कैथल में हर घर तिरंगा अभियान के तहत लघु सचिवालय में एक विशेष प्रदर्शनी का शुभारंभ किया गया है। बीजेपी जिलाध्यक्ष ज्योति सैनी ने इस प्रदर्शनी का उद्घाटन किया और इस दौरान उन्होंने सेल्फी प्वाइंट पर फोटो भी खिंचवाई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हर घर तिरंगा अभियान पूरे देश में बड़े उत्साह और जोश के साथ चलाया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य लक्ष्य हर व्यक्ति तक देश के प्रति भावना को प्रबल करना है। हरियाणा में माननीय मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की अगुवाई में 9 अगस्त से 17 अगस्त तक लगातार कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। स्कूलों, कॉलेजों और प्रशासनिक कार्यालयों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
लघु सचिवालय स्थित सभागार में जिला प्रशासन द्वारा आयोजित की गई प्रदर्शनी का शुभारंभ करने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए जिलाध्यक्ष ज्योति सैनी ने कहा कि
तिरंगा केवल हमारा राष्ट्रीय ध्वज नहीं है, बल्कि यह देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। इस प्रदर्शनी में तिरंगे के गौरव, देश की एकता-अखंडता और स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े विभिन्न पहलुओं को प्रदर्शित किया गया है।
उन्होंने बताया कि तिरंगे में तीन रंग होते हैं।
केसरिया रंग बलिदान, साहस और त्याग का प्रतीक है। सफेद रंग शांति, सच्चाई और ईमानदारी को दर्शाता है। हरा रंग समृद्धि, हरियाली और विकास का प्रतीक है। बीच में बना नीले रंग का अशोक चक्र न्याय, गति और धर्म का प्रतीक है। उन्होंने सभी से अपील की कि वे अपने घरों पर तिरंगा जरूर फहराएं।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेशभर में 9 से 17 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान के तहत तिरंगा रैली, बाइक रैली, साइकिल रैली और कॉलेजों में व्याख्यान जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर जिला भाजपा महामंत्री मनीष शर्मा और अवधेश कुमार सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे।
जिला प्रशासन द्वारा लघु सचिवालय परिसर में हर घर तिरंगा अभियान के तहत एक सेल्फी प्वाइंट भी बनाया गया है।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि ज्योति सैनी ने यहां सेल्फी खिंचवाई और सभी को संदेश दिया कि वे स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में अपने प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराएं। इस दौरान डीआईपीआरओ नसीब सिंह सैनी व सहायक राहुल शर्मा ने भी सेल्फी खिंचवाई।