कैथल में प्लाट पर कब्जे की नीयत से जानलेवा हमला करने वाला दूसरा आरोपी गिरफ्तार, दो दिन के पुलिस रिमांड पर

कैथल में प्लाट पर कब्जे की नीयत से जानलेवा हमला करने वाला दूसरा आरोपी गिरफ्तार, दो दिन के पुलिस रिमांड पर

प्लाट पर कब्जा करने की नियत से जानलेवा हमला करने के मामले में सीआईए 1 द्वारा दूसरा आरोपी गिरफ्तार कर लिया गया है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी का 2 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है। एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के आदेशानुसार अपराधियों पर शिकंजा कसा जा रहा है। थाना कलायत क्षेत्र में प्लाट पर कब्जा करने की नियत से जानलेवा हमला हुआ था। सीआईए-1 पुलिस प्रभारी एसआई जसवंत सिंह की टीम ने आरोपी कलायत निवासी अनिल कुमार को गिरफ्तार कर लिया है।

शिकायतकर्ता शीशपाल की ओर से दी गई जानकारी

डीएसपी कलायत रोहताश ने जानकारी देते हुए बताया कि वार्ड नंबर 12 कलायत निवासी शीशपाल की शिकायत दर्ज की गई है। शिकायतकर्ता शीशपाल कलायत में टायर पंचर लगाने का काम करता है। उसका रेलवे रोड कलायत पर एक खाली प्लाट था। उसने अपनी पत्नी माया देवी के साथ मिलकर दिनांक 01 जुलाई 2005 को यह प्लाट बेचा था। यह प्लाट उमेश पुत्र सुरेश और नीना पत्नी सुभाष को बेचा गया था। उक्त प्लाट की रजिस्ट्री भी दोनों खरीदारों के नाम करवाई गई थी। शिकायतकर्ता के अनुसार भूमि की खेवट अलग होने के कारण इंतकाल उसके नाम रह गया था।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

फर्जी बयाना और दस्तावेजों को लेकर मुकदमे

उक्त प्लाट पर गैरकानूनी तरीके से कब्जा करने के उद्देश्य से प्रवीण शर्मा उर्फ डुली निवासी कलायत, हाल कैथल द्वारा फर्जी बयाना तैयार किया गया था। इस संबंध में उसने थाना में शिकायत देकर मुकदमा दर्ज करवाया था। इसके अलावा उसकी पत्नी माया देवी ने भी प्लाट से संबंधित फर्जी हस्ताक्षर करने के आरोप में मुकदमा दर्ज करवाया हुआ है। माया देवी ने प्रवीण शर्मा उर्फ डुली पंडित, सोनू रैबारी, सलीम खान तथा राकू राणा के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया हुआ है। उक्त मुकदमों तथा प्लाट पर कब्जा करने में असफल रहने के कारण आरोपी रंजिश रखते हैं।

रंजिश के चलते प्लाट पर निर्माण कार्य में बाधा और तोड़फोड़

प्रवीण शर्मा उर्फ डुली पंडित, सतबीर उर्फ सोनू रैबारी, अनिल रैबारी, राकेश उर्फ राकू राणा तथा सलीम खान निवासी पिजुपुरा उसके और उसकी पत्नी के साथ रंजिश रखते हैं। प्लाट के मालिक उमेश व नीना कैथल में रहते हैं। इसलिए वह और उसकी पत्नी माया देवी प्लाट की देखभाल करते हैं। जब भी वह प्लाट पर निर्माण कार्य करवाते हैं तो आरोपियों द्वारा कथित रूप से निर्माण को नुकसान पहुंचाया जाता है। 26 जून 2026 को भी रात के समय उसकी गैरहाजिरी में प्लाट पर लगाए गए गेट व दीवार को गिरा दिया गया था। इस संबंध में उसकी पत्नी माया देवी द्वारा थाना कलायत में मुकदमा दर्ज करवाया गया था।

1 जुलाई की रात को प्लाट पर हमला और मारपीट

1 जुलाई 2026 की रात करीब साढ़े 10 बजे वह और उसकी पत्नी माया देवी प्लाट में बैठे हुए थे। इसी दौरान सतबीर उर्फ सोनू रैबारी के साथ 2-3 अज्ञात युवक तथा 3-4 मुंह पर कपड़ा बांधे व्यक्ति खेतों की तरफ से दीवार फांदकर प्लाट में घुस आए। शिकायतकर्ता का आरोप है कि उन्होंने दिन में किए गए निर्माण को गिरा दिया। शिकायतकर्ता व उसकी पत्नी द्वारा उन्हें रोकने का प्रयास किया गया तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की। आरोपी जान से मारने की धमकी देकर मौके से चले गए।

रास्ते में रोककर शीशपाल पर कातिलाना हमला

इसके बाद रात करीब 2 बजे वह और उसकी पत्नी दोबारा मौके की ओर जा रहे थे। जब वे रेलवे रोड पर मोरवी नंदन अस्पताल के पास पहुंचे तो एक सफेद रंग की एंडेवर गाड़ी वहां पहुंची। उस गाड़ी में सतबीर उर्फ सोनू रैबारी तथा एक अन्य युवक वहां पहुंचे। आरोप है कि दोनों ने उनका रास्ता रोक लिया। सोनू रैबारी व उसके साथी को देखकर माया देवी अपनी जान बचाने के लिए मोरवी नंदन अस्पताल में चली गई। इसके बाद दोनों आरोपियों ने डंडे लेकर शीशपाल की तरफ दौड़ते हुए कथित रूप से उसे जान से मारने की धमकी दी।

लोहे की गोल पट्टी लगे डंडे से सिर पर वार

सतबीर उर्फ सोनू रैबारी ने लोहे की गोल पट्टी लगे डंडे से उसके सिर पर वार किया। वार लगने के बाद वह अपनी जान बचाने के लिए अस्पताल की तरफ भागा। लेकिन आरोपी उसका पीछा करते रहे और उस पर डंडों से कई वार किए। हमले के दौरान वह नीचे गिर गया। शिकायतकर्ता के अनुसार नीचे गिरने के बाद भी सतबीर उर्फ सोनू रैबारी व उसके साथी ने उस पर डंडों से वार किए। जब सतबीर उर्फ सोनू रैबारी ने दोबारा उसके सिर पर डंडे से वार करने का प्रयास किया तो उसने बचाव में डंडा पकड़ लिया।

अस्पताल में भर्ती और आरोपियों का गिरोह

शोर सुनकर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गए। हमले के बाद माया देवी व अन्य लोगों ने घायल शीशपाल को सरकारी अस्पताल कलायत पहुंचाया। चिकित्सकों ने अधिक चोटें होने के कारण उसे सरकारी अस्पताल कैथल रेफर कर दिया। जिस बारे थाना कलायत में मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच में सामने आया है कि आरोपी सतबीर अपने अन्य साथी प्रवीन उर्फ डुली, सलीम व अन्य के साथ मिलकर संगठित गिरोह चला रहे हैं। यह गिरोह कमजोर आदमी के प्लाट पर जबरन कब्जा, वसूली और धोखाधड़ी करता है। आरोपी कलायत निवासी सतबीर उर्फ सोनू को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है और आरोपी अनिल का 2 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है।

Share:

Comments

Leave a comment