कैथल पुलिस की बड़ी कार्रवाई: नशीला पदार्थ, अवैध हथियार और चोरी के सामान सहित कई आरोपी गिरफ्तार, सुरक्षा बढ़ाई गई

कैथल पुलिस की बड़ी कार्रवाई: नशीला पदार्थ, अवैध हथियार और चोरी के सामान सहित कई आरोपी गिरफ्तार, सुरक्षा बढ़ाई गई

जिला पुलिस द्वारा नशा तस्करों और अपराधियों के खिलाफ एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के आदेशानुसार लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत कलायत पुलिस ने परचून दुकान की आड़ में गांजा बेचने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट ने अवैध देशी कट्टा और कारतूस सहित एक अन्य युवक को काबू किया है। इसके अलावा एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टॉफ ने केबल और तांबे के तार चोरी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आगामी 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस समारोह के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह से अलर्ट मोड पर रखा गया है।

परचून दुकान की आड़ में गांजा बेचने वाला आरोपी गिरफ्तार

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

थाना कलायत पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए गांव चौशाला स्थित लक्ष्मी करियाणा स्टोर पर दबिश दी। दुकान संचालक सुरेश निवासी चौशाला को 506 ग्राम गांजा फूलपत्ती सहित काबू किया गया है। कंचन पाण्डया, ईटीओ कैथल के समक्ष ली गई तलाशी के दौरान दुकान के काउंटर की निचली दराज में रखे पॉलिथीन से यह नशीला पदार्थ बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ थाना कलायत में मामला दर्ज करके एसआई विक्रम द्वारा उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी पर पहले भी शराब तस्करी के दो मामले दर्ज हैं और उससे व्यापक पूछताछ की जा रही है।

अवैध देशी कट्टा और जिंदा कारतूस सहित आरोपी काबू

विशेष अभियान के तहत स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट ने राजौंद क्षेत्र से एक आरोपी को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। राजौंद-कैथल सड़क पर किच्छाना कुई बस अड्डे के पास कोटड़ा रोड पर संदिग्ध हालत में खड़े युवक को पुलिस टीम ने पकड़ा। आरोपी की पहचान टीटू निवासी वार्ड नंबर संजय बस्ती, चीका के रूप में हुई है। जांच के दौरान आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक देशी कट्टा और एक कारतूस बरामद हुआ है। आरोपी के खिलाफ थाना राजौंद में मामला दर्ज कर एएसआई जसबीर सिंह द्वारा उसे गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के खिलाफ पहले भी लड़ाई-झगड़ा और शराब तस्करी के करीब 5 मामले दर्ज हैं।

समर्सिबल ट्यूबवेल और दुकान से केबल चोरी के दो आरोपी गिरफ्तार

एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टॉफ ने दुकान और खेतों से समर्सिबल ट्यूबवेल की केबल चोरी करने वाले दो आरोपियों को काबू किया है। धौंस निवासी बीरभान की शिकायत के अनुसार उसकी दुकान की खिड़की तोड़कर अज्ञात चोरों ने तार, स्क्रैप और पुरानी केबल चोरी की थी। इसके अलावा अमरीक सिंह के खेतों से भी ट्यूबवेल की बिजली की केबल काटी गई थी। इस मामले में पुलिस ने पूंडरी निवासी दीपक और फतेहपुर निवासी विक्रम उर्फ विक्की को गिरफ्तार किया है। आरोपी दीपक के खिलाफ चोरी और नशा तस्करी के करीब 5 मामले दर्ज हैं। आरोपियों के कब्जे से 63 किलो 800 ग्राम तांबा तार और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद की गई है।

स्वतंत्रता दिवस समारोह के मद्देनजर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर

15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह जिला में पुलिस लाइन, कलायत और गुहला में धूमधाम से मनाया जाएगा। एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने जिला के सभी नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी है और सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए जाने की जानकारी दी है। आमजन और वीआईपी की सुरक्षा के लिए पुलिस चप्पे-चप्पे पर पैनी निगाह रख रही है। सभी थाना प्रबंधकों द्वारा सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर होटल, लॉज, धर्मशाला और धार्मिक स्थानों की सघन जांच की जा रही है तथा वहां ठहरे लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।

Share:

Comments

Leave a comment