कैथल में सीमेंट सप्लाई के नाम पर लाखों की ठगी, साइबर थाना पुलिस ने यूपी से दो आरोपी किए गिरफ्तार

कैथल में सीमेंट सप्लाई के नाम पर लाखों की ठगी, साइबर थाना पुलिस ने यूपी से दो आरोपी किए गिरफ्तार

कैथल में सीमेंट की डीलरशिप और सस्ती दर पर सीमेंट सप्लाई करने का झांसा देकर ऑनलाइन ठगी करने का बड़ा मामला सामने आया है। साइबर थाना पुलिस ने इस मामले में उत्तर प्रदेश के दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के बैंक खातों का इस्तेमाल ठगी की रकम हासिल करने के लिए किया गया था।

गांव रामदास सैर निवासी सर्वजीत सिंह की कांगथली मेन रोड पर सीमेंट की दुकान है। पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, करीब 12 दिन पहले उसकी ऑनलाइन माध्यम से योगेश पटेल नाम के व्यक्ति से सीमेंट खरीदने को लेकर बातचीत हुई थी। आरोपी ने सीमेंट की डीलरशिप देने के नाम पर पहले 1.25 लाख रुपये जमा करवाने के लिए कहा था।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

सर्वजीत ने बताए गए बैंक खाते में अलग-अलग किस्तों में 75 हजार रुपये और 50 हजार रुपये जमा करवा दिए। इसके बाद उसे 1000 कट्टे सीमेंट भेजने का भरोसा दिया गया और एडवांस भुगतान के नाम पर 2.45 लाख रुपये की मांग और की गई। शिकायतकर्ता ने छह जनवरी 2026 को यह रकम भी बताए गए खाते में पूरी तरह जमा कर दी। इस तरह उसने कुल 3.70 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए थे।

रकम मिलने के बाद न सीमेंट भेजा और न ही पैसे वापस किए

रकम मिलने के बाद आरोपियों की तरफ से न तो सीमेंट भेजा गया और न ही पैसे वापस लौटाए गए। आरोप है कि जब पीड़ित ने अपनी रकम वापस मांगी तो उससे 18 प्रतिशत जीएसटी के नाम पर और पैसे मांगे गए। इसके बाद भी भुगतान नहीं किया गया और कथित तौर पर उसे धमकी दी गई।

थाना सीवन में दर्ज हुआ था केस, यूपी से हुई गिरफ्तारी

इस मामले की शिकायत के आधार पर थाना सीवन में पहले केस दर्ज किया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने ठगी में इस्तेमाल किए गए बैंक खातों की जानकारी जुटाई। पुलिस ने उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के गांव अहिकौरा निवासी प्रमोद कुमार तथा जय प्रकाश नगर निवासी विशाल सिंह को गिरफ्तार किया है। थाना साइबर प्रभारी पीएसआई रवि कुमार की अगुवाई में एसआई रविंद्र कुमार की टीम ने दोनों आरोपियों को काबू किया है। पुलिस के अनुसार मामले में शिकायत में बताई गई रकम के अलावा बैंक खातों में हुए अन्य संदिग्ध लेन-देन की भी जांच की जा रही है और दोनों आरोपियों से पूछताछ लगातार जारी है।

Share:

Comments

Leave a comment