कैथल में साइबर ठगी: फेसबुक विज्ञापन देखकर निवेश करने वाले व्यक्ति से छह लाख रुपये की ठगी

कैथल में साइबर ठगी: फेसबुक विज्ञापन देखकर निवेश करने वाले व्यक्ति से छह लाख रुपये की ठगी

फेसबुक पर निवेश के जरिए मोटा मुनाफा कमाने का विज्ञापन देखकर एक व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार हो गया।

कैथल /14 अगस्त 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स

कैथल में साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है। फेसबुक पर निवेश के जरिए मोटा मुनाफा कमाने का विज्ञापन देखकर एक व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार हो गया। ठगों ने उसे वाट्सएप ग्रुप में जोड़कर एक एप के जरिए निवेश करने के लिए तैयार किया। ठगों ने अलग-अलग शेयरों के नाम पर करीब छह लाख रुपये लगवा लिए। जब पीड़ित ने अपनी रकम वापस निकालने का प्रयास किया तो पैसे नहीं निकले। इसके बाद पीड़ित को अपने साथ ठगी होने का पता चला।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

डेरा कल्लर माजरा निवासी ने दी शिकायत

डेरा कल्लर माजरा निवासी ह्रदयपाल सिंह ने साइबर क्राइम थाना में शिकायत दी है। शिकायत के अनुसार वह नोएडा स्थित एक कंपनी में प्रोजेक्ट मैनेजर के पद पर काम करता है। 24 जुलाई को फेसबुक चलाते समय उसकी नजर एक ऐसे विज्ञापन पर पड़ी। इस विज्ञापन में एप के माध्यम से पैसा लगाकर अधिक मुनाफा कमाने का दावा किया गया था। विज्ञापन पर क्लिक करने के बाद उसे एक वाट्सऐप ग्रुप में जोड़ दिया गया।

वाट्सऐप ग्रुप और एप के जरिए फंसाया

ग्रुप में कई सदस्य मौजूद थे। ग्रुप के सदस्यों द्वारा बड़ी रकम निवेश कर मुनाफा कमाने का दिखावा किया जा रहा था। इसी दौरान ह्रदयपाल को एक एप के बारे में बताया गया। ठगों ने लिंक भेजकर उसे एप डाउनलोड करने के लिए कहा। एप में आधार कार्ड, पैन कार्ड और बैंक खाते समेत अन्य जानकारी दर्ज कराई गई।

इस तरह हड़पे छह लाख रुपये

शिकायत के अनुसार उसने पांच अगस्त को पहली बार 10 हजार रुपये लगाए। अगले दिन 92 हजार रुपये और इसके बाद एक लाख रुपये निवेश किए गए। उसे अलग-अलग तीन शेयरों में निवेश करने की जानकारी दी गई। उसने एप के माध्यम से तीनों में एक-एक लाख रुपये लगा दिए। इस तरह अलग-अलग शेयरों के नाम पर उससे करीब छह लाख रुपये निवेश करवा लिए गए। 11 अगस्त को जब उसने अपनी रकम वापस निकालने की कोशिश की तो पैसे नहीं निकले। इसके बाद उसे समझ आया कि वह साइबर ठगी का शिकार हो चुका है। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच एएसआई अमृतपाल को सौंप दी है।

Share:

Comments

Leave a comment