कैथल में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: डेरे से चरस बरामद, अवैध शराब, हेरोइन तस्कर और चोरी के आरोपी गिरफ्तार

कैथल में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: डेरे से चरस बरामद, अवैध शराब, हेरोइन तस्कर और चोरी के आरोपी गिरफ्तार

अटल हिन्द की इस विशेष रिपोर्ट में कैथल जिले में पुलिस द्वारा की गई विभिन्न आपराधिक मामलों की कार्रवाई के बारे में जानकारी दी जा रही है। कैथल जिले के विभिन्न थानों की पुलिस द्वारा अपराधों और अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। इस दौरान न्यायालय के आदेश पर डेरा बाबा राजपुरी में सर्च अभियान चलाया गया, अवैध शराब और हेरोइन तस्करी के मामलों में आरोपियों को काबू किया गया, मकान में चोरी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया तथा प्लाट पर कब्जा करने की नीयत से जानलेवा हमला करने के मामले में पांचवें आरोपी को भी दबोच लिया गया।

डेरा बाबा राजपुरी में सर्च अभियान के दौरान चरस बरामद

न्यायालय के आदेश पर डेरा बाबा राजपुरी में थाना सदर पुलिस का सर्च अभियान चलाया गया। थाना सदर क्षेत्र के गांव बाबा लदाना में स्थित डेरा बाबा राजपुरी में थाना सदर पुलिस प्रभारी एसआई कुलदीप कुमार की टीम द्वारा न्यायालय के आदेश पर डेरा में तलाशी अभियान चलाया गया। हत्या के मामले में बंदी महंत दुजपुरी उर्फ धर्मेंद्र के विश्राम कक्ष से 639 ग्राम चरस (सुल्फा) बरामद किया गया है। डीएसपी बीर भान ने बताया कि ड्यूटी मजिस्ट्रेट तहसीलदार कैथल रविन्द्र सिंह, हल्का पटवारी ईश्वर सिंह, कानूनगो राजेश, डीएसपी मुख्यालय कैथल बीर भान तथा थाना सदर प्रभारी एसआई कुलदीप सिंह की टीम न्यायालय के आदेश पर डेरा में तलाशी लेने के लिए राजपुरी मंदिर बाबा लदाना पहुंची। तलाशी के दौरान गांव के लोग भी डेरा परिसर में मौजूद थे। सबसे पहले डेरा में बने महंत दुजपुरी के कक्ष की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कक्ष से सोने-चांदी के गहने, रुपयों की माला, कागजात, तलवार तथा एक लाइसेंसी बंदूक मिली, जिन्हें ड्यूटी मजिस्ट्रेट ने अपने अधिकार क्षेत्र में लिया। इसके बाद महंत दुजपुरी के विश्राम कक्ष की तलाशी ली गई। कमरे में बनी अलमारी अंदर बने डोर के भीतर एक पॉलीथिन बरामद हुई, जिसमें काले रंग का नशीला पदार्थ मिला। जांच करने पर पदार्थ चरस (सुल्फा) पाया गया। जिसे मौके पर मौजूद लोगों ने भी सूंघकर इसके चरस होने की पुष्टि की। लोगों ने बताया कि उक्त कक्ष में महंत दुजपुरी उर्फ धर्मेंद्र रहते थे और किसी अन्य व्यक्ति को वहां आने की अनुमति नहीं थी। यह भी बताया गया कि महंत दुजपुरी नशा करने तथा चरस बेचने का आदी था। बरामद चरस का वजन करने पर पॉलीथिन सहित कुल 639 ग्राम वजन पाया गया। जिस बारे थाना सदर में मामला दर्ज कर लिया गया। आरोपी महंत दुजपुरी डेरा के ही एक महंत की हत्या करने के मामले में जिला कैथल जेल में बंद हैं। पुलिस द्वारा आरोपी के खिलाफ नियमानुसार आगामी कार्यवाही अमल में लाई जा रही हैं।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

अवैध शराब तस्करी के मामलों में दो आरोपी काबू

अवैध शराब तस्करों व अवैध शराब खुर्दों पर एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के आदेशानुसार जिला पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में अलग अलग 2 मामलों में 2 आरोपियों को 21.25 बोतल शराब सहित काबू कर लिया गया। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पहले मामले में थाना सीवन पुलिस के एचसी बलजीत सिंह की टीम द्वारा गश्त दौरान एक गुप्त सूचना मिलने उपरांत कक्हेड़ी रोड कांगथली पर नाकाबंदी करके आरोपी गाँव भौपर निवासी महाबीर को काबू कर लिया गया। जांच दौरान आरोपी के कब्जे में प्लास्टिक कट्टे से 8.25 बोतल हथकड़ी शराब बरामद हुई। दूसरे मामले में थाना शहर कैथल पुलिस के एएसआई जोरा सिंह की टीम द्वारा एक गुप्त सूचना के आधार पर चीका रोड कैथल स्थित एक दुकान पर दबिश देकर आरोपी पट्टी अफगान कैथल निवासी राजदीप उर्फ विक्की को काबू कर लिया गया। जांच दौरान दुकान में रखी गत्ता पेटियों से 13 बोतल देशी शराब बरामद हुई। दोनों आरोपियों के खिलाफ अलग अलग थाना में अलग अलग मामले दर्ज करके पुलिस द्वारा नियमानुसार आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

