पैतृक गांव महुआखेड़ी पहुंचने पर जस्टिस रविंद्र मलिक का भव्य स्वागत, नगर खेड़ा पर टेका माथा

पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट के नवनियुक्त न्यायाधीश रविंद्र मलिक के पैतृक गांव महुआखेड़ी पहुंचने पर ग्रामीणों और परिजनों ने उनका भव्य स्वागत किया
सुरेश अरोड़ा /बाबैन/ 23 अगस्त 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट के नवनियुक्त न्यायाधीश रविंद्र मलिक के अपने पैतृक गांव महुआखेड़ी पहुंचने पर ग्रामीणों और परिजनों ने उनका बहुत भव्य स्वागत किया। ग्रामीणों ने पुष्प वर्षा करके जस्टिस रविंद्र मलिक को सम्मानित किया और उनकी इस बहुत बड़ी उपलब्धि पर अपनी खुशी जताई। गांव में पहुंचते ही सबसे पहले जस्टिस रविंद्र मलिक अपने परिजनों के साथ नगर खेड़ा पर पहुंचे। उन्होंने नगर खेड़ा के समक्ष शीश नवाकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और देश, प्रदेश व गांव की सुख-शांति व समृद्धि की कामना की।
बुजुर्गों का लिया आशीर्वाद और कही यह बात
इसके बाद उन्होंने गांव के बुजुर्गों व माताओं के चरण स्पर्श करके उनका आशीर्वाद लिया। ग्रामीणों ने भी उन्हें पुष्पमालाएं पहनाकर उनका सम्मान किया। इस अवसर पर जस्टिस रविंद्र मलिक ने कहा कि नगर खेड़ा और गांव के बुजुर्गों का आशीर्वाद ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि नगर खेड़ा और गांव के बुजुर्गों के आशीर्वाद और परिवार के संस्कारों की बदौलत ही आज वे इस महत्वपूर्ण संवैधानिक पद तक पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि गांव के लोगों ने जिस स्नेह और सम्मान के साथ उनका स्वागत किया है, उसे वह अपने जीवनभर याद रखेंगे।
न्यायपालिका और लंबित मामलों पर प्राथमिकताएं
उन्होंने कहा कि पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट ने जिस भरोसे और विश्वास के साथ उन्हें न्यायाधीश के पद की जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर वह पूरी ईमानदारी, निष्पक्षता और योग्यता के साथ खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। न्यायपालिका के प्रति लोगों का विश्वास बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। जस्टिस रविंद्र मलिक ने कहा कि हाई कोर्ट में लंबे समय से लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा करवाना उनकी पहली प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। उनका यह प्रयास रहेगा कि मामलों का निष्पक्ष एवं समयबद्ध तरीके से जल्दी से जल्दी निपटारा हो, ताकि न्याय के लिए इंतजार कर रहे लोगों को जल्द राहत मिल सके और हाई कोर्ट में लंबित मामलों का दबाव भी कम किया जा सके।
जस्टिस रविंद्र मलिक के पैतृक गांव महुआखेड़ी पहुंचने पर माहौल एक उत्सव जैसा रहा। ग्रामीणों ने उनकी इस उपलब्धि को पूरे गांव व क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताते हुए कहा कि उनके हाई कोर्ट के न्यायाधीश बनने से महुआखेड़ी सहित पूरे क्षेत्र का मान-सम्मान बहुत बढ़ा है। इस अवसर पर कन्जूमर कोर्ट के पूर्व जज मेहर सिंह मलिक, गांव के सरपंच रोहित मलिक, पूर्व सरपंच रामकरण मलिक, राजेश मलिक, रमेश मलिक, नरेंद्र शर्मा, राजकुमार मलिक, राजकुमार मलिक, प्रमाल मलिक, श्योराम मलिक, राजबीर मलिक, बलदेव मलिक, देवा सिंह के अलावा अनेक गणमान्य व्यक्ति वहां पर मौजूद रहे।