कैथल पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ट्यूबवेल केबल चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के 2 आरोपी काबू, शराब और हेरोइन तस्कर भी गिरफ्तार

कैथल पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ट्यूबवेल केबल चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के 2 आरोपी काबू, शराब और हेरोइन तस्कर भी गिरफ्तार

कैथल पुलिस द्वारा संपत्ति विरुद्ध अपराधियों पर एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के आदेशानुसार लगातार शिकंजा कसा जा रहा है। इसी कड़ी में खेतों से ट्यूबवेल की तार चोरी करने के मामले में सीआईए कलायत द्वारा अंतरराज्यीय चोर गिरोह में शामिल 2 आरोपियों को काबू किया गया है। दोनों आरोपी हरियाणा, पंजाब व यूपी में खेतों से तार व अन्य सामान चोरी की करीब 30 वारदातों को अंजाम दे चुके हैं।

डीएसपी रोहताश ने बताया कि गांव किछाना निवासी मनोज कुमार की शिकायत अनुसार 31 अगस्त की रात करीब 3 बजे उसके तथा उसके खेत पड़ोसी राजेश व जगबीर के खेतों से अज्ञात व्यक्ति ट्यूबवेल की केबल चोरी कर ले गए। इसके अलावा 28 अगस्त को भी उसके खेत से केबल चोरी हुई थी। जिस बारे थाना राजौंद में मामला दर्ज कर लिया गया था। क्षेत्र में खेतों से सामान चोरी की बढ़ रही वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए एसपी मनप्रीत सिंह सूदन द्वारा सीआईए कलायत को जल्द से जल्द आरोपियों को काबू करने के आदेश दिए गए थे।

इन आदेशों पर खरा उतरते हुए सीआईए कलायत प्रभारी एएसआई मनीष कुमार की अगुवाई में एचसी देवेंद्र सिंह की टीम द्वारा आरोपी गांव जखौली निवासी सुरेंद्र उर्फ मुन्ना तथा साहिल उर्फ पिंदा को काबू कर लिया गया। दोनों आरोपी शातिर किस्म के हैं। सीआईए कलायत पुलिस द्वारा एक महीने की कड़ी मेहनत करके दोनों आरोपियों को काबू किया गया है। व्यापक पूछताछ के लिए दोनों आरोपियों का न्यायालय से एक दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया था।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

रिमांड अवधि के दौरान पूछताछ उपरांत आरोपियों ने हरियाणा के कैथल, जींद, करनाल, पंजाब के खनोरी पातड़ा तथा हरियाणा बॉर्डर के लगते यूपी के खेतों से चोरी करने की करीब 30 वारदातों को अंजाम देना कबूल किया है। जिनमें आरोपियों द्वारा तार, हुक्का तथा खेत कोठा से अन्य सामान चोरी किया गया है। इसमें जिला कैथल के खेतों से तार व अन्य सामान चोरी की कुल 8 वारदातें सुलझी हैं। आरोपी बाइक पर खेतों की रेकी करते थे तथा खेत में कोई दिखाई ना देने पर रात के समय चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। आरोपियों के कब्जे से चोरीशुदा तार, अन्य सामान तथा वारदात में प्रयुक्त पल्सर बाइक बरामद कर ली गई है तथा आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

सीआईए कलायत पुलिस ने 14 बोतल देशी शराब सहित आरोपी को किया काबू

जिला पुलिस द्वारा अवैध शराब तस्करों पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है। इसी कड़ी में सीआईए कलायत पुलिस द्वारा एक आरोपी को 14 बोतल देशी शराब सहित काबू कर लिया गया है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सीआईए कलायत के एएसआई मंजीत सिंह व सिपाही विजय कुमार की टीम द्वारा एक गुप्त सूचना के आधार पर कलायत बाईपास आईटीआई चौक के पास नाकाबंदी कर बाइक पर सवार होकर आए संदिग्ध गांव मटौर निवासी मुकेश को काबू किया गया।

