कैथल में 20 हजार का इनामी बदमाश अवैध कट्टे सहित गिरफ्तार, करनाल रेंज के नए आईजी ने संभाला पदभार

कैथल में 20 हजार का इनामी बदमाश अवैध कट्टे सहित गिरफ्तार, करनाल रेंज के नए आईजी ने संभाला पदभार

जिला कैथल में अपराध और अपराधियों के खिलाफ पुलिस द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट द्वारा 315 बोर अवैध देसी कट्टा व 2 रौंद सहित एक आरोपी को काबू किया गया है। आरोपी पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित है और वह सोनीपत में फिरौती मांगने के मामले में वांछित था। जिला कैथल में एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के आदेशानुसार अवैध असला अमुनेशन रखने वाले अपराधियों की धरपकड़ के लिए मुहिम चलाई जा रही है। इसी मुहिम के तहत स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट कैथल द्वारा यह कार्रवाई की गई है।

गुप्त सूचना के आधार पर कलायत से दबोचा गया आरोपी

डीएसपी बीरभान ने बताया कि स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट प्रभारी इंस्पेक्टर सुनील कुमार की अगुवाई में एचसी देवेंद्र सिंह की टीम गस्त दौरान गांव शिमला बस अड्डा पर मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस टीम को गुप्तचर से विशेष सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना के अनुसार गांव भागल निवासी राहुल उर्फ गोगी अवैध देसी कट्टा लेकर किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में खड़ा था। आरोपी के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं तथा वह काफी समय से फरार चल रहा था। यह आरोपी आईटीआई कलायत के सामने हिसार-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे-152 पर खड़ा था।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

सूचना विश्वसनीय होने के कारण पुलिस टीम द्वारा तुरंत कार्रवाई करते हुए आईटीआई कलायत के सामने दबिश दी गई। वहाँ बताए हुलिए के अनुसार एक युवक पुलिस की गाड़ी को देखकर हाईवे से कलायत की तरफ भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा करके कुछ दूरी पर ही आरोपी को काबू कर लिया। आरोपी की पहचान गांव भागल निवासी राहुल उर्फ गोगी के रूप में हुई है। तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से 315 बोर का देसी कट्टा तथा 2 रौंद बरामद किए गए।

आपराधिक मामलों का इतिहास और अमेरिका से डिपोर्ट

आरोपी के खिलाफ थाना कलायत में नया मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी पर वर्ष 2004 दौरान जिला सोनीपत में फिरौती के एक मामले में 20 हजार रुपये का इनाम घोषित था। इस मामले में आरोपी लंबे समय से वांछित चल रहा था। आरोपी पर कैथल, नरवाना जींद व सोनीपत में कातिलाना हमला, फिरौती, आर्म्स एक्ट व लूट के करीब 8 मामले दर्ज हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी अपराध के बाद अमेरिका भाग गया था और हाल ही में पिछले दिनों अमेरिका से डिपोर्ट होकर वापस आया था। आरोपी का व्यापक पूछताछ के लिए न्यायालय से 5 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है।

करनाल रेंज को मिला नया नेतृत्व, अश्विन शेन्वी ने संभाला आईजी का कार्यभार

हरियाणा सरकार द्वारा जारी तबादला आदेशों के तहत करनाल रेंज को नया नेतृत्व मिला है। वर्ष 2006 बैच के आईपीएस अधिकारी अश्विन शेन्वी ने सोमवार को पुलिस महानिरीक्षक, करनाल मंडल, करनाल के पद का विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया है। हरियाणा सरकार द्वारा श्री अश्विन शेन्वी को पुलिस महानिरीक्षक, करनाल रेंज के साथ-साथ महानिरीक्षक, हरियाणा सशस्त्र पुलिस, मधुबन, करनाल का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। कार्यभार ग्रहण करने के अवसर पर रेंज कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नवनियुक्त पुलिस महानिरीक्षक अश्विन शेन्वी का जोरदार स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से परिचय प्राप्त करते हुए रेंज के अंतर्गत आने वाले जिलों की कानून-व्यवस्था से संबंधित जानकारी ली।

