कैथल में मानस हेल्पलाइन-1933 बनी नशे के खिलाफ मुहिम की अहम कड़ी, दुकान चोरी मामले में आरोपी गिरफ्तार

कैथल में मानस हेल्पलाइन-1933 बनी नशे के खिलाफ मुहिम की अहम कड़ी, दुकान चोरी मामले में आरोपी गिरफ्तार

कैथल पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए आमजन को राष्ट्रीय नारकोटिक्स हेल्पलाइन मानस-1933 के प्रति जागरूक किया जा रहा है। मानस हेल्पलाइन-1933 नशे के खिलाफ कैथल पुलिस की मुहिम में अहम कड़ी बनेगी। नशा मुक्त हो जिला अभियान के तहत जिला वासी सहयोग करें। यह अपील पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन ने की है।

मानस-1933 हेल्पलाइन नंबर की विशेषताएं और अपील

पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि नशा तस्करी अथवा नशे से संबंधित किसी भी गतिविधि की जानकारी मानस हेल्पलाइन नंबर 1933 पर साझा करें और नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग दें। एसपी ने बताया कि मानस हेल्पलाइन 24 घंटे उपलब्ध है। इस पर नशे की तस्करी, बिक्री, सेवन तथा इससे जुड़ी गतिविधियों की जानकारी दी जा सकती है। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान को गोपनीय रखा जाएगा। प्राप्त सूचनाओं पर कैथल पुलिस द्वारा नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने बताया कि मानस हेल्पलाइन केवल नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि नशे की गिरफ्त में आए लोगों को काउंसलिंग, उपचार एवं पुनर्वास संबंधी सहायता उपलब्ध कराने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इसके माध्यम से नशे से प्रभावित व्यक्ति एवं उसके परिवार को उचित मार्गदर्शन प्राप्त करने में मदद मिलेगी।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

नशा मुक्त भारत अभियान और नागरिकों की भागीदारी

एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई में केवल तस्करों पर कार्रवाई करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि नशे की गिरफ्त में आए लोगों को मुख्यधारा में वापस लाना भी उतना ही जरूरी है। मानस-1933 इस दिशा में महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने युवाओं और अभिभावकों से अपील की कि यदि उनके आसपास कोई व्यक्ति नशे की समस्या से जूझ रहा है तो उसे मदद और काउंसलिंग के लिए उचित मार्गदर्शन दिलाएं। एसपी ने कहा कि कैथल पुलिस द्वारा नशा मुक्त भारत अभियान के तहत लगातार स्कूलों, गांवों और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान को सफल बनाने के लिए पुलिस प्रशासन के साथ-साथ प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने आमजन से आह्वान किया कि नशा तस्करी की सूचना छुपाएं नहीं, मानस-1933 पर दें। एक छोटी सी सूचना किसी परिवार को नशे के दुष्प्रभाव से बचाने और समाज को नशा मुक्त बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती है।

दुकान का ताला तोड़कर नकदी व बैटरी चोरी मामले में एंटी नारकोटिक सेल द्वारा आरोपी काबू

कैथल में दुकान का ताला तोड़कर गल्ले से नकदी व बिजली की बैटरी चोरी करने के मामले में एंटी नारकोटिक सेल द्वारा एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया की राहुल निवासी फतेहपुर, पुण्डरी की शिकायत अनुसार उसकी करनाल रोड, कैथल स्थित कान्हा सोफा एंड सीट मेकर के नाम से दुकान है। 10 अगस्त 2025 को वह दुकान पर ताला लगाकर सामान लेने के लिए कैथल गया था। वापस लौटने पर दुकान का ताला टूटा हुआ मिला। जांच करने पर गल्ले से करीब 3,000 रुपये नकद तथा एक बिजली की बैटरी चोरी मिली। जिस बारे थाना पूंडरी में मामला दर्ज किया गया था। मामले की जांच एंटी नारकोटिक सैल प्रभारी एसआई प्रदीप कुमार की अगुवाई में एचसी सुनील कुमार की टीम द्वारा आरोपी बैंक कॉलोनी कैथल निवासी कपिल को गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में पहले ही एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया जा चुका है। आरोपी के कब्जे से 500 रुपए बरामद किए गए। आरोपी न्यायालय के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

Share:

Comments

Leave a comment