सावन शिवरात्रि पर कैथल के गीता भवन मंदिर में गूंजे भोलेनाथ के जयकारे और भजनों पर झूमी संगत

सावन शिवरात्रि पर कैथल के गीता भवन मंदिर में गूंजे भोलेनाथ के जयकारे और भजनों पर झूमी संगत

कैथल के पावन सावन शिवरात्रि के अवसर पर मनोकामना पूर्ण शिव शक्ति सिद्ध पीठ, श्री गीता भवन मंदिर में भजन-कीर्तन एवं शिव आराधना का भव्य आयोजन श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ किया गया। सावन शिवरात्रि पर गीता भवन मंदिर में भोलेनाथ के जयकारे गूंजे और संगत भजनों पर झूमी। इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और भगवान शिव की आराधना की।

कार्यक्रम का शुभारंभ और भजन-कीर्तन

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

कार्यक्रम का शुभारंभ शहर के जाने माने उद्योगपति, समाजसेवी, श्री गीता भवन मन्दिर प्रधान कैलाश भगत एवं उनकी धर्मपत्नी द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना एवं भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद लेकर किया गया। इसके पश्चात प्रसिद्ध भजन गायक दर्पण शर्मा ने भगवान शिव की महिमा का गुणगान करते हुए एक से बढ़कर एक शिव भजनों की प्रस्तुति दी। दर्पण शर्मा के मधुर एवं भावपूर्ण भजनों से पूरा वातावरण शिवमय और भक्तिमय हो गया। ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो स्वयं शंभूनाथ शिव आराधना में पधारकर अपनी कृपा बरसा रहे हों। भजनों के दौरान उपस्थित श्रद्धालु भाव-विभोर होकर भगवान शिव की भक्ति में लीन हो गए तथा पूरा मंदिर परिसर हर-हर महादेव और ॐ नमः शिवाय के जयकारों से गूंज उठा।

नायरा ठकराल की प्रस्तुति और प्रसाद वितरण

इस अवसर पर नन्ही बच्ची नायरा ठकराल ने नीलकंठ महादेव का रूप धारण करके भोले बाबा का भव्य आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किया। नायरा ठकराल के इस नृत्य ने कार्यक्रम में उपस्थित श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस अवसर पर मंदिर प्रबंधन की ओर से कार्यक्रम में पहुंची समस्त संगत के लिए व्रत वाले प्रसाद की विशेष व्यवस्था की गई। श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में प्रधान, कार्यकारिणी एवं श्री गीता भवन मंदिर के समस्त सदस्यों का विशेष सहयोग रहा। मंदिर प्रबंधन ने कार्यक्रम में पधारने वाले सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।

Share:

Comments

Leave a comment