कैथल पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध शराब तस्कर, सट्टा खाईवाल काबू, न्यायिक परिसरों की सुरक्षा जांची और भारी वाहनों की एंट्री पर रोक

कैथल पुलिस ने अवैध शराब तस्करों और अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया है। एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के आदेशानुसार अलग-अलग मामलों में कार्रवाई की गई है। इस दौरान शराब तस्करों, सट्टा खाईवाल को काबू किया गया है, न्यायिक परिसरों की सुरक्षा जांची गई है और भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर नया आदेश जारी किया गया है।
अवैध शराब तस्करों पर कैथल पुलिस का शिकंजा
अवैध शराब तस्करों के खिलाफ एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के आदेशानुसार विशेष अभियान चलाया गया। अलग-अलग 10 मामलों में 9 आरोपियों को काबू किया गया है। जबकि एक आरोपी पुलिस पार्टी को देखकर मौका से फरार हो गया। पुलिस द्वारा आरोपियों के कब्जे से 180 लीटर लाहण तथा 426 बोतल व एक पव्वा अवैध शराब बरामद की गई। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पहले मामले में थाना सिविल लाइन पुलिस के एचसी इकबाल की टीम द्वारा एक गुप्त सूचना के आधार पर गली नंबर 4 बलराज नगर कैथल से आरोपी हरसोला निवासी जयभगवान को काबू किया गया। जिसके कब्जे से कुल 30 बोतल देसी शराब बरामद हुई।
दूसरे मामले में थाना ढांड पुलिस की एएसआई जरनैल सिंह की टीम द्वारा नजदीक पंचमुखी चौक ढांड स्थित एक दुकान पर दबिश देकर आरोपी ढांड निवासी रुलदु को काबू किया गया। जिसके कब्जे में प्लास्टिक कट्टे से एक पेटी में 13 बोतल देशी शराब बरामद हुई। तीसरे मामले में पुलिस चौकी अनाज मंडी कैथल की एसआई बलवान सिंह की टीम द्वारा रेलवे स्टेशन से सैंसी बस्ती की तरफ आने वाले रास्ते पर नाकाबंदी करके आरोपी जाखोली अड्डा कैथल निवासी राजेन्द्र कुमार को काबू किया गया। जिसके कब्जे से प्लास्टिक कट्टे में 16 बोतल ठेका देशी शराब बरामद हुई।
चौथे मामले में चौकी सगंतपुरा पुलिस के एचसी बलराज की टीम द्वारा गांव सांघन से गांव गुहणा रोड पर नाकाबंदी करके आरोपी किच्छाना निवासी बलराज को उसकी ब्रेजा गाड़ी सहित काबू किया गया। गाड़ी की तलाशी दौरान कुल 276 बोतल शराब बरामद हुई। पांचवें मामले में पुलिस चौकी क्योड़क थाना सदर की एएसआई सलिंदर की टीम द्वारा बलवंती रोड क्योड़क, राधा स्वामी सत्संग भवन के पास से आरोपी नौच निवासी रामेश्वर को काबू किया गया। जिसके कब्जे से प्लास्टिक कैनी में 25 बोतल नाजायज देशी शराब बरामद हुई।
छठे मामले में थाना सदर पुलिस के एचसी जोगिंद्र सिंह की टीम द्वारा गांव छौत से गांव गुहणा की तरफ आने वाली सड़क पर नाकाबंदी करके आरोपी गुहणा निवासी कुलदीप को काबू किया गया। जिसके कब्जे से प्लास्टिक थैले में 14 बोतल देशी शराब बरामद हुई। सातवें मामले में थाना पूंडरी पुलिस के एएसआई नरेंद्र कुमार व पीएसआई मंजित की टीम द्वारा गांव दुसैण निवासी गुरपेज सिंह के मकान पर दबिश दी गई। जहां मकान के अंदर बने बाथरूम में रखे प्लास्टिक ड्रम से करीब 180 लीटर लाहण बरामद हुआ। पुलिस द्वारा आरोपी गुरपेज सिंह को काबू कर लिया गया।
आठवें मामले में थाना राजौंद पुलिस के एचसी आशीष की टीम द्वारा राजौंद से पाई भाणा रोड बने ढ़ाबा पर दबिश देकर आरोपी सेरधा निवासी सुखविंद्र को काबू किया गया। जिसके कब्जे में ढाबे के अंदर बने कमरे से 13 बोतल ठेका देशी शराब बरामद हुई। नौवें मामले में थाना सीवन पुलिस के एएसआई नरेश कुमार की टीम द्वारा ककेहड़ी से कांगथली रोड पर नाकाबंदी करके आरोपी ककेहड़ी निवासी गुरमीत सिंह को काबू किया गया। जिसके कब्जे से मोटरसाइकिल पर बंधे कट्टे में रखी कैनी से 23.25 बोतल नाजायज शराब बरामद हुई।
दसवें मामले में थाना तितरम पुलिस के एचसी प्रदीप की टीम द्वारा गांव जखोली निवासी धर्मबीर उर्फ काकु के मकान पर दबिश दी गई। पुलिस पार्टी को देखकर धर्मबीर उर्फ काकु मौका से भाग गया। उसके मकान की तलाशी दौरान रसोई में रखे सफेद रंग के प्लास्टिक पीपे से 16 बोतल हथकढ़ी नाजायज देशी शराब बरामद हुई। सभी मामलों में आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग मामले दर्ज करके पुलिस द्वारा नियमानुसार आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
थाना कलायत पुलिस द्वारा सट्टा खाईवाली कर रहा आरोपी काबू
