कैथल में एंटी नारकोटिक सेल ने नशीली गोलियों व घोल के साथ तस्कर को किया काबू, शराब लूट और बाइक चोरी के आरोपी भी गिरफ्तार

कैथल जिला पुलिस द्वारा नशा तस्करों के विरुद्ध एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के कुशल नेतृत्व में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत एंटी नारकोटिक सेल कैथल ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। एंटी नारकोटिक सेल कैथल द्वारा प्रतिबंधित नशीली गोलियां व नशीला घोल सहित एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के कब्जे से 40 प्रतिबंधित नशीली टैबलेट, 632 ग्राम नशीला घोल तथा 5 पेटियों से 348 शीशियां पशुओं की दवाई बरामद की गई हैं। आरोपी पशुओं की दवाई में प्रतिबंधित नशीली गोलियां मिलाकर नशीला घोल तैयार करता था और उसे नशा करने वाले व्यक्तियों को बेचता था।
गोपनीय सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि एंटी नारकोटिक सेल कैथल प्रभारी एसआई प्रदीप कुमार की अगुवाई में एएसआई जगभान सिंह की टीम अपराध एवं नशीले पदार्थों की रोकथाम के लिए करनाल रोड पर भैणी माजरा रोड कैथल के पास मौजूद थी। पुलिस को एक गुप्त सूचना मिली थी कि जनकपुरी कॉलोनी कैथल निवासी शुभम उर्फ टिंकू काफी समय से एडनोक टैबलेट को पशुओं की दवाई में घोलकर नशीला मिश्रण तैयार करके नशा करने वाले व्यक्तियों को बेचता है। सूचना के अनुसार वह इस समय शुगर मिल कैथल के सामने बनी कॉलोनी में एक निर्माणाधीन मकान में नशीली गोलियों का घोल तैयार कर रहा था। सूचना को विश्वसनीय मानते हुए पुलिस टीम ने बताए गए स्थान यानी शुगर मिल कॉलोनी की गली नंबर 7, शनि मंदिर के नजदीक निर्माणाधीन मकान में दबिश दी।
आरोपी के पास से बरामद हुआ सामान
दबिश के दौरान एक व्यक्ति के हाथ में सफेद रंग का पॉलीथीन मिला, जिसे पुलिस ने तुरंत काबू कर लिया। आरोपी की पहचान जनकपुरी कॉलोनी कैथल निवासी शुभम उर्फ टिंकू के रूप में हुई है। पुलिस सूचना मिलने के उपरांत मौके पर डीएसपी एईसी कैथल रमेश चन्द्र पहुंचे। उनकी मौजूदगी में ली गई तलाशी के दौरान आरोपी की कमीज की जेब से एडनोक बुप्रेनोरफिन व नालॉक्सोन की 4 पत्तियां से कुल 40 टैबलेट बरामद हुईं। आरोपी के पास मौजूद पॉलीथीन से एक पारदर्शी प्लास्टिक की बोतल में नशीला घोल, 5 सीरिंज तथा 15 खाली प्लास्टिक की शीशियां बरामद की गईं।
नशीले घोल से भरी बोतल सहित कुल वजन 632 ग्राम पाया गया। पुलिस ने मौके पर मौजूद गत्ते की पांच पेटियों की जांच की तो उनमें पशुओं के लिए इस्तेमाल होने वाली फिनरामाईन मैलएट इंजेक्शन की कुल 348 शीशियां बरामद हुईं। आरोपी इन दवाइयों में एडनोक की प्रतिबंधित गोलियां मिलाकर नशीला घोल तैयार करता था तथा छोटी शीशियों में भरकर एक शीशी को सीरिंज सहित 100 रुपये में नशा करने वाले व्यक्तियों को बेचता था। ड्रग कंट्रोल ऑफिसर द्वारा उक्त सभी दवाइयों को प्रतिबंधित बताया गया है। इस संबंध में आरोपी के खिलाफ थाना सिविल लाइन कैथल में मामला दर्ज किया गया है। मौके पर पहुंचे एएसआई बिजेंद्र सिंह द्वारा आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी को अदालत में पेश किया जाएगा और उससे गहन पूछताछ की जा रही है।
शराब ठेके पर लूटपाट के मामले में दूसरा आरोपी गिरफ्तार
कैथल जिला पुलिस द्वारा आपराधिक वारदातों में संलिप्त आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट द्वारा शराब ठेके पर लूटपाट करने के मामले में दूसरा आरोपी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया की गांव आधंली निवासी नवाब सिंह की शिकायत अनुसार उसके पास खरकां व तारावाली ग्रुप में सिद्धु वाईन के नाम से शराब के ठेके हैं। उसके डेरा महल सिंह सब-वैंड खरकां पर सतपाल निवासी गांव ढाठरथ, जिला जींद, पिछले करीब दो वर्षों से सेल्समैन के तौर पर कार्य कर रहा था।
