कैथल में डीसी अपराजिता ने बीएलओ सत्यापन और मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर की समीक्षा बैठक, युवाओं से वोट बनवाने की अपील

बीएलओ सत्यापन के लिए घर पहुंचे तो सही जानकारी एवं आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध करवाएं मतदाता : डीसी अपराजिता
विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर डीसी ने समीक्षा बैठक, अधिकारियों को दिए समयबद्ध कार्य पूरा करने के निर्देश
डीसी ने 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाएं से की वोट बनवाने की अपील
कैथल//01 सितंबर 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी अपराजिता ने कहा कि मतदाता सूची को पारदर्शी, शुद्ध एवं अपडेट बनाए रखना निर्वाचन प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है। संबंधित अधिकारी इस कार्य को पूरी गंभीरता के साथ करें। साथ ही मतदाता भी इस कार्य में पूरा सहयोग करें। जब बीएलओ सत्यापन के लिए उनके घर पहुंचे तो उन्हें सही जानकारी एवं आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध करवाएं, ताकि मतदाता सूची का सत्यापन कार्य सुचारू रूप से पूरा हो सके। उन्होंने आमजन से अपील की है कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके सभी युवा अपना वोट अवश्य बनावाएं।
डीसी अपराजिता मंगलवार को लघु सचिवालय के वीडियो कांफ्रेंस हाल में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य को लेकर संबंधित अधिकारियों संबोधित कर रहीं थीं। इससे पहले हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए. श्रीनिवास ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश में चल रहे मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। डीसी अपराजिता ने कहा कि मतदाता सूची से संबंधित प्राप्त दावों एवं आपत्तियों की सुनवाई निर्धारित समय-सीमा में पूरी की जाए। बीएलओ सत्यापन कार्य में तेजी लाएं। वहीं आमजन भी बीएलओ द्वारा मांगे गई आवश्यक जानकारी उपलब्ध करवाएं। साथ ही 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके सभी पात्र युवाओं के वोट बनाए जाएं। सभी बीएलओ के पास सभी संबंधित फार्म उपलब्ध होने चाहिए।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी अपराजिता ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग ने हरियाणा में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की संशोधित समय-सारणी जारी की है। इसके तहत दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराने की अंतिम तिथि अब 30 सितंबर 2026 कर दी गई है। इस अवधि के दौरान पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम शामिल करवाने के साथ-साथ मतदाता सूची में दर्ज नाम अथवा विवरण से संबंधित दावे एवं आपत्तियां भी प्रस्तुत कर सकते हैं। अंतिम मतदाता सूची 6 नवंबर 2026 को प्रकाशित की जाएगी।
डीसी अपराजिता ने जिले के सभी पात्र नागरिकों से अपील की कि वे निर्धारित अवधि के दौरान मतदाता सूची में अपने नाम और विवरण की जांच अवश्य करें। यदि किसी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है या नाम, पता अथवा अन्य विवरण में किसी प्रकार की त्रुटि है, तो वह निर्धारित अवधि के भीतर संबंधित दावा या आपत्ति दर्ज करवाए।