कैथल में नशा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई, खरकां क्षेत्र से 22.83 ग्राम अफीम के साथ पंजाब का आरोपी गिरफ्तार

कैथल जिले में एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के आदेशानुसार नशा तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है। इसी अभियान के तहत चौकी रामथली पुलिस ने खरकां क्षेत्र से एक आरोपी को 22.83 ग्राम अफीम सहित काबू करने में बड़ी सफलता हासिल की है।
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस की कार्रवाई
पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस चौकी रामथली प्रभारी एएसआई राजेश कुमार की अगुवाई में एएसआई जयपाल सिंह की टीम गश्त के दौरान गांव खरकां से सागरा रोड पर माता गुजरी चौक खरकां के पास मौजूद थी। इस दौरान पुलिस टीम को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि संसार सिंह निवासी चट्ठा गोविंदपुरा जिला संगरूर पंजाब अपने पास नाजायज असला रखता है, जो अभी मोटरसाइकिल पर सवार होकर गांव खरकां की तरफ आने वाला है। सूचना विश्वसनीय होने के कारण पुलिस टीम द्वारा तुरंत रेडिंग पार्टी का गठन किया गया और गांव खरकां से सागरा जाने वाली सड़क पर नाकाबंदी की गई।
संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को किया काबू
पुलिस टीम द्वारा नाकाबंदी के दौरान कुछ समय बाद गांव सागरा की तरफ से मोटरसाइकिल पर सवार एक संदिग्ध व्यक्ति आता दिखाई दिया। जब पुलिस द्वारा उसे रुकने का इशारा किया गया तो उसने मोटरसाइकिल वापस मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता से मोटरसाइकिल चालक को काबू कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी की पहचान चट्ठा गोविंदपुरा, जिला संगरूर पंजाब निवासी संसार सिंह के रूप में हुई।
अफीम बरामद कर आरोपी को किया गिरफ्तार
पुलिस टीम द्वारा नियमानुसार तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल पर बंधे काले रंग के बैग को खोलकर चेक करने पर उसमें एक काले रंग के पॉलीथिन से पारदर्शी में 22.83 ग्राम अफीम बरामद हुई। इस मामले को लेकर आरोपी के खिलाफ थाना गुहला में मामला दर्ज किया गया और मौके पर पहुंचे एएसआई भान सिंह द्वारा आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस द्वारा आरोपी को अदालत में पेश किया जाएगा और लगातार पूछताछ की जा रही है।