कैथल में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 720 किलो अवैध पटाखे, 238 ग्राम अफीम और अवैध पिस्तौल के साथ आरोपी गिरफ्तार

कैथल में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 720 किलो अवैध पटाखे, 238 ग्राम अफीम और अवैध पिस्तौल के साथ आरोपी गिरफ्तार

कैथल में पुलिस ने अपराध और नशे के खिलाफ विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। पुंडरी पुलिस ने अवैध रूप से 720 किलोग्राम चटर-पटर पटाखे रखने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट ने चीका क्षेत्र से 238 ग्राम अफीम के साथ एक नशा तस्कर और कलायत क्षेत्र से 315 बोर के अवैध देसी कट्टे व एक जिंदा कारतूस के साथ एक अन्य आरोपी को काबू किया है। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए शहर, तितरम और सदर थाना क्षेत्रों में पुलिस द्वारा विशेष पैदल गश्त भी की गई है।

पुंडरी में 720 किलोग्राम अवैध पटाखे बरामद

चौंकी पुंडरी पुलिस के एएसआई संजय कुमार की टीम ने अवैध रूप से पटाखे रखने और बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस टीम ने आरोपी गांव करोड़ा हाल चीमा कॉलोनी पुंडरी निवासी कृष्ण कुमार को काबू किया है। पुलिस चौकी पूंडरी की टीम गश्त के दौरान अनाज मंडी पुंडरी के पास मौजूद थी। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कृष्ण कुमार 40 फुटा रोड के पास बिना किसी लाइसेंस और परमिट के चटर-पटर छोटे पटाखे तैयार करके गत्ता पेटियों में पैक कर बेचने के लिए ले जाने वाला है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम और फायर दमकल पुंडरी इंचार्ज दर्शन सिंह ने चीमा कॉलोनी पुंडरी 40 फुटा रोड पर एक खाली प्लाट में दबिश दी। वहां काफी मात्रा में गत्ता पेटियां रखी हुई मिलीं। मौके पर मौजूद एक व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगा, जिसे टीम ने काबू कर लिया। जांच के दौरान कुल 100 पेटियां चटर-पटर छोटे पटाखों से भरी हुई मिलीं। आरोपी कोई लाइसेंस या परमिट पेश नहीं कर सका। सभी पेटियों का वजन करवाने पर 720 किलोग्राम पाया गया। आरोपी के खिलाफ थाना पुंडरी में विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई की जा रही है।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

कैथल के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस की पैदल गश्त

कानून व्यवस्था को मजबूत करने और आमजन में सुरक्षा की भावना बढ़ाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के आदेशानुसार मंगलवार की शाम थाना शहर, थाना तितरम तथा थाना सदर क्षेत्र में विशेष पैदल गश्त की गई। थाना शहर एसएचओ इंस्पेक्टर गीता की टीम ने कैथल शहर में, थाना तितरम एसएचओ इंस्पेक्टर रमेश कुमार की टीम ने तितरम में तथा सदर एसएचओ एसआई कुलदीप की टीम ने गांव पाडला व जगदीशपुर में फुट पेट्रोलिंग की। पुलिस टीम की मौजूदगी से आमजन में सुरक्षा का विश्वास मजबूत हुआ और असामाजिक तत्वों में भय पैदा हुआ। गश्त के दौरान पुलिस टीमों ने कई जगह होटल और ढाबा चालकों को किसी भी प्रकार का नशीला पदार्थ न बेचने की चेतावनी दी। नागरिकों को ट्रैफिक नियमों की पालना करने के लिए जागरूक किया गया। आमजन को नशे के दुष्परिणामों के बारे में बताया गया और लोगों से अपील की गई कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और आसपास भी नशे को बढ़ावा न दें। युवाओं को विशेष रूप से नशे से बचने और स्वस्थ जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस ने चेतावनी दी कि नशे का अवैध कारोबार करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

चीका क्षेत्र से 238 ग्राम अफीम के साथ नशा तस्कर गिरफ्तार

स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट कैथल ने चीका क्षेत्र से एक नशा तस्कर को 238 ग्राम अफीम सहित काबू किया है। स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट प्रभारी इंस्पेक्टर सुनील कुमार की अगुवाई में एसआई बिजेन्द्र सिंह की टीम चीका के उद्यम सिंह चौक पर गश्त कर रही थी। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि वार्ड नंबर 11 गुहला निवासी देवीलाल नशीला पदार्थ अफीम बेचने का धंधा करता है और वह अफीम सप्लाई करने के लिए गोगा मैड़ी के गेट के सामने मोटरसाइकिल पर आने वाला है। पुलिस टीम ने गोगा मैड़ी के पास निगरानी शुरू की और कुछ देर बाद एक युवक मोटरसाइकिल पर आता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने आरोपी को मोटरसाइकिल सहित काबू कर लिया, जिसकी पहचान वार्ड नंबर 11 गुहला निवासी देवीलाल के रूप में हुई। नायब तहसीलदार गुहला बलराज सिंह के समक्ष ली गई तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से प्लास्टिक पन्नी से 238 ग्राम अफीम बरामद हुई। थाना चीका में मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

कलायत क्षेत्र से अवैध देसी कट्टा और कारतूस के साथ आरोपी काबू

स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट कैथल ने एक आरोपी को 315 बोर के एक अवैध देसी कट्टे और एक जिंदा कारतूस सहित काबू किया है। स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट प्रभारी इंस्पेक्टर सुनील कुमार की अगुवाई में एचसी अनिल कुमार की टीम गश्त के दौरान कलायत बाईपास पर मौजूद थी। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कलायत से बालू की तरफ जाने वाली सड़क पर जम्मू कटरा पुल के नीचे एक युवक अवैध देसी पिस्तौल लिए किसी वाहन या व्यक्ति के इंतजार में खड़ा है। पुलिस टीम ने दबिश दी और सूचना के हुलिये वाले युवक को जम्मू कटरा पुल के नीचे देखा। पुलिस गाड़ी को नजदीक आते देखकर युवक बालू की तरफ तेज कदमों से जाने लगा, जिसे संदिग्ध मानते हुए टीम ने काबू कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम गांव बालू हाल राजनगर कॉलोनी कैथल निवासी गुरमीत उर्फ जग्गु बताया। तलाशी के दौरान आरोपी की जींस पेंट की जेब से 315 बोर का एक अवैध देसी पिस्तौल और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ थाना कलायत में मामला दर्ज कर लिया गया है।

Share:

Comments

Leave a comment