल्ट्री फार्म पर छापेमारी: अवैध रूप से रखे गए खाद के 600 कट्टे बरामद, मामला दर्ज

जींद में पोल्ट्री फार्म पर छापेमारी: अवैध रूप से रखे गए खाद के 600 कट्टे बरामद, मामला दर्ज

जींद, 09 सितंबर: सदर थाना नरवाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। गांव सच्चाखेड़ा से भिखेवाला रोड पर एक पोल्ट्री फार्म पर अवैध रूप से भंडारण किए गए खाद के 600 कट्टे बरामद किए गए हैं। इस मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ आवश्यक वस्तु कालाबाजारी और धोखाधड़ी समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

कृषि विभाग को मिली थी गुप्त सूचना

कृषि विभाग के एसडीओ सुनील ने पुलिस को दी शिकायत में इस पूरी घटना की जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि उन्हें एक गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर गांव सच्चाखेड़ा से भिखेवाला रोड पर बने पोल्ट्री फार्म में खाद का अवैध रूप से भंडारण किए जाने की बात सामने आई थी। इसी सूचना के आधार पर विभाग की टीम ने तुरंत पोल्ट्री फार्म पर छापेमारी की कार्रवाई की।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

पोल्ट्री फार्म पर मिले भरे और खाली कट्टे

छापेमारी के दौरान मौके से खाद के 600 कट्टे भरे हुए बरामद किए गए। इसके अलावा वहां से 720 कट्टे खाली भी बरामद हुए हैं। जांच में सामने आया कि खाद के इन कट्टों को दूसरे कट्टों में बदला गया था। कृषि विभाग की टीम ने मौके से खाद के दो सैंपल भी भर लिए हैं।

फैक्ट्रियों में महंगे दामों पर बेची जानी थी खाद

पोल्ट्री फार्म के मालिक से जब इस बारे में पूछताछ की गई तो उसने एक बड़ा खुलासा किया। उसने पुलिस को बताया कि गांव बरसोला निवासी रविन ने इन खाद के कट्टों को उसके पोल्ट्री फार्म में रखवाया था। इस अवैध खाद को किसानों में सही तरीके से वितरण करने की बजाय फैक्ट्रियों में महंगे दामों पर बेचा जाना था।

पुलिस कर रही है मामले की आगे की जांच

सदर थाना नरवाना पुलिस ने कृषि विभाग के एसडीओ सुनील की शिकायत पर आरोपी रविन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। बुधवार को जानकारी देते हुए सदर थाना नरवाना के जांच अधिकारी कुलदीप सिंह ने बताया कि कृषि विभाग की शिकायत पर एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और फिलहाल मामले की जांच जारी है।

Share:

Comments

Leave a comment