कैथल पुलिस की बड़ी कार्रवाई: एंटी नारकोटिक सेल ने दो नशा तस्करों को प्रतिबंधित गोलियों और नशीले घोल के साथ किया काबू

कैथल पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के कुशल नेतृत्व में लगातार शिकंजा कसा जा रहा है। इसी अभियान के तहत एंटी नारकोटिक सेल कैथल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को प्रतिबंधित नशीली गोलियों तथा नशीली दवाई से तैयार किए गए घोल सहित काबू किया है। आरोपियों के कब्जे से 11 पत्ते ऐडनोक की कुल 110 गोलियां, 641 ग्राम नशीली दवाई का घोल, 13 खाली छोटी शीशियां तथा 3 सिरिंज बरामद की गई हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नशीले पदार्थों की तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी कब्जे में लिया है।
नशा तस्करी का खुलासा और गिरफ्तारी
डीएसपी बीर भान ने जानकारी देते हुए बताया कि एंटी नारकोटिक सेल प्रभारी एसआई प्रदीप कुमार की अगुवाई में एएसआई जसमेर सिंह की टीम रात्रिकालीन गश्त दौरान ढांड चौक से पुलिस लाइन कैथल की तरफ मौजूद थी। पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि प्रीत तथा अंकुश दोनों निवासी पेहवा काफी समय से कैथल में आकर प्रतिबंधित नशीली गोलियों को पशुओं की लिक्विड दवाई में मिलाकर नशीला घोल तैयार करते हैं। यह घोल छोटी प्लास्टिक की शीशियों में भरकर नशा करने वाले व्यक्तियों को बेचा जाता है। पुलिस टीम ने ग्योंग की ओर जाने वाले रास्ते पर रेलवे लाइन के पास दबिश देकर हीरो स्प्लेंडर बाइक पर बैठे दोनों संदिग्ध युवकों को काबू कर लिया।
तलाशी और बरामदगी
पुलिस सूचना उपरांत मौके पर पहुंचे डीएसपी रमेश चन्द्र के समक्ष की गई जांच व तलाशी के दौरान युवक प्रीत की पहनी हुई लोयर की जेब से 11 पत्ते ऐडनोक बुप्रेनोरफिन की कुल 110 गोलियां बरामद हुईं। अंकुश के कब्जे से एक प्लास्टिक की बोतल में 641 ग्राम नशीला घोल, 13 खाली छोटी प्लास्टिक शीशियां तथा 3 सिरिंज बरामद की गईं। दोनों युवकों ने पूछताछ में बताया कि वे पशुओं की दवाई में नशीली गोलियां मिलाकर नशीला घोल तैयार करते हैं और छोटी शीशियों में भरकर 100 रुपये में एक छोटी शीशी व एक सिरिंज बेचते हैं। ड्रग कंट्रोल ऑफिसर द्वारा भी बरामद गोलियों को प्रतिबंधित बताते हुए एनडीपीएस एक्ट के दायरे में आने की पुष्टि की गई। थाना सिविल लाइन में मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई जारी है।
भेड़ चोरी मामले का भगोड़ा आरोपी काबू
पीओ/बेलजंपरो की धरपकड़ के लिए एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के आदेशानुसार चलाई जा रही मुहिम के तहत पीओ पकड़ो स्टाफ द्वारा वर्ष 2023 दौरान थाना राजौंद क्षेत्र अंतर्गत के एक भेड़ चोरी मामले में भगोड़े आरोपी को काबू किया गया है। आरोपी प्रदीप गांव साहनपुर जिला जींद हाल खुराना रोड़ कैथल का रहने वाला है। आरोपी प्रदीप पर अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर 1 फरवरी 2023 को गांव रोहेड़ा से 5 भेड़ चोरी करने का आरोप है। न्यायालय द्वारा उसे 31 जुलाई 2026 को पीओ घोषित किया गया था।
सीआईए गुहला की कार्रवाई में हेरोइन बरामद
जिला पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सीआईए गुहला पुलिस ने खरकां-उरलाना रोड से एक आरोपी को 6 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) सहित काबू किया है। आरोपी की पहचान खरकां निवासी लवप्रीत के रूप में हुई है। ईटीओ कैथल दीपक दत्त के समक्ष ली गई तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से यह नशीला पदार्थ बरामद हुआ। थाना गुहला में मामला दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।