पदभार संभालने के बाद आईजी अश्विन शेन्वी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि करनाल रेंज में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा। आमजन में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना तथा अपराध एवं संगठित अपराध के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत प्रभावी कार्रवाई करना उनकी मुख्य प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि करनाल रेंज के अंतर्गत आने वाले करनाल, पानीपत और कैथल जिलों में जन-सहयोग आधारित पुलिसिंग को बढ़ावा दिया जाएगा। साथ ही नशा मुक्ति अभियान, महिला सुरक्षा तथा आमजन की शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी निवारण सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि आमजन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व करनाल रेंज के पुलिस महानिरीक्षक रहे अशोक कुमार का स्थानांतरण महानिरीक्षक, पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय, सुनारिया के पद पर किया गया है।

थाना चीका पुलिस ने पकड़ी 13 बोतल देसी शराब

अवैध शराब का धंधा करने वाले आरोपियों पर एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के आदेशानुसार कड़ा शिकंजा कसा जा रहा है। थाना चीका पुलिस द्वारा कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को 13 बोतल देसी शराब सहित काबू कर लिया गया है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि थाना चीका पुलिस के एसआई बलजीत सिंह की टीम को गश्त के दौरान एक गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी। इस सूचना के उपरांत गुहला बस स्टैंड के सामने स्थित एक दुकान पर पुलिस टीम द्वारा दबिश दी गई। इस दबिश के दौरान गांव बलबेहड़ा निवासी कृष्ण कुमार को मौके पर काबू किया गया।

जांच के दौरान दुकान में रखी शराब की पेटियों की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कुल 13 बोतल ठेका देसी शराब बरामद की गई है। बरामद की गई अवैध शराब को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ थाना चीका में आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी के खिलाफ पुलिस द्वारा नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

एंटी नारकोटिक सैल कैथल ने 7.03 ग्राम हेरोइन सहित दबोचा तस्कर

एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के सख्त आदेशों के तहत नशा तस्करों पर शिकंजा कसने का अभियान जारी है। एंटी नारकोटिक सैल कैथल द्वारा कैथल क्षेत्र से एक आरोपी को 7.03 ग्राम हेरोइन यानी चिट्टा सहित काबू किया गया है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि एंटी नारकोटिक सैल कैथल प्रभारी एसआई प्रदीप कुमार की अगुवाई में टीम अपराध की रोकथाम के लिए गश्त पर थी। गश्त के दौरान टीम बस अड्डा कैथल के पास मौजूद थी, जहाँ एक खास गुप्त सूचना मिली। सूचना के मुताबिक करनाल रोड छोटूराम चौक के पास एक व्यक्ति किसी को हेरोइन बेचने के लिए खड़ा है।

सूचना विश्वसनीय होने के कारण पुलिस टीम ने पूरी मुस्तैदी का परिचय देते हुए तुरंत करनाल रोड छोटूराम चौक के पास दबिश दी। वहाँ बताए गए हुलिए का एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया, जो पुलिस टीम को देखकर घबरा गया। उस व्यक्ति ने मौके से भागने का प्रयास किया, जिसे पुलिस कर्मचारियों ने मुस्तैदी से दबोच लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान गांव दुसैन निवासी संदीप उर्फ सोना के रूप में हुई है। पुलिस सूचना के बाद मौके पर ईओ कैथल प्रमोद कुमार पहुंचे, जिनकी मौजूदगी में नियमानुसार तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से प्लास्टिक की पन्नी के अंदर से 7.03 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ थाना सिविल लाइन में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। मौके पर पहुंचे एएसआई रोहताश द्वारा आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और अब उसे अदालत में पेश करके गहन पूछताछ की जाएगी।

Share:

Comments

Leave a comment