कैथल में स्वतंत्रता दिवस पर मंत्री कृष्ण बेदी ने फहराया तिरंगा

Atal Hind Team Online15 August 20268 min read44 viewsकैथल
कैथल में स्वतंत्रता दिवस पर मंत्री कृष्ण बेदी ने फहराया तिरंगा

भारत को मजबूत एवं समृद्ध राष्ट्र के रूप में आगे बढ़ाना आज की पीढ़ी की जिम्मेदारी : मंत्री कृष्ण कुमार बेदी

-पुलिस लाइन में भव्य एवं गरिमामयी रूप से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस समारोह

-हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने किया स्वतंत्रता दिवस समारोह में ध्वजारोहण, ली परेड की सलामी

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

-कहा : हरियाणा की धरती वीरता, त्याग और देशभक्ति की धरती, 2047 तक विकसित भारत और विकसित हरियाणा बनाना हमारा लक्ष्य

राजकुमार अग्रवाल/कैथल /15 अगस्त 2026 /अटल हिन्द समाचार सहयोगी

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि आज का दिन देश के लिए गौरव और संकल्प का दिन है। क्योंकि इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस के साथ हरियाली तीज का पर्व भी मनाया जा रहा है, जो प्रकृति, संस्कृति और नारी शक्ति की समृद्ध परंपरा का प्रतीक है। स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, तपस्या और बलिदान से मिली आजादी को मजबूत एवं समृद्ध राष्ट्र के रूप में आगे बढ़ाना आज की पीढ़ी की जिम्मेदारी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प के साथ मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के विकसित हरियाणा के लक्ष्य को हासिल करने के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा।

मंत्री कृष्ण कुमार बेदी शनिवार को पुलिस लाइन में आयोजित जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी ली। साथ ही प्रदेशवासियों को 80 वें स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए स्वतंत्रता सेनानियों, शहीदों और देश की सीमाओं की रक्षा कर रहे वीर जवानों को नमन किया।

मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि आज का दिन देश के लिए गौरव और संकल्प का दिन है। सरकार शहीदों के परिवारों के सम्मान और कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। पिछले लगभग 12 वर्षों में करीब सवा चार सौ शहीदों के आश्रितों को सरकारी नौकरी प्रदान की गई है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा वीरता, त्याग और देशभक्ति की धरती है। 10 मई 1857 को अंबाला से उठी स्वतंत्रता आंदोलन की चिंगारी ने पूरे देश में आजादी की अलख जगाई थी। इस गौरवपूर्ण इतिहास को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने के लिए अंबाला छावनी में भव्य शहीदी स्मारक का निर्माण अंतिम चरण में है।

कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता, नवाचार और आर्थिक विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। भारत दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में अपनी स्थिति मजबूत करते हुए विकसित भारत के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है। वहीं मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा भी तरक्की के नये आयाम स्थापित कर रहा है।

मंत्री ने कहा कि आधुनिक परिवहन और हरित तकनीक के क्षेत्र में भी हरियाणा नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। उन्होंने 17 जुलाई 2026 को जींद रेलवे स्टेशन से जींद-सोनीपत के बीच देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन के संचालन को भारत की तकनीकी क्षमता और स्वच्छ परिवहन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ने कहा कि अनुसूचित जातियों, पिछड़े वर्गों और अन्य वंचित वर्गों के कल्याण के लिए सरकार ने कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। साथ ही अनेकों कल्याणकारी योजनाएं चलाई हैं, जिसका सीधा लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। सरकारी अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों में किडनी रोगियों के लिए निशुल्क डायलिसिस की सुविधा उपलब्ध है।

उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में प्रदेश में एक चिकित्सा विश्वविद्यालय और 12 मेडिकल कॉलेज स्थापित किए गए हैं। मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस की 2,260 और पीजी की 788 सीटों की वृद्धि हुई है। युवाओं को बिना पर्ची और बिना खर्ची के योग्यता के आधार पर रोजगार दिया जा रहा है। स्वतंत्रता सेनानियों और उनके आश्रितों की पेंशन 25 हजार से बढ़ाकर 40 हजार रुपये की गई है।

