कैथल में एंटी नारकोटिक सैल की बड़ी कार्रवाई, 264 ग्राम हेरोइन के साथ पंजाब के तीन युवक गिरफ्तार

कैथल में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एंटी नारकोटिक सैल ने कार्रवाई करते हुए 264 ग्राम हेरोइन के साथ पंजाब के तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। बरामद किए गए इस नशीले पदार्थ की कुल कीमत बाजार में करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्कॉर्पियो गाड़ी को भी जब्त कर लिया है।
सीवन बाईपास पर की गई नाकाबंदी और आरोपियों की धरपकड़
डीएसपी रमेश चंद्र के अनुसार एंटी नारकोटिक सैल प्रभारी एसआई प्रदीप कुमार के नेतृत्व में एसआई जय भगवान की टीम सीवन बाईपास पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार तीन युवक हेरोइन लेकर चीका की तरफ से कैथल के अंबाला रोड की ओर आ रहे हैं। इस पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस ने अंबाला रोड पर तुरंत नाकाबंदी कर दी। कुछ देर बाद बताए गए नंबर की स्कॉर्पियो गाड़ी वहां पहुंच गई। जब पुलिस ने वाहन को रुकने का इशारा किया तो चालक ने गाड़ी को मोड़कर भागने की कोशिश की, लेकिन चौकस पुलिस टीम ने पीछा कर उसे रोक लिया और तीनों युवकों को मौके पर ही काबू कर लिया।
गाड़ी की तलाशी के दौरान बरामद हुई हेरोइन
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान पंजाब के तरनतारन जिले के गांव मालू वाला निवासी विशाल, गांव मुसे खुर्द वाला निवासी अजयदीप और हरप्रीत के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार डीएसपी रमेश चंद्र की मौजूदगी में स्कॉर्पियो गाड़ी की गहनता से तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान गाड़ी की आगे की दोनों सीटों के बीच बने बॉक्स से काले रंग की पॉलीथिन में रखी हुई पारदर्शी पन्नी बरामद हुई। इसी पन्नी के अंदर 264 ग्राम हेरोइन छिपाई गई थी जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया।
पुलिस मामला दर्ज कर कर रही है आगे की पूछताछ
इस पूरे मामले में थाना शहर कैथल में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एएसआई जगभान सिंह ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों से लगातार पूछताछ कर रही है और जल्द ही उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस पूछताछ के दौरान इस नशे की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों और उनके पूरे नेटवर्क के बारे में अहम जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है।