जांच के दौरान बाइक की तेल की टंकी पर रखे प्लास्टिक के कट्टे से 14 बोतल देशी शराब बरामद हुई है। आरोपी के खिलाफ थाना कलायत में मामला दर्ज करके पुलिस द्वारा नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जा रही है।

चौकी रामथली पुलिस द्वारा बैग चोरी के मामले में दो आरोपी काबू, नकदी और बाइक बरामद

एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के आदेशानुसार अपराधियों पर शिकंजा कसते हुए थाना गुहला क्षेत्र में एक व्यक्ति का बैग चोरी करने के मामले में रामथली चौकी पुलिस द्वारा 2 आरोपियों को काबू कर लिया गया है। डीएसपी सुशील प्रकाश ने बताया कि गांव धर्मपुरा निवासी बलदेव सिंह की शिकायत के अनुसार वह ट्रक चालक का काम करता है। 27 अगस्त को वह पातड़ा से माता गुजरी चौक खरंका तक एक अज्ञात व्यक्ति के मोटरसाइकिल पर लिफ्ट लेकर आया था।

करीब 9 बजे वह माता गुजरी चौक खरंका से पैदल सड़क की साइड जा रहा था। इसी दौरान पेट में दर्द होने के कारण उसने अपने कपड़ों का बैग सड़क किनारे रख दिया और खेतों में लघुशंका के लिए चला गया। लघुशंका करने के बाद जब वह वापस बैग की तरफ आ रहा था, तभी खरंका की तरफ से मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक आए और सड़क किनारे रखा बैग चोरी करके मौके से फरार हो गए। मोटरसाइकिल पर कोई नंबर प्लेट नहीं लगी हुई थी, जिसके बारे में थाना गुहला में मामला दर्ज किया गया था।

उक्त मामले में चौकी रामथली प्रभारी एएसआई राजेश कुमार की टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी गांव सतराणा जिला पटियाला पंजाब निवासी सोनू राम पुत्र दयालु राम तथा सोनू राम पुत्र जीता राम को काबू कर लिया गया। व्यापक पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों के कब्जे से चोरीशुदा बैग, 13 हजार रुपये तथा अन्य 4 चोरीशुदा बाइक बरामद कर ली गई हैं।

आरोपियों ने उक्त वारदात में प्रयुक्त बाइक सहित एक बाइक नरवाना जिला जींद तथा 3 बाइक पंजाब से चोरी करनी कबूल की हैं। आरोपी सोनू राम पुत्र दयालु राम पर लड़ाई-झगड़े व चोरी के 7 मामले तथा आरोपी सोनू राम पुत्र जीता राम पर चोरी का एक मामला दर्ज है। दोनों आरोपियों को अदालत के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

एंटी नारकोटिक सेल द्वारा हेरोइन सप्लायर गिरफ्तार, भेजा गया जेल

एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के आदेशानुसार नशा तस्करों की जड़ तक पहुंचकर नशा सप्लाई करने वालों पर शिकंजा कसते हुए एंटी नारकोटिक सेल प्रभारी एसआई प्रदीप कुमार की अगुवाई में एएसआई रोहताश की टीम द्वारा हेरोइन सप्लायर आरोपी गांव क्योड़क निवासी सुनील कुमार उर्फ अनिल कुमार को काबू कर लिया गया है।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 6 सितंबर को एंटी नारकोटिक सेल के एएसआई जगभान सिंह की टीम द्वारा करनाल रोड छोटू राम चौक कैथल के पास से गांव दुसैन निवासी संदीप उर्फ सोना को काबू किया गया था। जिसके कब्जे से 7.03 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई थी। आरोपी के खिलाफ थाना सिविल लाइन में मामला दर्ज करके आगामी जांच एएसआई रोहताश द्वारा अमल में लाई गई।

आगामी जांच के दौरान यह खुलासा हुआ कि संदीप को यह हेरोइन आरोपी सुनील कुमार उर्फ अनिल द्वारा उपलब्ध करवाई गई थी। आरोपी को न्यायालय के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

Share:

Comments

Leave a comment