मकान में चोरी के मामले में सीआईए-1 पुलिस द्वारा तीन आरोपी गिरफ्तार

चीका क्षेत्र में मकान से आभूषण, नकदी व अन्य सामान चोरी करने के मामले में त्वरित कार्रवाई की गई है। सीआईए-1 पुलिस प्रभारी एसआई जसवंत सिंह की अगुवाई में एचसी पवन कुमार की टीम द्वारा आरोपी चीका निवासी विशेष, विशाल व एक महिला आरोपिया रेखा को काबू कर लिया गया। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि वार्ड नंबर 17 अमर सिटी पेहोवा रोड चीका निवासी तैयब अली की शिकायत अनुसार वह 28 अगस्त को अपने परिवार सहित अपनी ससुराल गया हुआ था। 29 अगस्त की सुबह करीब 6:30 बजे उसके पड़ोसी ने फोन करके बताया कि उसके मकान का गेट खुला हुआ है तथा ताला टूटा हुआ है। सूचना मिलने पर तैयब अली ने अपने दोस्त प्रवीन को मकान पर भेजा, जिसने मौके पर जाकर देखा कि मकान का ताला टूटा हुआ था तथा अंदर अलमारी का दरवाजा भी टूटा हुआ था। अलमारी से 32 चांदी के सिक्के, चांदी का सैट, पाजेब, सोने का बच्चे का लॉकेट, सोने के दो ईयररिंग, करीब 10 से 20 हजार रुपये नकद, एक घड़ी, बच्चे के खेलने सहित अन्य सामान कोई अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया। जिस बारे थाना चीका में मामला दर्ज कर लिया गया। व्यापक पूछताछ के लिए आरोपी विशेष व विशाल का न्यायालय से 3 दिन व रेखा का 2 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया हैं।

एंटी नारकोटिक सेल द्वारा हेरोइन सहित आरोपी काबू

एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के दिशा-निर्देशों के अनुसार नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कार्रवाई की गई है। एंटी नारकोटिक सेल कैथल ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को 6.36 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) सहित काबू किया है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि एंटी नारकोटिक सेल कैथल प्रभारी एसआई प्रदीप कुमार की अगुवाई में एसआई जयभगवान सिंह की टीम रात्री गश्त के दौरान कैथल शहर में अपराध की रोकथाम व संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर रही थी। इसी दौरान जींद रोड नाका कैथल के पास एक विश्वसनीय गुप्त सूचना प्राप्त हुई। सूचना के अनुसार ट्रांसपोर्ट नगर कैथल के पास रजबाहा वाले रास्ते पर एक युवक मोटरसाइकिल पर बैठा हुआ है, जिसके पास काफी मात्रा में हेरोइन (चिट्टा है और वह नशीला पदार्थ बेचने की फिराक में है। सूचना विश्वसनीय होने के कारण पुलिस टीम द्वारा तुरंत कार्रवाई करते हुए ट्रांसपोर्ट नगर रजबाहा पुलिया के पास दबिश दी गई। जहां बताए गए हुलिये के अनुसार मोटरसाइकिल पर बैठे युवक को काबू कर लिया गया। जिसकी पहचान गांव दुसैन निवासी कर्मबीर सिंह के रूप में हुई। पुलिस सूचना उपरांत मौके पर पहुंचे ईटीओ कैथल प्रमोद कुमार के समक्ष नियमानुसार ली गई तलाशी दौरान आरोपी के कब्जे से 6.36 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुआ। जिस बारे थाना शहर में मामला दर्ज कर मौके पर पहुंचे एसआई बलराज द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी को अदालत के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

प्लाट पर कब्जा करने की नीयत से हमले के मामले में पांचवां आरोपी गिरफ्तार

कलायत क्षेत्र में प्लाट पर कब्जा करने की नीयत से जानलेवा हमला करने के मामले में कार्रवाई की गई है। सीआईए-1 पुलिस प्रभारी एसआई जसवंत सिंह की टीम ने पांचवां आरोपी कलायत निवासी नवीन को गिरफ्तार किया है। मामले में पुलिस द्वारा पहले ही 4 आरोपियों को गिरफ्तार किए जा चुके है। डीएसपी कलायत रोहताश ने बताया कि वार्ड नंबर 12 कलायत निवासी शीशपाल की शिकायत पर थाना कलायत में मामला दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता के अनुसार रेलवे रोड कलायत स्थित एक प्लाट को लेकर आरोपियों के साथ विवाद चल रहा था। आरोप है कि प्लाट पर कब्जा करने के उद्देश्य से आरोपियों द्वारा फर्जी दस्तावेज तैयार किए गए तथा निर्माण कार्य में बाधा पहुंचाई गई। शिकायत के अनुसार 1 जुलाई 2026 की रात शीशपाल व उसकी पत्नी माया देवी प्लाट पर मौजूद थे। इसी दौरान कुछ आरोपी दीवार फांदकर प्लाट में घुस आए और निर्माण को नुकसान पहुंचाया। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई तथा जान से मारने की धमकी दी गई। बाद में रात करीब 2 बजे रेलवे रोड स्थित मोरवी नंदन अस्पताल के पास आरोपियों ने शीशपाल व उसकी पत्नी का रास्ता रोक लिया। आरोप है कि सतबीर उर्फ सोनू रैबारी व उसके साथी ने शीशपाल पर डंडों से हमला कर उसे घायल कर दिया। घायल को पहले सरकारी अस्पताल कलायत तथा बाद में सरकारी अस्पताल कैथल रेफर किया गया। जिस बारे थाना कलायत में मामला दर्ज किया गया था। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी नवीन भी उक्त वारदात में शामिल था। आरोपी नवीन अपने अन्य साथी राकेश उर्फ राकू, प्रवीन उर्फ डुली, सलीम व अन्य के साथ मिलकर किसी कमजोर आदमी के प्लाट पर जबरन कब्जा करने, जबरन वसूली करने, धोखाधड़ी करने सहित अन्य वारदातों को अंजाम देने का एक संगठित गिरोह चला रहे है। आरोपी को अदालत के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

Share:

Comments

Leave a comment