कैथल: ग्लूकोज के डिब्बों के पीछे छिपाकर डोडा पोस्त ले जाता ट्रक चालक गिरफ्तार, 90 लाख का माल बरामद

कैथल: ग्लूकोज के डिब्बों के पीछे छिपाकर डोडा पोस्त ले जाता ट्रक चालक गिरफ्तार, 90 लाख का माल बरामद

कैथल पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी कार्रवाई की है। कैथल पुलिस की स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट ने एनएच-152डी पर एक ट्रक से 488 किलो 600 ग्राम डोडा पोस्त बरामद किया है। पुलिस ने नशीले पदार्थ को ग्लूकोज के डिब्बों के पीछे छिपाकर ले जा रहे ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही पुलिस ने ट्रक को भी अपने कब्जे में ले लिया है। बरामद नशीले पदार्थ की कीमत करीब 90 लाख रुपये आंकी गई है। यह घटना 19 अगस्त की है।

गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस की कार्रवाई

स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट के प्रभारी इंस्पेक्टर सुनील कुमार के अनुसार एएसआई जसबीर सिंह की टीम बुधवार को अपराधों की रोकथाम के लिए गांव मोहना क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि नारनौल की तरफ से एक लाल रंग के आइशर छह टायरी ट्रक में भारी मात्रा में डोडा पोस्त छिपाकर ले जाया जा रहा है। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने अपनी कार्रवाई शुरू की।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

एनएच-152डी पर नाकाबंदी और ट्रक की तलाशी

सूचना के आधार पर पुलिस ने एनएच-152डी पर मोहना टोल से करीब एक किलोमीटर आगे अंबाला की तरफ नाकाबंदी कर दी। कुछ देर बाद बताए गए नंबर का ट्रक वहां पहुंचा। पुलिस ने ट्रक को रुकवाकर उसकी जांच शुरू कर दी। ट्रक चालक की पहचान सफदरपुर, जिला पटियाला, हाल निवासी राजपुरा, पंजाब निवासी संदीप सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक ट्रक के ऊपर ग्लूकोज के डिब्बे लदे हुए थे। जब सामान को हटाकर जांच की गई तो पीछे काले रंग के प्लास्टिक के कट्टे छिपाए हुए मिले।

22 कट्टों से बरामद हुआ भारी मात्रा में डोडा पोस्त

तलाशी के दौरान कुल 22 कट्टे बरामद हुए। नियमानुसार जांच करने पर इन कट्टों में 488 किलो 600 ग्राम डोडा पोस्त मिला। मौके पर सूचना मिलने के बाद डीएसपी सुशील प्रकाश भी वहां पहुंचे। उनकी मौजूदगी में नियमानुसार पूरी कार्रवाई की गई। इस मामले में थाना पूंडरी में केस दर्ज किया गया है। स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट से मौके पर पहुंचे एएसआई तरसेम कुमार ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और तस्करी में इस्तेमाल ट्रक को भी जब्त कर लिया।

आगे की जांच और अदालत में पेशी

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि डोडा पोस्त की यह खेप मध्य प्रदेश से पंजाब ले जाई जा रही थी। पुलिस अब आरोपी से यह पता लगाने में जुटी है कि नशीला पदार्थ किससे लिया गया था। इसके साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि पंजाब में इसकी सप्लाई किसे की जानी थी। आरोपी संदीप सिंह को गुरुवार को अदालत में पेश किया जाएगा।

Share:

Comments

Leave a comment