कैथल पुलिस की बड़ी कार्रवाई: नशा मुक्त जिला अभियान के तहत शराब, गांजा और गौवंश तस्करी के मामले में आरोपी गिरफ्तार

कैथल पुलिस की बड़ी कार्रवाई: नशा मुक्त जिला अभियान के तहत शराब, गांजा और गौवंश तस्करी के मामले में आरोपी गिरफ्तार

कैथल जिला पुलिस द्वारा नशा व शराब तस्करों की धरपकड़ और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के दिशा-निर्देशों के अनुसार पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर संदिग्ध तस्करों के ठिकानों की सघन जांच की है। इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करना और अपराधियों तथा नशा तस्करों के मन में भय पैदा करना है। पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि वे किसी भी प्रकार के अवैध कारोबार या मादक पदार्थों की सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम पूरी तरह से गुप्त रखा जाएगा।

गांव धनौरी और पाडला में पुलिस की छापेमारी

शनिवार की सुबह थाना सदर एसएचओ एसआई कुलदीप सिंह और चौकी संगतपुरा प्रभारी एसआई बलराज की टीम ने गांव पाडला और धनौरी में सर्च अभियान चलाया। इसके साथ ही थाना ढांड प्रभारी एसआई बहादुर सिंह की अगुवाई में गांव कौल में भी संदिग्ध नशा तस्करों के ठिकानों पर जांच की गई। पुलिस टीमों ने घरों की बारीकी से छानबीन की ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कहीं कोई मादक पदार्थ या गैरकानूनी गतिविधियां तो संचालित नहीं हो रही हैं। गांव धनौरी से आरोपी महिपाल के घर की तलाशी के दौरान 33 बोतल देशी शराब और 20 बोतल हथकड़ी शराब सहित कुल 53 बोतल अवैध शराब बरामद की गई है। पुलिस ने आरोपी महिपाल के खिलाफ थाना सदर में मामला दर्ज कर लिया है। एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने स्पष्ट किया है कि नशा बेचकर अर्जित की गई अवैध संपत्ति की भी जांच की जा रही है और उसे नियमों के तहत अटैच किया जाएगा।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

चीका क्षेत्र से गांजा तस्कर गिरफ्तार

एक अन्य कार्रवाई में सीआईए गुहला पुलिस ने थाना चीका क्षेत्र के अंतर्गत एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सीआईए गुहला प्रभारी इंस्पेक्टर संदीप कुमार के मार्गदर्शन में पीएसआई दीपक कुमार की टीम उधम सिंह चौक चीका से पुरानी अनाज मंडी के पास गश्त पर थी। पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि बिहार का रहने वाला अमित कुमार कैथल रोड स्थित राइस मिल में मजदूरी करता है और गांजा बेचने का धंधा भी करता है। सूचना के आधार पर अमरनाथ राइस मिल के पास एक बंद पड़े मकान के बाहर खड़े आरोपी अमित कुमार को पुलिस ने घेराबंदी करके दबोच लिया। मौके पर पहुंचे एईटीओ कैथल रोहित कुमार के समक्ष ली गई तलाशी में आरोपी के पास से एक पॉलिथीन से 1 किलो 322 ग्राम गांजा फूल पत्ती बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ थाना चीका में मामला दर्ज करके एसआई रामफल द्वारा उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

गौवंश तस्करी के दो मामलों में तीन आरोपी काबू

जिला पुलिस ने गौवंश तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए थाना शहर और थाना कलायत क्षेत्रों में दो अलग-अलग मामलों दर्ज किए हैं। इन मामलों में पुलिस ने कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनकी कब्जे से दो गाड़ियां तथा चार बैल बरामद किए हैं। पहले मामले में धनौरी बाईपास-पाडला रोड पर रेलवे अंडरपास के पास एक महिंद्रा वीरो गाड़ी को शक के आधार पर रोका गया। गाड़ी की तलाशी के दौरान उसमें दो बैल लदे हुए मिले और चालक मयंक ठाकुर तथा गाड़ी में बैठे कमलेश राय को गिरफ्तार कर लिया गया। इस मामले में थाना शहर में केस दर्ज किया गया है। दूसरे मामले में प्योदा निवासी अमन की सूचना पर खरक पांडवा टोल के पास एक अन्य महिंद्रा वीरो गाड़ी को रुकवाया गया, जिसमें दो बैल ले जाए जा रहे थे। गाड़ी के चालक अमर यादव को मौके पर काबू कर लिया गया और थाना कलायत में महिला पीएसआई मनीषा की टीम ने मामला दर्ज करके आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस द्वारा दोनों मामलों में आगामी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Share:

Comments

Leave a comment