कैथल पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध हथियारों के साथ पांच अलग-अलग मामलों में पांच आरोपी गिरफ्तार

कैथल पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध हथियारों के साथ पांच अलग-अलग मामलों में पांच आरोपी गिरफ्तार

कैथल पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन हथियार के तहत पांच अलग-अलग मामलों में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार देशी कट्टे, एक 32 बोर देशी पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। यह पूरी कार्रवाई एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ और अपराध शाखा कलायत की टीमों द्वारा अलग-अलग स्थानों पर की गई है। अवैध हथियार लेकर घूम रहे आरोपियों के संबंध में पुलिस टीमों को गुप्त सूचनाएं मिली थी। इन गुप्त सूचनाओं के आधार पर पुलिस टीमों ने नाकाबंदी और दबिश देकर सभी पांचों आरोपियों को काबू कर लिया है।

पहली कार्रवाई: मलकपुर निवासी मणिकांत भारद्वाज 315 बोर के कट्टे के साथ गिरफ्तार

कैथल में अवैध हथियारों के खिलाफ पहली कार्रवाई एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ की टीम द्वारा की गई। टीम ने 152-डी हाईवे के नीचे करनाल-कैथल मार्ग पर एक युवक को काबू किया है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि यह युवक अपने पास अवैध हथियार लेकर बैठा हुआ है। तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक देशी कट्टा बरामद किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान मलकपुर, जिला बागपत, उत्तर प्रदेश निवासी मणिकांत भारद्वाज के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना पूंडरी में मामला दर्ज करके उसे गिरफ्तार कर लिया है।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

दूसरी कार्रवाई: कलायत बाईपास से जींद निवासी आर्यन अवैध हथियार समेत काबू

दूसरी कार्रवाई भी एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ की टीम द्वारा कलायत बाईपास स्थित रामगढ़ चौशाला रोड कट के पास नाकाबंदी करके की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक अवैध हथियार लेकर वहां खड़ा है। पुलिस टीम को मौके पर देखकर वह युवक पैदल ही हाईवे की ओर जाने लगा। लेकिन सतर्क पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे तुरंत पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से 315 बोर का एक देशी कट्टा बरामद हुआ है। आरोपी की पहचान कर्मगढ़, जिला जींद निवासी आर्यन के रूप में हुई है। पुलिस ने थाना कलायत में मामला दर्ज करके आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

तीसरी कार्रवाई: कैथल-कुरुक्षेत्र रोड पर 32 बोर की पिस्टल और कारतूस के साथ सौरभ गिरफ्तार

तीसरी कार्रवाई कैथल-कुरुक्षेत्र रोड पर 152-डी हाईवे पुल के नीचे अंजाम दी गई। एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ की टीम ने वहां संदिग्ध अवस्था में घूम रहे एक युवक को काबू किया है। यह युवक नरवाना की मोर पट्टी का रहने वाला सौरभ है। पुलिस ने जब उसकी तलाशी ली तो उसके कब्जे से 32 बोर की एक देशी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सदर में मामला दर्ज करके उसे गिरफ्तार कर लिया है।

चौथी कार्रवाई: कलायत बाईपास स्थित आईटीआई चौक से साहिल गिरफ्तार

चौथी कार्रवाई अपराध शाखा कलायत की टीम द्वारा कलायत बाईपास स्थित आईटीआई चौक के पास की गई। पुलिस ने एक गुप्त सूचना के आधार पर मोटरसाइकिल पर सवार होकर आ रहे एक युवक को रास्ते में रोककर उसकी तलाशी ली। पुलिस ने युवक की जींस की जेब से 315 बोर का एक देशी कट्टा बरामद किया है। इस आरोपी की पहचान जींद के उचाना निवासी साहिल के रूप में हुई है। पुलिस ने इस आरोपी के खिलाफ भी थाना कलायत में मामला दर्ज कर लिया है।

पांचवीं कार्रवाई: राजौंद-कैथल सड़क से टीटू अवैध हथियार और कारतूस सहित काबू

पांचवीं और अंतिम कार्रवाई विशेष जांच इकाई की टीम द्वारा राजौंद-कैथल सड़क पर किच्छाना कुई बस अड्डे के पास की गई। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कोटड़ा वाली सड़क पर दबिश दी और संजय बस्ती, चीका निवासी टीटू को काबू कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नियमानुसार मामला दर्ज करके उसे गिरफ्तार कर लिया है।

Share:

Comments

Leave a comment