4 जुलाई की रात करीब 1 बजे तीन अज्ञात युवक शराब ठेके की पिछली तरफ की टीन की चद्दर काटकर अंदर घुस गए। उस समय सेल्समैन ठेके के अंदर सो रहा था। आवाज सुनकर जब उसने उठकर देखा तो तीन युवक उसके सामने खड़े थे और उनमें से एक युवक के हाथ में तलवार थी। आरोपी ने सेल्समैन की गर्दन पर तलवार रखकर शोर करने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद तीनों आरोपी ठेके से शराब की विभिन्न पेटियां, गल्ले में रखी करीब 25 से 30 हजार रुपये की नकदी, सेल्समैन का आधार कार्ड व मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए।
आरोपियों ने ठेके में लगे सीसीटीवी कैमरों को भी तोड़ दिया तथा डीवीआर अपने साथ ले गए। इस बारे में थाना गुहला में मामला दर्ज किया गया था। मामले की जांच स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट प्रभारी इंस्पेक्टर सुनील कुमार की अगुवाई में एसआई वीरेंद्र सिंह की टीम द्वारा करते हुए आरोपी गांव चट्ठा गोविंदपुरा जिला संगरूर पंजाब निवासी दीपू सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस मामले में एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। आरोपी दीपू भी इस वारदात में शामिल था। आरोपी दीपू के कब्जे से 15 हजार रुपये बरामद किए गए हैं। आरोपी दीपू को अदालत के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
सीआईए गुहला द्वारा बाइक चोरी मामले में आरोपी काबू
दुपहिया वाहन चोरों पर शिकंजा कसते हुए एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के आदेशानुसार थाना चीका क्षेत्र से बाइक चोरी करने के मामले की जांच की गई। सीआईए गुहला प्रभारी इंस्पेक्टर संदीप कुमार की अगुवाई में एएसआई मनोज कुमार की टीम द्वारा कार्रवाई करते हुए आरोपी गांव समाना पंजाब निवासी बंटी कुमार को काबू कर लिया गया है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि गांव चक्कु लदाना निवासी मोहित गर्ग की शिकायत के अनुसार वह 13 अगस्त को ट्यूशन पढ़ने के लिए चीका गया था। उसने अपनी बाइक बैंक ऑफ महाराष्ट्र के सामने खड़ी की थी जिसे अज्ञात चोर चोरी कर ले गए थे। इस बारे में थाना चीका में मामला दर्ज कर लिया गया था और आरोपी को अदालत के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
सड़क सुरक्षा प्रश्नोत्तरी के पहले राउंड का सफल आयोजन
पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस महानिरीक्षक यातायात एवं हाईवे (हरियाणा) करनाल के दिशा-निर्देशों के अनुसार सभी जिलों में यातायात को लेकर स्कूल स्तरीय सड़क सुरक्षा क्विज प्रतियोगिता करवाई जा रही है। जिला कैथल के सभी स्कूलों, कॉलेजों व आईटीआई में पहले राउंड की परीक्षा 31 अगस्त को सफलतापूर्वक संपन्न करवा ली गई है। दूसरे राउंड की परीक्षा शीघ्र ही करवाई जाएगी। यह परीक्षा चार स्तरों पर आयोजित की गई थी।
परीक्षा के पहले लेवल में कक्षा तीन से पांचवीं तक के विद्यार्थी, लेवल 2 में कक्षा 6 से 8, लेवल 3 में कक्षा 9 से 12वीं तथा लेवल 4 में कॉलेजों और आईटीआई के विद्यार्थी शामिल हुए। इस प्रतियोगिता में जिला भर से लगभग 1 लाख 45 हजार विद्यार्थियों ने भाग लिया है। एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने बताया कि बच्चों में शुरुआत से ही यातायात के नियमों के प्रति जागरूक करना ही इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य है।