जींद में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 31.39 ग्राम हेरोइन के साथ तीन नशा तस्करों को किया गिरफ्तार

जींद जिले में पुलिस ने नशे के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए अलग-अलग स्थानों से तीन नशा तस्करों को काबू किया है। पुलिस ने पकड़े गए तस्करों के कब्जे से कुल 31.39 ग्राम हेरोइन बरामद की है। संबंधित थाना पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मामले दर्ज कर लिए हैं। पुलिस अब इस पूरे नशे के नेटवर्क के बारे में गहराई से पूछताछ कर रही है।
सफीदों में पुलिस की नाकेबंदी के दौरान पकड़े गए दो तस्कर
सीआईए स्टाफ सफीदों की टीम रामपूरा बाईपास पर नाकेबंदी कर वाहनों की जांच कर रही थी। उसी दौरान बाईक सवार दो युवकों ने नाकेबंदी को देखकर नीचे कुछ जमीन पर डाल दिया। इसके बाद वे अपनी बाईक को वापस मोड़कर जाने लगे। सतर्क पुलिस कर्मियों ने तुरंत उनका पीछा किया और दोनों युवकों को काबू कर लिया।
युवकों द्वारा फेंके गए पॉलीथिन की जब पुलिस ने तलाशी ली तो उसमें हेरोइन पाई गई। बरामद की गई इस हेरोइन का वजन 21.13 ग्राम पाया गया। पुलिस पूछताछ में पकड़े गए इन युवकों की पहचान सफीदों निवासी कृष्ण तथा आकाश के रूप में हुई है।
नरवाना में ठंडी सड़क पर एक और नशा तस्कर गिरफ्तार
दूसरी ओर सीआईए स्टाफ नरवाना की टीम ने ठंडी सड़क पर कार्रवाई की। पुलिस ने एक बाईक सवार युवक को काबू किया और उसके कब्जे से 10.26 ग्राम हेरोइन बरामद की। पुलिस पूछताछ में पकड़े गए इस युवक की पहचान घग्गा (पंजाब) निवासी सुखविंद्र के रूप में हुई है।
पुलिस अधिकारियों की जानकारी और कानूनी कार्रवाई
संबंधित थाना पुलिस ने हेरोइन के साथ पकड़े गए तीनों युवकों के खिलाफ नशीले पदार्थ निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है। मंगलवार को इस मामले की जानकारी देते हुए सीआईए नरवाना प्रभारी सुखदेव सिंह ने बताया कि पुख्ता सूचना के आधार पर नशे के साथ इन युवकों को काबू किया गया है। पुलिस द्वारा फिलहाल आरोपी तस्करों से नशे के नेटवर्क के बारे में पूछताछ की जा रही है।