कैथल पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के कुशल नेतृत्व में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत एंटी नारकोटिक सेल कैथल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को प्रतिबंधित नशीली गोलियों तथा नशीली दवाई से तैयार किए गए घोल सहित काबू किया है। आरोपियों के कब्जे से 11 पत्ते ऐडनोक की कुल 110 गोलियां, 641 ग्राम नशीली दवाई का घोल, 13 खाली छोटी शीशियां तथा 3 सिरिंज बरामद की गई हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नशीले पदार्थों की तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी कब्जे में लिया है।
एंटी नारकोटिक सेल प्रभारी एसआई प्रदीप कुमार की अगुवाई में एएसआई जसमेर सिंह की टीम रात्रिकालीन गश्त दौरान ढांड चौक से पुलिस लाइन कैथल की तरफ मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस टीम को एक सूचना मिली कि
प्रीत तथा अंकुश दोनों निवासी पेहवा काफी समय से कैथल में आकर प्रतिबंधित नशीली गोलियों को पशुओं की लिक्विड दवाई में मिलाकर नशीला घोल तैयार करते हैं। वे इसे छोटी प्लास्टिक की शीशियों में भरकर नशा करने वाले व्यक्तियों को बेचते हैं और अभी वे दोनों मोटरसाइकिल पर रेलवे लाइन के पास गांव ग्योंग को जाने वाले रास्ते पर किसी को नशीली दवाइयों का घोल देने के लिए खड़े हैं।
पुलिस द्वारा रेडिंग पार्टी का गठन करके गांव ग्योंग की ओर जाने वाले रास्ते पर रेलवे लाइन के पास दबिश दी गई और एक हीरो स्प्लेंडर बाइक पर बैठे दो संदिग्ध युवकों को काबू कर लिया गया। इनकी पहचान प्रीत व अंकुश दोनों निवासी पेहेवा के रूप में हुई। पुलिस सूचना उपरांत मौके पर पहुंचे
डीएसपी रमेश चन्द्र के समक्ष की गई जांच व तलाशी के दौरान युवक प्रीत की पहनी हुई लोयर की जेब से
11 पत्ते ऐडनोक बुप्रेनोरफिन की कुल 110 गोलियां बरामद हुईं। अंकुश के कब्जे से एक प्लास्टिक की बोतल में 641 ग्राम नशीला घोल,
13 खाली छोटी प्लास्टिक शीशियां तथा 3 सिरिंज भी बरामद हुईं।
दोनों युवकों ने पूछताछ में बताया कि वे पशुओं की दवाई में नशीली गोलियां मिलाकर बड़ी बोतल में नशीला घोल तैयार करते हैं और छोटी शीशियों में भरकर नशा करने वाले व्यक्तियों को 100 रुपये में एक छोटी शीशी व एक सिरिंज बेचते हैं। ड्रग कंट्रोल ऑफिसर द्वारा भी बरामद की गई गोलियों को प्रतिबंधित बताते हुए एनडीपीएस एक्ट के दायरे में आने की पुष्टि की गई। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सिविल लाइन में मामला दर्ज करके मौके पर पहुंचे एएसआई राजेश कुमार द्वारा उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया और नशा तस्करी में प्रयुक्त बाइक भी जब्त कर ली गई है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया जाएगा जिनसे पूछताछ की जा रही है।