कैथल में एंटी नारकोटिक सैल की बड़ी कार्रवाई, अलग-अलग 3 मामलों में 5 आरोपी गिरफ्तार और भारी मात्रा में नशीला पदार्थ बरामद

कैथल में एंटी नारकोटिक सैल की बड़ी कार्रवाई, अलग-अलग 3 मामलों में 5 आरोपी गिरफ्तार और भारी मात्रा में नशीला पदार्थ बरामद

कैथल जिला पुलिस द्वारा एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के आदेशानुसार नशे के खिलाफ एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। एंटी नारकोटिक सैल कैथल ने इस अभियान के तहत प्रभावी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग तीन मामलों में कुल 5 आरोपियों को काबू किया है। आरोपियों के कब्जे से 27.29 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) तथा 2 किलो 225 ग्राम गांजा फुल पत्ती बरामद किया गया है। इसके साथ ही नशा तस्करी में प्रयुक्त एक बोलेनो गाड़ी और एक मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है।

पहला मामला: बलेनो कार सवार तस्कर गिरफ्तार

एंटी नारकोटिक सैल प्रभारी एसआई प्रदीप कुमार की अगुवाई में एसआई जयभगवान की टीम को रात्रि गश्त के दौरान एक गुप्त सूचना मिली थी। सूचना में बताया गया कि 33 फुटा रोड, श्मशान घाट कैथल के पास सफेद रंग की बलेनो कार में दो व्यक्ति हेरोइन बेचने की फिराक में खड़े हैं। पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उक्त स्थान पर दबिश दी और बोलेनो कार में सवार दोनों व्यक्तियों को काबू कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान कपीस निवासी फ्रेंड्स कॉलोनी कैथल और राहुल निवासी प्रताप गेट कैथल के रूप में हुई है।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

नायब तहसीलदार की मौजूदगी में हुई तलाशी

पुलिस सूचना मिलने के बाद मौके पर नायब तहसीलदार कैथल जसबीर सिंह पहुंचे। उनकी मौजूदगी में कार की तलाशी ली गई तो कंडक्टर सीट की तरफ पायदान के नीचे एक पन्नी से 21.14 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई। थाना शहर में मामला दर्ज करके मौके पर पहुंचे एएसआई जगभान द्वारा दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया और नशा तस्करी में प्रयुक्त गाड़ी को जब्त कर लिया गया।

मुख्य सप्लायर भी हुआ गिरफ्तार

आरोपियों से पूछताछ के दौरान यह खुलासा हुआ कि उन्हें यह हेरोइन प्रताप गेट कैथल निवासी जतिन द्वारा उपलब्ध करवाई गई थी। जतिन आरोपी राहुल का भाई है। आगामी जांच के दौरान एएसआई जगभान की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी हेरोइन सप्लायर जतिन को भी गिरफ्तार कर लिया है।

दूसरा मामला: बस अड्डा कैथल के पास से आरोपी काबू

दूसरे मामले में एंटी नारकोटिक सैल के एसआई बलराज सिंह की टीम को सूचना मिली कि बस अड्डा कैथल के बाहर काले रंग की टी-शर्ट और लोअर पहने एक व्यक्ति नशीला पदार्थ बेचने के लिए खड़ा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए बस अड्डे के संदिग्ध संदीप कुमार निवासी सारसा जिला कुरुक्षेत्र को काबू कर लिया। पुलिस सूचना मिलने पर मौके पर नायब तहसीलदार कैथल जसबीर सिंह पहुंचे। उनकी मौजूदगी में ली गई तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक पन्नी से 6.15 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ थाना सिविल लाइन में मामला दर्ज किया गया और उसे एएसआई कुलदीप सिंह द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया।

तीसरा मामला: सीवन से मोटरसाइकिल सवार गांजा तस्कर गिरफ्तार

तीसरे मामले में एंटी नारकोटिक सैल के एएसआई रोहताश सिंह की टीम को गश्त के दौरान गांव सीवन से सिरटा रोड पर रजबाहा पुल के पास एक खुफिया सूचना मिली। सूचना के अनुसार दीपक निवासी गुमगढ़ मोहल्ला, सीवन मोटरसाइकिल पर गांजा लेकर सिरटा की तरफ जाने वाला था। पुलिस टीम ने सीवन से सिरटा रोड पर रजबाहा पुल के पास नाकाबंदी करके वाहनों की जांच शुरू कर दी। कुछ समय बाद सीवन की तरफ से आ रहे एक मोटरसाइकिल सवार युवक को रोकने का प्रयास किया गया।

पुलिस को देखकर भगाने का किया प्रयास

पुलिस को देखकर युवक ने मोटरसाइकिल वापस मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन सतर्क पुलिस टीम ने उसे तुरंत काबू कर लिया। पकड़े गए युवक की पहचान दीपक के रूप में हुई है। पुलिस सूचना उपरांत मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार गुहला बलराज सिंह की मौजूदगी में नियमानुसार जांच की गई। जांच के दौरान आरोपी के कब्जे से एक पॉलीथिन से 2 किलो 225 ग्राम गांजा फूल पत्ती बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ थाना सीवन में मामला दर्ज करके एएसआई जसमेर द्वारा उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा और उनसे पूछताछ जारी है।

Share:

Comments

Leave a comment