सट्टा खाईवाली का धंधा करने वाले अपराधियों की धरपकड़ के लिए एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के आदेशानुसार चलाई जा रही मुहिम तहत थाना कलायत पुलिस द्वारा सट्टा खाईवाली कर रहा आरोपी काबू कर लिया गया। जिसके कब्जे से 2080 रुपये नकदी बरामद हुई। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि थाना कलायत पुलिस प्रभारी पीएसआई अमन कुमार की अगुवाई में एएसआई राजीव कुमार की टीम द्वारा एक गुप्त सूचना के आधार पर गांव मटौर में बड़सीकरी बस अड्डा के पास सरेआम सड़क पर खङा होकर सरेआम सट्टा खाईवाली कर रहा आरोपी गांव मटौर निवासी संदीप कुमार को योजनाबद्ध तरीके से दबिश देकर काबू किया गया। जिसके कब्जे से 2080 रुपए बरामद हुए। आरोपी के खिलाफ थाना कलायत में मामला दर्ज करके नियमानुसार आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
न्यायिक परिसर में कैथल व गुहला में पुलिस व डॉग स्क्वाड टीम के साथ सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
जिला पुलिस द्वारा कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने तथा आमजन में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सोमवार को गुहला कोर्ट व मंगलवार को स्थानीय न्यायिक परिसर कैथल में सीआईए कैथल की टीम व डॉग स्क्वाड टीम के साथ सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। इस दौरान पुलिस की विभिन्न टीमों ने डॉग स्क्वाड के साथ न्यायिक परिसर गुहला व कैथल के सीसीटीवी कैमरे, मैन गेट व प्रत्येक हिस्से की गहन जांच करते हुए सुरक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। न्यायिक परिसर में मौजूद लोगों को सुरक्षा संबंधी आवश्यक जानकारी देते हुए जागरूक किया गया।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की कि यदि कहीं भी कोई लावारिस वस्तु, संदिग्ध व्यक्ति अथवा किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो उसे नजरअंदाज न करें और तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दें। इस अवसर पर डीएसपी मुख्यालय बीरभान ने बताया कि सोमवार को गुहला कोर्ट व मंगलवार को स्थानीय न्यायिक परिसर कैथल में सीआईए कैथल की टीम व डॉग स्क्वाड टीम के साथ सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। जिसमें प्रत्येक हिस्से की गहनता से जांच की गई। पुलिस और जनता के सहयोग से ही अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। यदि प्रत्येक नागरिक सतर्क रहकर समय पर पुलिस को सूचना देगा, तो किसी भी संभावित आपराधिक घटना को समय रहते रोका जा सकता है। डीएसपी बीरभान ने नागरिकों से पुलिस को अपना मित्र मानते हुए किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत साझा करने की अपील की। उन्होंने कहा कि कैथल पुलिस आमजन की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार ऐसे अभियान चलाए जाते रहेंगे।
कैथल शहर में भारी वाहनों की एंट्री सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक रहेगी बंद
थाना ट्रैफिक प्रभारी इंस्पेक्टर रमेश कुमार ने यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने तथा आमजन को जाम की समस्या से राहत दिलाने के उद्देश्य से एडवाइजरी जारी की है। उन्होंने बताया कि कैथल शहर के अंदर आने वाले भारी वाहनों की एंट्री सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक बंद रहेगी। यह व्यवस्था शहर में यातायात के बढ़ते दबाव को नियंत्रित करने तथा सड़क पर आवागमन को सुगम बनाने के लिए लागू की गई है। ट्रैफिक प्रभारी ने बताया कि भारी वाहन चालक निर्धारित समय के दौरान शहर के अंदर प्रवेश न करें और अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए शहर के बाहर से होकर निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें।
आवश्यक वस्तुओं की सप्लाई अथवा अन्य विशेष परिस्थितियों में आने वाले वाहनों के संबंध में यातायात पुलिस द्वारा जारी निर्देशों का पालन करना अनिवार्य होगा। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेड, डायवर्सन एवं यातायात संकेतों का पालन करें और किसी भी स्थिति में प्रतिबंधित समय के दौरान शहर में भारी वाहन लेकर प्रवेश न करें। इंस्पेक्टर रमेश कुमार ने कहा कि यातायात व्यवस्था बनाए रखना केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक वाहन चालक और आम नागरिक का भी दायित्व है। वाहन चालक निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाएं, गलत दिशा में वाहन न चलाएं, रेड लाइट का पालन करें तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें। दोपहिया वाहन चालक हेलमेट तथा चारपहिया वाहन चालक सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि यातायात नियमों का पालन कर पुलिस का सहयोग करें। नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। यातायात पुलिस का मुख्य उद्देश्य शहर में सुरक्षित, व्यवस्थित एवं सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखना है।