कैथल जिले के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए मंत्री ने कहा कि जिले में करीब एक हजार करोड़ रुपये की लागत से भगवान परशुराम मेडिकल कॉलेज लगभग बनकर तैयार है और इसे जल्द शुरू किया जाएगा। धेरडू गांव में नर्सिंग कॉलेज का भवन बनाया गया है। कैथल में प्रदेश का एकमात्र संस्कृत विश्वविद्यालय महर्षि वाल्मीकि संस्कृत विश्वविद्यालय भी स्थापित है। उन्होंने कहा कि कैथल से तीन राष्ट्रीय राजमार्ग गुजरते हैं, जिससे जिले की कनेक्टिविटी देश के विभिन्न हिस्सों से बेहतर हुई है। शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला कल्याण और परिवहन सहित विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्य लगातार जारी हैं।

कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि किसान कल्याण के लिए हरियाणा सरकार प्रतिबद्ध है। यहां 24 फसलों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर करने की व्यवस्था की गई है। वहीं हरियाणा की बेटियों ने शिक्षा, खेल, विज्ञान और प्रशासन सहित विभिन्न क्षेत्रों में प्रदेश का नाम रोशन किया है। लाडो लक्ष्मी योजना के माध्यम से महिलाओं को प्रतिमाह 2,100 रुपये की राशि दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने में युवा शक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस की थीम भी युवा शक्ति—विकसित भारत, 2047 की यात्रा का नेतृत्व युवाओं की भूमिका को रेखांकित करती है। साथ ही राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होना भी हमारे लिए गौरव का विषय है।

मंत्री ने नशे को युवा शक्ति और समाज के भविष्य के लिए गंभीर खतरा बताते हुए कहा कि सरकार नशे के खिलाफ व्यापक जन जागरूकता अभियान चला रही है। वहीं हरियाणा के खिलाड़ियों ने देश और दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई है। ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय दल ने 13 स्वर्ण, 17 रजत और 9 कांस्य सहित कुल 39 पदक जीते। इनमें हरियाणा के खिलाड़ियों ने 10 पदक हासिल किए, जिनमें सात स्वर्ण पदक शामिल हैं। प्रदेश की बेटियों ने पांच स्वर्ण पदक जीतकर हरियाणा का गौरव बढ़ाया है।

मंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य पारदर्शी, जवाबदेह और जन-केंद्रित शासन व्यवस्था स्थापित करना है। ऑनलाइन पोर्टल और डिजिटल माध्यमों के जरिए सरकारी सेवाएं लोगों के घर-द्वार तक पहुंचाई जा रही हैं। जब वर्ष 2047 में देश अपनी स्वतंत्रता की शताब्दी मनाएगा। उस समय भारत को विकसित राष्ट्र और हरियाणा को विकसित राज्य बनाने की जिम्मेदारी आज की पीढ़ी की है। उन्होंने हरियाणा सरकार द्वारा आमजन के कल्याण के लिए चलाई गई योजनाओं की जानकारी दी।

उन्होंने सभी से आह्वान करते हुए कहा कि हमें ऐसा हरियाणा बनाना है, जहां किसान समृद्ध हों, युवा रोजगार पाने के साथ रोजगार देने वाले बनें, बेटियां सुरक्षित, शिक्षित और आत्मनिर्भर हों, उद्योगों को अवसर और युवाओं को रोजगार मिले, गरीब परिवारों को सम्मानजनक जीवन की सुविधाएं मिलें तथा गांव और शहर समान रूप से विकसित हों। इसलिए सभी विकसित भारत और विकसित हरियाणा के निर्माण में अपना सक्रिय योगदान दें।

इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष ज्योति सैनी, पूर्व विधायक लीला राम, पूर्व विधायक फूल सिंह खेड़ी, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक गुर्जर, पूर्व जिला अध्यक्ष मनीष कठवाड़, सांसद कार्यालय प्रभारी रविंद्र धीमान, नगर परिषद अध्यक्षा सुरभि गर्ग, जिला पार्षद मनीष शर्मा, नगर परिषद उपाध्यक्षा सीमा, हरपाल क्योड़क, शक्ति सौदा, पार्षद लीलू सैनी, सहित जिला प्रशासन की ओर से डीसी अपराजिता, एसपी मनप्रीत सिंह सूदर, एडीसी डा. सुशील कुमार, डीएमसी कपिल शर्मा, एसडीएम संजय कुमार, एमडी शुगर मिल कृष्ण कुमार, सीटीएम कैप्टन परमेश सिंह सहित विभिन्न विभागाध्यक्ष एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

स्वतंत्रता दिवस समारोह में विद्यार्थियों ने बांधा समां

देशभक्ति, लोक संस्कृति और सामाजिक संदेशों से सजीं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां

कैथल, 15 अगस्त। जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह बड़ी से धूमधाम से मनाया गया। विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति, लोक संस्कृति और सामाजिक जागरूकता से जुड़ी शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर खूब रंग जमाया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने पूरे माहौल को देशभक्ति के जज्बे से भर दिया।

सबसे पहले एम.डी.एन. ग्लोबल स्कूल के विद्यार्थियों ने समूह देशभक्ति गीत प्रस्तुत किया। मैं मर भी जाऊं तो वतन ये याद रहेगा बोलों पर आधारित इस प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों में राष्ट्रप्रेम की भावना को और मजबूत किया।

हिंदू गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्राओं ने सबना तो ऊंची तेरी शान वो तिरंगया गीत पर पंजाबी नृत्य प्रस्तुत किया। वहीं आर्य गर्ल्स हाई स्कूल की छात्राओं ने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ थीम पर आधारित हरियाणवी नृत्य प्रस्तुत किया। छोरा हो या छोरी, अब तो थाली बाजेगी के माध्यम से बालिकाओं के सम्मान और समानता का प्रभावशाली सामाजिक संदेश दिया गया।

इसी प्रकार राधा कृष्णन स्कूल के विद्यार्थियों ने नशा मुक्ति एवं देशभक्ति थीम पर विशेष कोरियोग्राफी प्रस्तुत की। राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, गीता भवन एवं जाखौली अड्डा की छात्राओं की संयुक्त टीम ने हरियाणा एक, हरियाणवी एक गीत पर शानदार हरियाणवी समूह नृत्य प्रस्तुत किया। प्रस्तुति के माध्यम से हरियाणा की सांस्कृतिक एकता, भाईचारे और गौरव को दर्शाया गया। इसी प्रकार सुपार्श्व जैन स्कूल के विद्यार्थियों ने भी आजादी की लड़ाई में अपना बलिदान देने वाले हरियाणा स्वतंत्रता सेनानियों का जिक्र किया, वहीं सामाजिक बुराईयों पर भी कटाक्ष किया।

ये टीमें रही विजेता

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में एमडीएन ग्लोबल स्कूल प्रथम, सुपार्श्व जैन स्कूल द्वितीय तथा आर्य कन्या हाई स्कूल तीसरे स्थान पर रहे। इसी प्रकार परेड में जिला महिला पुलिस की टुकड़ी प्रथम, एनसीसी ब्वायज स्कूल द्वितीय तथा राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की टुकड़ियों तीसरे स्थान पर रही। साथ ही विभिन्न गतिविधियों में भाग लेने वाले सभी बच्चों को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने बच्चों के लिए दो लाख रुपये देने की घोषणा की। होली पथ स्कूल के मूक बधिर बच्चों के लिए एक लाख 25 हजार रुपये देने की घोषणा की।

Share:

Comments

Leave a comment