कैथल: मेरा सब कुछ छिन गया... सुसाइड नोट लिखकर 24 वर्षीय विवाहिता ने फांसी लगाकर दी जान, पति समेत पांच पर केस दर्ज

कैथल शहर के पुंज मोहल्ले में सोमवार को एक 24 वर्षीय विवाहिता ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद मृतका के परिवार में कोहराम मच गया है और परिजनों ने शहर थाना पुलिस को शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। आत्महत्या से पहले विवाहिता ने दो पेज का सुसाइड नोट लिखा था, जिसमें उसने अपनी जिंदगी में चल रही कथित प्रताड़ना और परेशानियों का जिक्र किया है।
ससुरालियों पर लगे गंभीर आरोप
मृतका के मामा बजरंग राज ने बताया कि उनकी भांजी ज्योति की शादी नवंबर 2025 में रैली गोदाम निवासी नवीन बंसल के साथ हुई थी। परिवार ने अपनी आर्थिक स्थिति के अनुसार शादी में दान-दहेज दिया था, लेकिन शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष की ओर से दहेज की मांग को लेकर ज्योति को परेशान किया जाने लगा। परिजनों का आरोप है कि ज्योति को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था और वह काफी समय से परेशान थी।
सुसाइड नोट में बयां किया दर्द
मौत से पहले लिखे गए कथित सुसाइड नोट में ज्योति ने लिखा कि उसके गरीब माता-पिता ने अपनी हैसियत से बढ़कर उसकी शादी की, लेकिन इसके बावजूद ससुराल पक्ष का कथित लालच खत्म नहीं हुआ। सुसाइड नोट में उसने लिखा कि ‘मेरा सब कुछ छिन गया’ और साथ ही गरीब परिवारों की बेटियों को लेकर अपनी पीड़ा जाहिर करते हुए लिखा कि अगर दुनिया में गरीब के लिए न्याय नहीं है तो गरीब की बेटियों की बलि चढ़ाना बंद की जाए।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
शहर थाना के जांच अधिकारी महीपाल ने बताया कि विवाहिता के आत्महत्या करने की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी। मृतका के परिजनों की शिकायत और सुसाइड नोट के आधार पर पुलिस ने नवीन बंसल समेत ससुराल पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब सुसाइड नोट में लगाए गए आरोपों के साथ-साथ परिवार द्वारा लगाए गए अन्य सभी आरोपों की भी गंभीरता से जांच कर रही है।