कैथल पुलिस का नशा और अवैध शराब तस्करों पर बड़ा प्रहार, गांजा, अफीम और लाहण सहित कई आरोपी काबू

कैथल जिला पुलिस द्वारा नशा मुक्त जिला अभियान के तहत एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के कुशल नेतृत्व में नशा तस्करों और अवैध शराब तस्करों के खिलाफ लगातार कड़ी कार्रवाई की जा रही है। इस विशेष अभियान के तहत पुलिस ने अलग-अलग मामलों में भारी मात्रा में गांजा, अफीम, अवैध देसी शराब, लाहण बरामद करने के साथ ही कई आरोपियों और भगोड़े आरोपियों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है।
सीआईए-1 पुलिस ने 21 किलो 50 ग्राम गांजा सहित एक आरोपी किया काबू
सीआईए-1 कैथल प्रभारी एसआई जसवंत सिंह की अगुवाई में एएसआई गुरदान सिंह की टीम अपराध एवं नशीले पदार्थों की रोकथाम के लिए बस अड्डा गांव धनौरी पर मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस टीम को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि गांव धमतान साहिब जिला जींद निवासी बलवन्त उर्फ विनोद गांजा फूल पत्ती बेचने का काम करता है और आज गांव दाता सिंह वाला की तरफ से पैदल गांजा लेकर धनौरी की तरफ आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गांव धनौरी से दाता सिंह वाला रोड पर नाकाबंदी कर निगरानी शुरू की। नाकाबंदी के दौरान दाता सिंह वाला की तरफ से सिर पर वजनदार कट्टा लेकर पैदल आ रहे व्यक्ति को रोककर काबू किया गया। पूछताछ में उसकी पहचान बलवन्त उर्फ विनोद निवासी धमतान साहिब जिला जींद के रूप में हुई। पुलिस सूचना पाकर मौके पर पहुंचे उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय कैथल बीर भान के समक्ष ली गई तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से प्लास्टिक के कट्टे से 21 किलो 50 ग्राम गांजा फूलपत्ती बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ थाना सदर कैथल में मामला दर्ज करके एएसआई रघुबीर सिंह द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के खिलाफ पहले से थाना गढी जिला जींद में नशा तस्करी का 1 मामला व लड़ाई झगड़ा के 2 मामले दर्ज हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा और पूछताछ जारी है।
अवैध शराब तस्करों पर पुलिस का शिकंजा, 3 मामलों में 3 आरोपी गिरफ्तार
अवैध शराब तस्करों पर एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के आदेशानुसार शिकंजा कसते हुए जिला पुलिस ने अलग-अलग 3 मामलों में 3 आरोपियों को काबू किया है। पहले मामले में थाना सीवन पुलिस के एसआई सुभाष सिंह की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर डेरा कुचिया निवासी अवतार सिंह के मकान पर दबिश देकर आरोपी अवतार सिंह को काबू किया। जांच के दौरान मकान के अंदर प्लास्टिक के नीले रंग के ड्रम से करीब 100 लीटर लाहण बरामद हुआ। दूसरे मामले में पुलिस चौकी अनाज मंडी कैथल के पीएसआई मन्नु की अगुवाई में एसआई रमेश कुमार की टीम ने डेहा बस्ती, अनाज मंडी कैथल में दबिश देकर वार्ड नंबर 25 अनाज मंडी कैथल निवासी सिकंदर उर्फ पिकां को काबू किया। जांच दौरान आरोपी के कब्जे से प्लास्टिक के कट्टे से 15 बोतल ठेका देशी शराब बरामद हुई। एक अन्य मामले में एंटी नारकोटिक सैल कैथल के एसआई जयभगवान की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर गांव जाखौली निवासी दयाराम के मकान पर दबिश देकर आरोपी दयाराम को काबू किया। जांच के दौरान आरोपी के पास रखे प्लास्टिक कट्टे से 3 पेटी यानी 36 बोतल देसी शराब बरामद हुई। तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में आबकारी अधिनियम के तहत अलग-अलग मामले दर्ज करके नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जा रही है।
रामथली चौकी पुलिस ने खरकां क्षेत्र से 22.83 ग्राम अफीम सहित आरोपी दबोचा
कैथल में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चौकी रामथली पुलिस ने खरकां क्षेत्र से एक आरोपी को 22.83 ग्राम अफीम सहित काबू करने में सफलता हासिल की है। पुलिस चौकी रामथली प्रभारी एएसआई राजेश कुमार की अगुवाई में एएसआई जयपाल सिंह की टीम गश्त के दौरान गांव खरकां से सागरा रोड पर माता गुजरी चौक खरकां के पास मौजूद थी। इस दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि संसार सिंह निवासी चट्ठा गोबिन्दपुरा जिला संगरूर पंजाब अपने पास नाजायज असला रखता है और मोटरसाइकिल पर सवार होकर गांव खरकां की तरफ आने वाला है। सूचना पर रेडिंग पार्टी का गठन कर सागरा जाने वाली सड़क पर नाकाबंदी की गई। सागरा की तरफ से मोटरसाइकिल पर आ रहे संदिग्ध व्यक्ति ने पुलिस को देखकर मोटरसाइकिल वापस मोड़कर भागने का प्रयास किया, जिसे पुलिस टीम ने तत्परता से काबू कर लिया। पूछताछ में आरोपी की पहचान संसार सिंह निवासी चट्ठा गोबिन्दपुरा जिला संगरूर पंजाब के रूप में हुई। नियमानुसार तलाशी लेने पर मोटरसाइकिल पर बंधे काले रंग के बैग से काले रंग के पॉलीथिन में पारदर्शी पन्नी से 22.83 ग्राम अफीम बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ थाना गुहला में मामला दर्ज कर एएसआई भान सिंह द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी को अदालत में पेश किया जाएगा।
अलग-अलग मामलों में 2 भगोड़े आरोपी भी गिरफ्तार
पीओ और बेलजंपरों की धरपकड़ के लिए एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के आदेशानुसार चलाई जा रही मुहिम के तहत जिला पुलिस ने अलग-अलग मामलों में 2 भगोड़े आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पीओ पकड़ो स्टाफ के एएसआई महा सिंह द्वारा आरोपी संदीप निवासी चासवाली जिला पटियाला पंजाब को गिरफ्तार किया गया। आरोपी संदीप को 21 अगस्त 2022 को चौकी हरनौली पुलिस द्वारा पटियाला कम्हेडी रोड से 12 बोतल देसी शराब सहित काबू किया गया था। थाना चीका में दर्ज इस मामले में आरोपी न्यायालय से जमानत मिलने के बाद पेश नहीं हुआ, जिसके बाद माननीय न्यायालय द्वारा 11 जून 2026 को उसे पीओ घोषित किया गया था। एक अन्य मामले में चौकी हरनौली पुलिस के एचसी कुलबीर द्वारा गांव कल्लर माजरा निवासी अशोक कुमार को गिरफ्तार किया गया। यह आरोपी वर्ष 2023 के दौरान चेक बाउंस के मामले में माननीय अदालत द्वारा 17 फरवरी 2026 को पीओ घोषित किया गया था। पुलिस द्वारा दोनों के खिलाफ नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जा रही है।