कैथल में चोरी, नशा तस्करी और अवैध शराब के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कई आरोपी गिरफ्तार

Team Atal Hind11 August 20264 min read13 viewsकैथल
कैथल में चोरी, नशा तस्करी और अवैध शराब के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कई आरोपी गिरफ्तार

कैथल पुलिस द्वारा जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान थाना ढांड पुलिस ने एलसीडी व बैटरी चोरी मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि सीआईए गुहला और एंटी नारकोटिक सैल कैथल ने नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चिट्टा और गांजा बरामद किया है। इसके अलावा अवैध शराब तस्करों पर शिकंजा कसते हुए पुलिस ने लाहण और हथकड़ी शराब बरामद की है और वाहनों पर एचएसआरपी नंबर प्लेट अनिवार्य की गई है।

ढांड पुलिस ने एलसीडी व बैटरी चोरी मामले में पकड़ा आरोपी

कैथल जिला पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी दी कि चोरी करने वाले आरोपियों की धरपकड़ के लिए एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के आदेशानुसार चलाई जा रही मुहिम के तहत थाना ढांड पुलिस ने चोरी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। गांव ढांड निवासी अजय कुमार की शिकायत के अनुसार 31 जुलाई 2026 को शाम करीब 4:50 बजे उनके कार्यालय बाला डिजिटल केबल विजन, ढांड से एक 32 इंच एलसीडी तथा बैटरी अज्ञात व्यक्ति चोरी करके ले गया था, जिसके संबंध में थाना ढांड में मामला दर्ज किया गया था। इस मामले की जांच थाना ढांड एसएचओ एसआई शक्ति सिंह की अगुवाई में एचसी जरनैल की टीम द्वारा करते हुए आरोपी गांव टिकरी जिला कुरुक्षेत्र निवासी गुरजिता उर्फ गुर दित्ता को काबू कर लिया गया है। इस मामले में पहले एक अन्य आरोपी करण पाल सिंह को गिरफ्तार किया जा चुका है। आरोपी गुरजिता के खिलाफ जिला कुरुक्षेत्र व कैथल में पहले भी चोरी के करीब 6 मामले दर्ज हैं और व्यापक पूछताछ के लिए आरोपी का न्यायालय से पुलिस रिमांड हासिल किया गया है।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

सीआईए गुहला और एंटी नारकोटिक सैल ने पकड़े दो नशा तस्कर

जिला पुलिस द्वारा नशा मुक्त जिला अभियान के तहत एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के कुशल नेतृत्व में नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की गई है। सीआईए गुहला व एंटी नारकोटिक सैल कैथल द्वारा नशा तस्करी के अलग-अलग दो मामलों में दो आरोपियों को काबू कर लिया गया है, जिनके कब्जे से 6.08 ग्राम चिट्टा/हेरोइन व 1 किलो 504 ग्राम गांजा फूल पत्ती बरामद हुआ है। पहले मामले में सीआईए गुहला प्रभारी इंस्पेक्टर संदीप की अगुवाई में पीएसआई सनेश की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि जसपाल सिंह निवासी मुरादपुर जिला पटियाला पंजाब नशीला पदार्थ चिट्टा/हेरोइन पंजाब से लाकर हरियाणा में बेचता है। पुलिस टीम ने समाना से रजवाहा पटरी पर नाकाबंदी करके संदिग्ध मोटरसाइकिल चालक जसपाल सिंह को काबू किया। मौके पर पहुंचे एईटीओ कैथल जतिन कुमार के समक्ष तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 6.08 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुआ, जिसके खिलाफ थाना गुहला में मामला दर्ज करके एएसआई रामविलास द्वारा उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी जसपाल के खिलाफ पहले भी नशा तस्करी का एक मामला दर्ज है। दूसरे मामले में एंटी नारकोटिक सैल कैथल प्रभारी एसआई प्रदीप कुमार की अगुवाई में एसआई जय भगवान की टीम ने रंजनी कॉलोनी कैथल में गुप्त सूचना के आधार पर दबिश देकर लक्ष्मण कुमार निवासी गांव काले नरपत जिला समस्तीपुर बिहार हाल किरायेदार रंजनी कॉलोनी कैथल को काबू किया। एईटीओ कैथल जतिन कुमार के समक्ष तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 1 किलो 504 ग्राम गांजा फूलपत्ती बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ थाना शहर कैथल में मामला दर्ज करके एसआई रमेश चंद्र द्वारा उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा।

अवैध शराब तस्करों पर कैथल पुलिस का शिकंजा और एचएसआरपी नंबर प्लेट अनिवार्य

अवैध शराब तस्करों पर एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के आदेशानुसार शिकंजा कसते हुए जिला पुलिस ने अलग-अलग तीन मामलों में 13.5 बोतल हथकड़ी शराब तथा 275 लीटर लाहण बरामद किया है। एंटी नारकोटिक सैल कैथल के एएसआई राजेश कुमार की टीम ने नंदकरण माजरा निवासी दीपक के पुश बरामदा से 130 लीटर लाहण बरामद किया, जबकि थाना तितरम पुलिस के एचसी वजीर व एएसआई सुरेश की टीम ने तितरम निवासी संदीप के खेत में बने मकान से 145 लीटर लाहण बरामद किया जहां आरोपी फरार हो गया। इसके अलावा चौकी रामथली प्रभारी एएसआई राजेश कुमार की टीम ने डेरा बुराडी रामथली निवासी हरभजन सिंह के मकान से 13.5 बोतल हथकड़ी शराब बरामद करके आरोपी को काबू किया। तीनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामले दर्ज किए गए हैं। वहीं यातायात नियंत्रण व सड़क सुरक्षा के लिए पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन ने जिला वासियों से अपील की है कि वाहनों पर हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट यानी एचएसआरपी नंबर प्लेट अनिवार्य रूप से लगवाई जाए और बिना इसके चलने वाले वाहनों पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Share:

Comments

Leave a comment