कैथल में नशे की तस्करी पर पुलिस का बड़ा शिकंजा, हेरोइन और डोडा पोस्त सप्लायर गिरफ्तार

कैथल में नशे की तस्करी पर पुलिस का बड़ा शिकंजा, हेरोइन और डोडा पोस्त सप्लायर गिरफ्तार

कैथल जिले में नशे की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अलग-अलग मामलों में एक हेरोइन तस्कर को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही पहले पकड़े गए डोडा पोस्त के मामले की जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने मुख्य सप्लायर को भी दबोच लिया है। दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में कानूनी कार्रवाई की गई है।

कलायत बाईपास पर पकड़ा गया हेरोइन तस्कर

एंटी नारकोटिक सेल की टीम ने कलायत बाईपास क्षेत्र में नाकाबंदी की थी। नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने एक मोटरसाइकिल सवार युवक को 7.14 ग्राम हेरोइन के साथ पकड़ा है। आरोपी की पहचान नरवाना की भगत सिंह कॉलोनी निवासी राहुल के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार एंटी नारकोटिक सेल प्रभारी एसआई प्रदीप कुमार की अगुवाई में एसआई बलराज सिंह की टीम कलायत बाईपास पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि राहुल मोटरसाइकिल पर हेरोइन लेकर किसी को सप्लाई करने के लिए क्षेत्र में आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस ने नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी थी। कुछ देर बाद नरवाना की ओर से एक मोटरसाइकिल आती हुई दिखाई दी। पुलिस ने चालक को रुकने का इशारा किया तो उसने बाइक मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन सतर्क टीम ने उसे दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से पन्नी में 7.14 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी की मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया है। आरोपी राहुल के खिलाफ थाना कलायत में मामला दर्ज किया गया है। इसके बाद उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

डोडा पोस्त मामले में सप्लायर तक पहुंची पुलिस

सीआईए गुहला पुलिस ने डोडा पोस्त की सप्लाई करने के आरोप में एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान पंजाब के पटियाला जिले के गांव चिचड़वाला निवासी हरदीप सिंह के रूप में हुई है। यह कार्रवाई उस मामले की आगे की जांच के दौरान की गई है, जिसमें 10 सितंबर को पुलिस ने 1 किलो 202 ग्राम डोडा पोस्त के साथ दो युवकों को पकड़ा था। सीआईए गुहला की टीम ने घग्गर पटरी उरलाना के पास नाकाबंदी के दौरान बाइक सवार दो युवकों को काबू किया था। पकड़े गए युवकों की पहचान गांव अगौंध निवासी गुरमीत सिंह और थेह बुटाना निवासी बलजीत सिंह के रूप में हुई थी। तलाशी के दौरान उनके पास से 1 किलो 202 ग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ था। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना गुहला में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी। जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण जानकारी हाथ लगी। पुलिस को पता चला कि बरामद डोडा पोस्त उन्हें हरदीप सिंह ने उपलब्ध कराया था। इस अहम जानकारी के आधार पर पुलिस ने मुख्य सप्लायर हरदीप सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी हरदीप सिंह को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment